लेटेस्ट हिमाचल प्रदेश न्यूज़ हेडलाइंस

मुख्यमंत्री ने निजी बस ऑपरेटर संघ के सम्मान समारोह को किया संबोधित, बोले-

SAPNA THAKUR | 13 मार्च 2022 at 10:31 am

Share On WhatsApp Share On Facebook Share On Twitter

HNN/ काँगड़ा

प्रदेश सरकार राज्य के निजी ट्रांसपोर्टरों की कठिनाइयों से अवगत है और सरकार ने इसके दृष्टिगत उन्हें अनेक रियायतें प्रदान की हैं। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कांगड़ा जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के दरगोला में हिमाचल प्रदेश निजी बस ऑपरेटर संघ के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में किफायती परिवहन संचालन को बढ़ावा देने के लिए स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार परिवहन योजना को स्वीकृति प्रदान की है।

इस योजना के तहत, बेरोजगार युवाओं को 18 सीटर तक की क्षमता वाली बसों के लिए रियायती कर दरों पर परमिट दिया जाएगा। इसके तहत 107 रूटों की पहचान कर उन्हें विज्ञापित किया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सुविधा प्रदान करने के लिए शीघ्र ही ऐसे अन्य रूटों को विज्ञापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कोविड-19 महामारी के दौरान ट्रांसपोर्टरों को हुई कठिनाइयों से अवगत है तथा इस महामारी के दौरान यह क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुआ है।

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

उन्होंने कहा कि सरकार ने इस महामारी के दौरान सभी कमर्शियल वाहनों के 100 प्रतिशत कर में राहत प्रदान की और कार्यशील पूंजी पर ब्याज सबवेंशन योजना के तहत स्टेज कैरिज ऑपरेटरों को अपनी बसों को सुचारू रूप से चलाने के लिए 11 करोड़ रुपये की ऋण राशि प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि राज्य ने बीस महीने के लिए कर राहत प्रदान की, जो संभवतः देश में अधिकतम है तथा इस दौरान ट्रांसपोर्टरों को लगभग 120 करोड़ रुपये के लाभ प्रदान किए गए।

जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान देश के विभिन्न भागों में फंसे लाखों युवाओं की घर वापसी में भी ट्रांसपोर्टरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में मॉडल करियर सेंटर खोलने की घोषणा की। उन्होंने कुथारना और तत्वानी में पशु औषधालय खोलने, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लंग के भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शाहपुर में इंडोर स्टेडियम निर्माण का मामला शीघ्र ही भारत सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।

उद्योग एवं परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन आवागमन का मुख्य साधन है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का ध्यान सदैव समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण पर केन्द्रित रहता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा इस महीने की चार तारीख को पेश किए गए अगले वित्तीय वर्ष के बजट में समाज के हर वर्ग के कल्याण और राज्य के हर क्षेत्र के विकास पर अधिक बल दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य का पारदर्शी एवं उत्तरदायी प्रशासन उद्यमियों को यहां निवेश करने के लिए आकर्षित कर रहा है।

बस संचालक संघ के अध्यक्ष राजेश पराशर ने ट्रांसपोर्टरों को वैश्विक महामारी कोरोना के कठिन दौर में आवश्यक राहत प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से ग्रीन टैक्स पर सेस हटाने का आग्रह किया। उन्होंने उनसे ऑपरेटरों के विभिन्न मामलों के निपटारे के लिए सिंगल विंडो आरम्भ करने का भी आग्रह किया।

📢 लेटेस्ट न्यूज़

हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!

Join WhatsApp Group

आपकी राय, हमारी शक्ति!
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया साझा करें


[web_stories title="false" view="grid", circle_size="20", number_of_stories= "7"]