Category: अवॉर्ड

  • अंडर-12 खेलकूद प्रतियोगिता में जयहर जोन बना ओवरऑल विजेता

    अंडर-12 खेलकूद प्रतियोगिता में जयहर जोन बना ओवरऑल विजेता

    डिप्टी डायरेक्टर ने सम्मानित किए विजेता खिलाड़ी

    HNN/ सराहां

    जिला सिरमौर के शिक्षा खंड नारग की खंड स्तरीय अंडर-12 खेलकूद प्रतियोगिता में जयहर जोन ने ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया है। प्राइमरी स्कूल वासनी में आयोजित इस प्रतियोगिता में ब्लॉक के नारग, सरसू, मानगढ़ व जयहर जोन के 70 स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया।  

    प्रतियोगिता की अध्यक्षता करते हुए बीईओ नारग जितेंद्र ठाकुर ने बताया कि समापन अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर सेकंडरी कर्मचंद धीमान ने बतौर मुख्यातिथि विजेताओं को पुरस्कार बांटे। इस मौके पर एक्स बीईओ नारग प्रेमदत्त शर्मा विशिष्ट अतिथि और पंचायत प्रधान संजीव तोमर, देवराज शर्मा, रविंद्र के अलावा विभिन्न स्कूलों से आए शिक्षक व बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।

    यह रहे विजेता

    खेलकूद प्रतियोगिता के 50 मीटर दौड़ बॉयज वर्ग में माणिक, आदित्य व अर्णव और गल्र्स वर्ग में आरुषि, सोनाली व मन्नत ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि 100 मीटर बॉयज में सूर्यांश, भूपेंद्र व आदित्य, गल्र्स में आरुषि, स्वातिका व तनवी, 200 मीटर बॉयज में माणिक, गोल्डी व सूर्यांश, गल्र्स में सोनाली, महक व सोनाक्षी और 1500 मीटर दौड़ के बॉयज वर्ग में गोल्डी, सूर्यांश व नक्ष और गल्र्स वर्ग में आरुषि, सोनाली व तन्वी ने पहला, दूसरा व तीसरा स्थान प्राप्त किया।

    शॉटपुट बॉयज में वंश पहले, यश दूसरे व नवीन तीसरे, जबकि गल्र्स में भूमिका पहले, सोनाली दूसरे व तान्या तीसरे स्थान पर रही। लांग जंप की बॉयज कैटेगरी में आदित्य, माणिक व सूर्यांश, गल्र्स वर्ग में आरुषि, मन्नत व हर्षिता और हाई जंप बॉयज में आदित्य, सूर्यांश व संदेश, जबकि गल्र्स वर्ग में आरुषि, हर्षिता व मन्नत ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया।

    बॉयज वर्ग में माणिक व सूर्यांश और गल्र्स वर्ग में आरुषि को बेस्ट एथलीट चुना गया। इसके अलावा सोलो सांग में अंशिका चौहान पहले व रीषिका दूसरे स्थान पर रही, जबकि भाषण प्रतियोगिता में आंचल पंवर, जाह्नवी शर्मा व स्वास्तिका अव्वल रही। ग्रुप सांग में जयहर जोन पहले व मानगढ़ जाने दूसरे स्थान पर रहा। लोकनृत्य में जयहर जोन, जबकि अनुशासन की ट्रॉफी नारग जोन के नाम रही।

  • हिमाचल: रैहन के युवा डॉ. रोहित को बाबा रामदेव ने किया सम्मानित

    हिमाचल: रैहन के युवा डॉ. रोहित को बाबा रामदेव ने किया सम्मानित

    HNN / धर्मशाला

    हिमाचल प्रदेश के जिला कागंड़ा के कस्बा रैहन से संबंध रखने वाले डॉ. रोहित शर्मा को हाल ही में पतंजलि अनुसंधान संस्थान (हरिद्वार) ने पतंजलि विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित विशेष चर्चा मंच प्लांट्स टू पेशेंट्स में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित किया। इस दौरान योग गुरु स्वामी रामदेव ने उन्हें सम्मानित किया। रोहित की इस उपलब्धि से उनके कस्बा सहित पूरे नूरपुर क्षेत्र में खुशी की लहर है।

