मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर में आयोजित चिट्टा विरोधी मेगा वॉकथॉन के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम की नादौन–हमीरपुर–घुमारवीं–दिल्ली वॉल्वो बस सेवा का शुभारंभ किया। इस नई सेवा से क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी दिल्ली तक सीधी, आरामदायक और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
हमीरपुर
रोजाना तय समय पर चलेगी वॉल्वो बस
इस वॉल्वो बस सेवा के तहत बस रोजाना सुबह 7 बजे नादौन से रवाना होगी। यह बस हमीरपुर से सुबह 8 बजे, घुमारवीं से 9 बजे और चंडीगढ़ से 11:40 बजे चलेगी, जबकि दिल्ली में शाम 4:40 बजे पहुंचेगी। वापसी यात्रा में यह बस दिल्ली से सुबह 8:30 बजे चलकर शाम 6:30 बजे नादौन पहुंचेगी।
सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और जन-सुलभ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए अब यात्रा शुल्क का भुगतान यूपीआई, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से भी किया जा सकता है।
नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड की सुविधा
उन्होंने बताया कि हिमाचल पथ परिवहन निगम देश का पहला राज्य परिवहन उपक्रम बन गया है, जिसने नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड सुविधा शुरू की है। इस कार्ड से दिल्ली मेट्रो, दिल्ली परिवहन निगम, हरियाणा रोडवेज और पश्चिम मुंबई सहित देश के विभिन्न हिस्सों में यात्रा की जा सकती है।
बस बेड़े में हो रहा है बड़ा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन निगम के बेड़े में 297 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। 25 नई अत्याधुनिक वॉल्वो बसों के शामिल होने से निगम में वॉल्वो बसों की संख्या बढ़कर 98 हो गई है। इसके अलावा 50 टेंपो ट्रैवलर और 24 सुपर लग्जरी बसें भी खरीदी गई हैं, जबकि 250 डीजल बसों, 100 मिनी बसों और चार क्रेनों की खरीद प्रक्रिया जारी है।
नए रूट और परमिट से बढ़ेगी कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश में 234 नए बस रूट स्वीकृत किए जा रहे हैं। साथ ही 18 सीटर तक के टेंपो ट्रैवलर वाहनों के संचालन के लिए 350 नए परमिट आवंटित करने की प्रक्रिया भी प्रगति पर है।
ग्रीन ट्रांसपोर्ट को मिल रहा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि हरित परिवहन को प्रोत्साहित करने के लिए छह ग्रीन कॉरिडोर पर 88 पेट्रोल पंपों और 41 स्थानों पर इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त राज्य के विश्राम गृहों, सरकारी कार्यालयों और अन्य स्थानों पर 310 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं, जबकि सार्वजनिक और निजी भागीदारी के तहत 41 अन्य स्थानों पर भी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे।

