घरेलू काम पर रखी प्रवासी महिला ने गहनों पर किए हाथ साफ, परिवार की सूझबूझ से टला बड़ा नुकसान

हिमाचल न्यूज़ | लेटेस्ट हिमाचल न्यूज़

विश्वास तोड़ा, लेकिन सतर्कता से बचा नुकसान

ऊना, वीरेंद्र बन्याल, हिमाचल नाऊ न्यूज: आज के समय में आंख मूंदकर किसी पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है। ऐसा ही एक मामला उप तहसील जोल की ग्राम पंचायत सोहारी में सामने आया, जहां एक परिवार ने घरेलू काम के लिए रखी प्रवासी महिला पर भरोसा किया, लेकिन उनकी सतर्कता से बड़ा नुकसान टल गया।

ईमानदारी की पहचान बनाई, फिर गहने चुरा लिए

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत सोहारी में एक परिवार ने अपने घर की सफाई के लिए एक प्रवासी महिला को रखा था। महिला ने परिवार में ईमानदार होने की पहचान बना ली थी, जिससे परिवारजन उस पर पूरी तरह विश्वास करने लगे। लेकिन कुछ दिनों बाद, महिला ने अलमारी में रखे गहनों पर हाथ साफ कर दिया। जब घरवालों को गहनों के गुम होने का पता चला तो उन्हें महिला पर शक हुआ। पूछताछ करने पर उसने चोरी से इनकार कर दिया और काम छोड़ दिया

निगरानी से चोरी का हुआ खुलासा

हालांकि, परिवार ने महिला पर निगरानी रखना जारी रखा। आज सुबह जब वह प्रवासी महिला अपने राज्य यूपी जाने के लिए सोहारी बाजार में खड़ी थी, तब उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान गुम हुए गहने उसी के पास से बरामद हो गए

पंचायत व पुलिस को दी गई जानकारी

इस मामले की सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान और पुलिस चौकी जोल को दी गई। पंचायत और पुलिस ने संदेह के आधार पर महिला के कमरे की भी तलाशी ली, लेकिन गहनों के अलावा कोई अन्य चोरी का सामान बरामद नहीं हुआ। पीड़ित परिवार को अपने गहने वापस मिल गए, और उन्होंने पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई।

पंचायत प्रधान संजीव संधू का बयान

सोहारी पंचायत के प्रधान संजीव संधू ने बताया कि गहनों की बरामदगी और महिला के माफी मांगने के बाद, साथ ही पीड़ित परिवार द्वारा कोई कानूनी कार्रवाई न करने के कारण, आगे कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि प्रवासी लोगों का स्थानीय पंचायत और पुलिस चौकी में सत्यापन करवाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।