    इससे पहले भी रोहित को शोध से संबंधित कार्यों के लिए गुजरात के राज्यपाल द्वारा स्वर्ण पदक एवं इंडियन नेशनल साइंस अकेडमी द्वारा यंग हिस्टोरियन ऑफ साइंस अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। वर्तमान में रोहित चिकित्सा विज्ञान संस्थान, बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में सहायक प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

    हाल ही में उन्हें आईएमएस बीएचयू रिसर्च पब्लिकेशन अवार्ड 2022 से नवाजा गया है। उनके अंतरराष्ट्रीय  स्तर पर 200 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हो चुके हैं।

  • हिमाचल के 4 पुलिस अधिकारी केंद्रीय गृह मंत्री पदक से सम्मानित…

    हिमाचल के 4 पुलिस अधिकारी केंद्रीय गृह मंत्री पदक से सम्मानित…

    HNN/ शिमला

    केंद्रीय गृह मंत्रालय भारत सरकार ने वर्ष 2021-22 के लिए पुलिस प्रशिक्षण में उत्कृष्टता के लिए हिमाचल प्रदेश के 4 पुलिस अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्री पदक से सम्मानित किया है। अधिकारियों में पुलिस अधीक्षक रमेश चंद्र छाजटा, सहायक निरीक्षक सत्तपाल, सहायक उप-निरीक्षक (आऊटडोर) कृष्ण चंद और मुख्य आरक्षी (आऊटडोर) कुलतार सिंह शामिल हैं।

    उधर, अधिकारियों की इस सफलता से पुलिस विभाग में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू के साथ ही अन्य विभागीय अधिकारियों ने चारों पुलिस अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्री पदक से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ये प्रदेश के लिए गर्व और प्रसन्नता का विषय है।

  • बीबीएन के ओम शर्मा को बेस्ट मोटिवेटर अवार्ड

    बीबीएन के ओम शर्मा को बेस्ट मोटिवेटर अवार्ड

    हमले, एफआईआर व मानहानि नोटिसों के आगे भी नहीं झुकता ओम- राम कुमार चौधरी

    HNN / बीबीएन


    प्रदेश की सबसे बड़ी हाऊसिंग सोसायटी दी शिवालिक कॉपोरेटिव हाऊस बिल्डिंग सोसायटी लिमिटेड ने बीबीएन के पत्रकार ओम शर्मा को बेस्ट मोटिवेटर के अवार्ड से सम्मानित किया। यह सम्मान उन्हें सोसायटी के मकान धारकों व सैंकड़ों लोगों के हित में समस्याएं उठाने व उनके निवारण के लिए सोसायटी को प्रेरित करने के लिए दिया गया।

    शिवालिक सोसायटी के प्रधान अच्छर पाल कौशल ने कहा कि ओम शर्मा लंबे समय से सोसायटी की समस्याओं को सरकार, प्रशासन व सोसायटी प्रबंधन के समक्ष उठा रहे हैं। उनमें से कई समस्याओं का निवारण भी हुआ है। उन्होंने कहा कि सोसायटी की सिक्योरिटी, लोगों की सुरक्षा, पार्कों व सड़कों के अलावा मकान धारकों की प्रशासन व भू विभाग से जुड़ी समस्याओं को उन्होंने अपनी कमल के माध्यम से जोरदार तरीके से हमेशा उठाया।

    जिससे प्रशासन व सोसायटी प्रबंधन ने लोगों से जुड़ी समस्याओं को हल करने में कदम उठाये। शिवालिक नगर के विकास में उनके प्रयास हमेशा सराहनीय रहे हैं और ओम शर्मा ने सोसायटी प्रबंधन को मोटिवेट सैंकड़ों लोगों के हित में काम किया। ओम शर्मा को बेस्ट मोटिवेटर की ट्रॉफी सोसायटी के वार्षिक सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे दून विधायक राम कुमार चौधरी ने प्रदान की।

    विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि बीबीएन में पत्रकारिता के क्षेत्र में ओम शर्मा पिछले 16 साल से सक्रिय हैं। उन्होनें हमेशा लीक से हटकर खनन माफिया, शराब, नशा व चिट्टा माफिया, कबाड़ माफिया, इंडस्ट्री प्रदूषण, पर्यावरण की रक्षा, मजदूरों के हितों की रक्षा समेत समाज व लोगों की भलाई के लिए आवाज बुलंद रखी है। सोसायटी ही नहीं बीबीएन के हित में उनकी कलम बेख़ौफ़ चलती है।

    राम कुमार चौधरी ने कहा कि ओम शर्मा पर कई बार आसमाजिक तत्वों ने हमला करने के भी प्रयास किये, लॉकडाउन में सरकार व प्रशासन की नाकामियों को बेनकाब करने पर 3 एफआईआर भी दर्ज की गई। लेकिन उन्होंने कभी डर के आगे सिर नहीं झुकाया और ईमानदारी से बेख़ौफ़ होकर हर चुनौती का सामना किया।

    ओम शर्मा ने इस सम्मान के लिए दून विधायक राम कुमार चौधरी, सोसायटी के अध्यक्ष अच्छर पाल कौशल व शिवालिक नगर के तमाम लोगों का आभार प्रकट किया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी कलम हमेशा जनता की आवाज़ बनकर बिना किसी डर के हमेशा चलती रहेगी।

  • उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा मंडलों को मिलेंगे नकद पुरस्कार

    उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा मंडलों को मिलेंगे नकद पुरस्कार

    HNN/ नाहन

    युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा राष्ट्र के विकास एवं समाज सेवा के क्षेत्र में युवा मंडलों द्वारा किए गए उनके स्वैच्छिक कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा मंडलों को जिला स्तर पर नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

    जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी संजय शुक्ला ने बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा मंडलों को जिला स्तर पर 51 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार, 31 हजार रुपये का द्वितीय पुरस्कार तथा 21 हजार रुपये का तृतीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

    उन्होंने आगे बताया कि यह पुरस्कार प्रथम जनवरी 2021 से 31 दिसम्बर 2021 तक विभिन्न स्वयंसेवी युवा संस्थानों द्वारा किए गए युवा विकासोन्मुखी, स्वैच्छिक गतिविधियों के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार दिए जाएंगे।

    पुरस्कार हेतु पात्रता, निर्धारित मानदंड, सामान्य नियम व प्रयासों के कोर्स सम्बन्धी जानकारी जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग सिरमौर स्थित नाहन के कार्यालय से प्राप्त की जा सकती हैं। इच्छुक व पात्र युवा कल्ब 16 जनवरी 2023 तक जिला युवा सेवाएं एवं खेल कार्यालय चंबा मैदान परिसर, नाहन में फाइल बनाकर अपने आवेदन जमा करवा सकते हैं।

  • पालमपुर: युवा वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित हुए कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. राकेश

    पालमपुर: युवा वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित हुए कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक डॉ. राकेश

    HNN / धर्मशाला

    हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय चौसकु के वैज्ञानिक डॉ. राकेश कुमार को युवा वैज्ञानिक पुरस्कार-2022 से सम्मानित किया गया है। विश्वविद्यालय के डॉ.जीसी नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के पशु चिकित्सा पैथोलॉजी विभाग में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत डॉ. राकेश कुमार को ‘प्रो. एस. रामचंद्रन मेमोरियल यंग साइंटिस्ट अवार्ड ‘बेस्ट मॉलिक्यूलर ऑन्कोलॉजिस्ट, 2022 के रूप में हैदराबाद में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पशु चिकित्सा पैथोलॉजी कॉन्फ्रेंस में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला है।

    युवा वैज्ञानिक ने सक्रिय सिद्धांतों को स्तन कैंसर के खिलाफ चिकित्सीय आहार के रूप में उपयोग करने की गुंजाइश प्रदान की है। अनुसंधान कार्य मानव और पशु चिकित्सा में भविष्य के अध्ययन के लिए आगे की नींव का काम करेगा। अध्ययन ने इस पौधे के सक्रिय सिद्धांतों को स्तन कैंसर के खिलाफ उपचारात्मक आहार के रूप में उपयोग करने की गुंजाइश प्रदान की है। प्रोफेसर एच.के. चौधरी, कुलपति ने वैज्ञानिक के अनुसंधान के प्रयासों की सराहना की है।

  • उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन युवा मंडल होंगे सम्मानित, करें आवेदन

    उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन युवा मंडल होंगे सम्मानित, करें आवेदन

    HNN/ ऊना वीरेंद्र बन्याल

    युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन युवा मंडलों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी चंद्रमोहन शर्मा ने बताया कि यह पुरस्कार मुख्यतः 1 जनवरी 2021 से 31 दिसम्बर 2021 तक विभिन्न स्वयंसेवी युवा संस्थाओं/नोडल क्लबों द्वारा किए गए युवा विकास उन्मुख स्वैच्छिक गतिविधियाँ के लिए प्रदान किए जाएंगे।

    युवा विकास उन्मुख गतिविधियों एवं समसामयिक युवा विषयों पर निर्णायक पहल, सांस्कृतिक, खेल, सृजनात्मक व साहसिक गतिविधियों का आयोजन, राष्ट्रीय विकास योजनाओं की जागरूकता में प्रयास, नशा प्रवृति रोकथाम व जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, समसामयिक ज्वलंत सामाजिक मुद्दों पर कार्यवाही जैसे कोविड-19, एड्स, टीबी, डिप्रेशन, डायबिटीज व जल संरक्षण, रक्तदान शिविर, जैविक खेती, कमजोर वर्गों के उत्थान व कल्याणकारी योजनाओं का प्रतिपादन आदि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए यह पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

    उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवा क्लबों को प्रथम पुरस्कार 51 हज़ार रूपये, द्वितीय पुरस्कार 31 हज़ार व तृतीय पुरस्कार 21 हज़ार रूपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि युवा मण्डल/क्लब अपना आवेदन 14 दिसम्बर 2022 तक जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए 98169-71991 मोबाईल नम्बर पर सम्पर्क किया जा सकता है।

  • हमीरपुर के वेटलिफ्टर विकास ठाकुर को अर्जुन अवार्ड, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी सम्मानित

    हमीरपुर के वेटलिफ्टर विकास ठाकुर को अर्जुन अवार्ड, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी सम्मानित

    HNN / हमीरपुर

    राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2022 की सोमवार को घोषणा के साथ ही हिमाचल को बड़ी खुशखबरी मिली है। प्रदेश के हमीरपुर जिला के वेटलिफ्टर विकास ठाकुर को इस बार अर्जुन अवार्ड के लिए चुना गया है। अर्जुन अवार्ड के लिए विकास ठाकुर सहित 25 खिलाडिय़ों को चुना गया है। सात कोच द्रोणाचार्य अवार्ड से सम्मानित होंगे। वहीं, चार खिलाड़ी ध्यानचंद अवार्ड से सम्मानित किए जाएंगे।

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 नवंबर को सभी खिलाडिय़ों और कोच को पुरस्कार प्रदान करेंगी। बता दे कि हमीरपुर जिला के पटनौण के रहने वाले वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने हाल ही में बर्मिंघम में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल-2022 में भारत को रजत पदक दिलाया था। विकास ने 96 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 346 किलोग्राम भार उठाकर पदक अपने नाम किया था।

    उन्होंने स्नैच में 155 किलोग्राम, जबकि क्लीन एंड जर्क में 191 किलोग्राम भार उठाया। विकास ने उससे पहले भी 2018 में गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीता था, जबकि 2014 के ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में वह भारत को रजत पदक दिला चुके हैं। इस तरह लगातार तीसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने पदक अपने नाम किया।