नेहरू युवा केन्द्र जिला स्तरीय युवा सम्मेलन आयोजित

HNN/ सोलन

नेहरू युवा केन्द्र सोलन द्वारा जिला स्तरीय युवा सम्मेलन आज यहां आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव ने की। अजय कुमार यादव ने कहा कि युवा वर्ग का देश के विकास में अहम योगदान होता है। युवा वर्ग को जागरूक करना ही इस तरह के कार्यक्रमों का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर युवा वर्ग को इस तरह के आयोजनों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि युवा अपनी सकारात्मक ऊर्जा से देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को महात्मा गांधी द्वारा बताए गए अंहिसा के मार्ग को अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि नेहरू युवा केन्द्र की स्थापना वर्ष 1972 में हुई थी। युवाओं को संगठित करने में नेहरू युवा केन्द्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने में सहायक रहे शहीदों से प्रेरणा लेनी चाहिए। सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए विशेष प्रयास करने चाहिए।

कार्यक्रम में युवक मण्डल बोहली, कण्डाघाट, सोलन के प्रशिक्षण केन्द्रों के युवाओं सहित पांचों विकास खण्डों के युवक मण्डलों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान रोटरी क्लब के सचिव मनीष तोमर ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों तथा करियर के सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी प्रदान की। स्वयंसेवी संस्था के अभिषेक तनेजा ने जल बचाओ तथा ‘कैच दि रेन’ एवं फिलफोर्ट फोरम की उप प्रधान सुनीता ने ‘युवाओं की अपेक्षा’ विषय पर सारगर्भित चर्चा की।

नेहरू युवा केन्द्र की उपनिदेशक ईरा प्रभात ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। नेहरू युवा केन्द्र के लेखाधिकारी लेखराज कौशिक ने धन्यवाद किया। इस अवसर पर विभिन्न युवक मण्डलों के लगभग 120 युवाओं ने भाग लिया।


Posted

in

,

by

Tags: