शातिरों ने महिला से ठगे 4.70 लाख रूपए

HNN/ सराहां

जिला सिरमौर के सराहां में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। इस दौरान शातिर ने एक महिला को अपने झांसे में लिया तथा उसके खाते से लाखों रुपए उड़ा लिए। महिला को जब अपने साथ हुई ठगी का पता चला तो उसने पुलिस थाना पच्छाद में शिकायत दर्ज करवाई। वही पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी गई शिकायत में सराहां निवासी एक महिला ने बताया कि उसके खाते से किसी अज्ञात व्यक्ति ने 4.70 लाख रूपए निकाल लिए है। बताया कि उसके नंबर पर किसी अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई तथा उसने खुद को बैंक का कर्मचारी बताया। इस दौरान महिला ने कहा कि उसके गूगल पे से पैसे ट्रांसफर नहीं हो रहे है। जिस पर खुद को बैंक का कर्मचारी बताने वाले व्यक्ति ने महिला को कहा कि गूगल पे में कुछ दिक्कत के चलते आप ट्रांसेक्शन नहीं कर पा रही है।

इस दौरान उसने महिला को झांसे में लिया और एटीएम कार्ड से संबंधित सारी जानकारी हासिल कर ली। जिसके बाद शातिर ने महिला के खाते से 4 लाख 70 हजार रुपए निकाल लिए। जब महिला को बैंक से पैसे निकालने की भनक लगी तो वह तुरंत पुलिस थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। खबर की पुष्टि एसएचओ पच्छाद सुभाष कुमार ने की है।


Posted

in

,

by

Tags: