11 जनवरी से लापता चल रहे मनीष का यमुना से बरामद हुआ शव

HNN / पांवटा

जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में 11 जनवरी से लापता चल रहे युवक मनीष का शव आज यमुना नदी से बरामद हुआ है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  जानकारी के अनुसार 11 जनवरी को मनीष घर से निकलने के बाद सीधे चूड़ेश्वर कॉलोनी में रहने वाली महिला के घर गया था। 12 जनवरी को जब मनीष महिला के घर से निकला उसके बाद उसका फोन बंद आया।

पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मनीष की मूवमेंट को लेकर जानकारी हासिल की तो वह यमुना नदी की तरफ गया था। उसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को ड्रोन की मदद से गोताखोरों द्वारा यमुना नदी में तलाश शुरू की। आखिरकार शाम के समय मनीष का शव यमुना नदी से बरामद हो गया। वही मनीष की जेब से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है जो स्विच ऑफ पाया गया। गौरतलब है कि पुलिस मनीष की तलाश काफी दिनों से कर रही थी।

इतना ही नहीं पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने महिला व उसके भाइयों से भी कड़ी पूछताछ की और अपहरण का मामला दर्ज करवाया  था। उधर, पांवटा साहिब के डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने मनीष का शव बरामद होने की पुष्टि की है। उन्होंने माना कि सीसीटीवी फुटेज को क्रमबद्ध तरीके से खंगाला गया था। इसमें उसकी अंतिम लोकेशन यमुना की तरफ जाने वाले रास्ते की आई थी। वही , शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।


by

Tags: