पहाड़ों पर बर्फबारी, पर्यटकों के लिए बंद हुआ रोहतांग दर्रा, आज रेड अलर्ट….

HNN/ शिमला

रविवार को मौसम के करवट बदलते ही प्रदेश की पहाड़ियों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। प्रदेश के कई क्षेत्रों में झमाझम बादल बरसे। पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है जिससे समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। तो वहीं दूसरी तरफ रोहतांग दर्रे में भारी बारिश के चलते प्रशासन ने पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। लिहाजा अब जब तक प्रशासन के आदेश ना हो तब तक पर्यटक रोहतांग दर्रा नहीं जा सकते हैं।

वही खराब मौसम को देखते हुए रोहतांग दर्रा होकर मनाली-लेह मार्ग को बंद कर दिया गया है। कुल्लू से काजा और किलाड़ से चंबा रूट पर भी बस सेवा बंद कर दी गई है। बता दे बारालाचा, कुंजुम पास, मनाली, लाहौल-स्पीति, धौलाधार और चंबा की ऊंची चोटियों मकरवे, शिकरवे, सेवन सिस्टर पीक, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, पतालसू पीक, देउ टिब्बा, हनुमान टिब्बा, शेतीधार, दशोहर लेक, व्यास कुंड, मणिमहेश, कुगति, चौबिया, क्वारसी और जालसू में ताजा हिमपात हुआ है।

वहीं प्रदेश में आज भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के 5 जिलों में आगामी 24 घंटों के बीच बाढ़ आने की संभावना जताई है। विभाग ने कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, किन्नौर और शिमला में बाढ़ की चेतावनी जारी की है। इसको लेकर विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी किया गया है।


Posted

in

,

by

Tags: