ब्रॉडगेज से कांगड़ा के पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान: सांसद राजीव भारद्वाज

कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद राजीव भारद्वाज ने कहा है कि पठानकोट-जोगिन्दरनगर नैरोगेज रेल लाइन को ब्रॉडगेज में बदलना प्रदेश के पर्यटन विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना से हिमाचल प्रदेश के धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच और सुगम होगी।

कांगड़ा।


फिजिकल सर्वे और डीपीआर पूरी, रेलमंत्री से जल्द मुलाकात
नूरपुर में आयोजित एक प्रेसवार्ता में सांसद राजीव भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने संसद में इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया था और रेलमंत्री के साथ विस्तार से चर्चा की। इसके परिणामस्वरूप, पठानकोट-जोगिन्दरनगर रेल लाइन का फिजिकल सर्वे पूरा कर लिया गया है और इस ट्रैक पर बनने वाले सभी स्टेशनों की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) भी तैयार की जा चुकी है।


दीवाली के बाद रेलमंत्री से होगी विस्तृत चर्चा
सांसद ने कहा कि दीवाली के बाद वे रेलमंत्री से फिर मुलाकात करेंगे और परियोजना की आगे की प्रक्रिया पर चर्चा करेंगे। उन्होंने बताया कि अम्ब-अंदोरा तक ब्रॉडगेज ट्रैक तैयार है, जहाँ वंदे भारत ट्रेन वर्तमान में चल रही है। यदि इस ट्रैक को पठानकोट-जोगिन्दरनगर लाइन से जोड़ा जाता है, तो भविष्य में वंदे भारत ट्रेन का संचालन इस मार्ग पर भी संभव होगा।


पर्यटन और धार्मिक स्थलों को मिलेगा बढ़ावा
राजीव भारद्वाज ने कहा कि ब्रॉडगेज लाइन के शुरू होने से प्रदेश के धार्मिक स्थलों और पर्यटन केंद्रों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि माँ भगवती के विभिन्न शक्तिपीठों तक श्रद्धालु आसानी से पहुँच सकेंगे और प्रदेश के पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी।

उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर सांसद अनुराग ठाकुर के साथ भी उन्होंने चर्चा की है और उन्हें पूरा विश्वास है कि जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।