Category: HARIPURDHAR

  • सिंह जोशन और सरदार सिंह को फाइट में पछाड़ वर्ल्ड चैंपियन बना योगेश पहुंचा अपने घर सिरमौर

    सिंह जोशन और सरदार सिंह को फाइट में पछाड़ वर्ल्ड चैंपियन बना योगेश पहुंचा अपने घर सिरमौर

    अपने गुरु द ग्रेट खली की तरह योगेश का सपना डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर बनने का

    HNN/ हरिपुरधार

    प्रदेश के सिरमौर की धरती ने जहां डब्ल्यूडब्ल्यूई जैसे रेसलर द ग्रेट खली को जन्म दिया है, तो वहीं इसी जिला के योगेश चौहान सुपर फाइटर बनकर उभरे हैं। सिरमौर के हरिपुरधार स्थित गांव घरडिया निवासी 27 वर्षीय योगेश चौहान ने वर्ल्ड टैग टीम चैंपियन जीत के बाद पहली बार अपने घर सिरमौर पहुंचा है। नाहन पहुंचने पर रेसलर का जोरदार स्वागत हुआ, तो वहीं सिरमौर के इस गबरू को उसकी इस बड़ी उपलब्धि पर विधायक अजय सोलंकी ने उसे बधाई दी।

    योगेश ने वर्ल्ड टैग टीम के इंटरनेशनल चैंपियन्स सिंह जोशन तथा सरदार सिंह को पछाड़कर वर्ल्ड चैंपियनशिप जीती है। बता दें कि योगेश चौहान का बचपन से सपना था कि वह ग्रेट खली की तरह वर्ल्ड फाइट चैंपियन बने। योगेश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हरिपुरधार से करने के बाद सोलन से पॉलिटेक्निक में एडमिशन ले कर डिप्लोमा किया।

    बड़ी बात तो यह है कि योगेश ने जब अपने माता-पिता से नौकरी की जगह रेसलिंग सीखने की इच्छा जताई तो उन्होंने उसे आशीर्वाद देकर सफल होने की कामना भी की। योगेश चौहान डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर द ग्रेट खली को अपना गुरु भी और आदर्श भी मानते हैं।

    लिहाजा वह सिरमौर छोड़कर रेसलिंग सीखने के लिए जालंधर स्थित द ग्रेट खली की सीडब्ल्यूई एकेडमी में पहुंच गए। 3 साल तक अपने गुरु द ग्रेट खली उर्फ दिलीप सिंह से कड़ी मेहनत कर रेसलिंग के सुपर दाव सीखें। गुरु सेवा और कड़ी मशक्कत का नतीजा यह रहा कि हाल ही में हुई वर्ल्ड टैग टीम प्रतियोगिता में योगेश ने दोनों धुरंधरों को पकड़ते हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप जीत ली।

    योगेश प्रदेश का पहला ऐसा नवयुवक है जिसने बहुत कम समय में इस चैंपियनशिप को जीता है। फाइटर मैन योगेश चौहान ने अभी तक 110 से ज्यादा फाइट की है जिनमें से अधिकतर उन्होंने जीती भी हैं। अपनी इस उपलब्धि का वह सारा श्रेय अपने गुरु द ग्रेट खली और अपने माता-पिता को देते हैं।

    योगेश ने बताया कि अब उसका एक ही सपना है कि वह अपने गुरु ग्रेट खली की तरह डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर बने और जीत का सेहरा अपने गुरु के सर बांधे। बताते हैं कि योगेश चौहान इतने चुस्त और फास्ट हैं कि वह कब अपने प्रतिद्वंदी को पटनी देदे पता भी नहीं चलता है।

    उनकी तेजी और फाइट के दांव पेंचों की दक्षता के चलते उन्हें भारतीय वायु सेना का तेजस जेट भी कहा जाता है। योगेश चौहान ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि दृढ़ इच्छाशक्ति और मजबूत इरादे हो तो सपने भी साकार होते हैं। उन्होंने युवा वर्ग से अपील करते हुए कहा कि खेल स्वस्थ और उत्तम जीवन का मुख्य आधार है।

    उन्होंने युवाओं से आग्रह करते हुए भी कहा की वह नशे से दूर रहें अगर नशा करना ही है तो खेल का करें और खेल खेल कर अपना अपने माता-पिता का अपने प्रदेश का और अपने देश का नाम रोशन करें।

  • हरिपुरधार के मां भंगायणी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु

    हरिपुरधार के मां भंगायणी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु

    HNN/ हरिपुरधार

    चैत्र नवरात्र पर गुरुवार को जिलेभर में रामनवमी का पर्व मनाया गया। अंतिम नवरात्र पर गुरुवार को माता मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। घरों में नवमी पर माता की लापसी का भोग लगाया गया।

    पूजा -अर्चना कर घर परिवार में सुख समृद्धि की कामना की गई। मंदिरों में भी विशेष आयोजन किए गए। नवरात्र के नौ दिनों तक शक्ति के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है। नवमी के दिन नवरात्र का समापन होता है।

    कई भक्तों ने पूरे नौ दिनों तक व्रत रखकर शक्ति की आराधना की। नवमी के दिन मां के दर्शन और कन्या पूजन के साथ अपने अनुष्ठान का समापन कर रहे हैं। इसलिए देवी मंदिरों में खूब भीड़ दिख रही है।

    उतर भारत की प्रमुख शक्तिपीठों में शुमार हरिपुरधार के मां भंगाइनी मंदिर में अंतिम नवरात्रि व राम नवमी पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। प्रदेश के अलावा उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से माता के दर्शन के लिए श्रद्धालु हरिपुरधार पहुंचे।

    मंदिर सीमित की और से सुरक्षा के जहां कड़े प्रबंध किए गए थे, वहीं प्रदेश के अन्य जिलों व दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने की भी उचित व्यवस्था की गई।

    बता दें अंतिम नवरात्रि के दौरान दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तराखंड, यूपी, पंजाब व हरियाणा से माता के दर्शन के लिए श्रद्धालु हरिपुरधार पहुंचे।

    पंजाब व हरियाणा से अधिक संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा सिरमौर, सोलन व शिमला जिले से भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता के दर्शन किए।

    मंदिर सेवा समिति के प्रबंधक मोहर सिंह राणा ने बताया कि नवरात्रि के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है, इसलिए मंदिर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

  • मंदिर का ताला तोड़ सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए शातिर

    मंदिर का ताला तोड़ सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हुए शातिर

    HNN/ हरिपुरधार

    हिमाचल प्रदेश में चोरी की घटनाएं दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब उन्होंने मंदिरों में भी सेंधमारी करनी शुरू कर दी है। बता दे जिला सिरमौर के गांव घुंडूरी कांडो में चोरी का मामला सामने आया है। यहां शातिर 2 मंदिरों से चांदी के छत्र और सोने की टिकली लेकर फरार हो गए हैं। मंदिर के पुजारी ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।

    पुलिस को दी शिकायत में मंदिर के पुजारी ने बताया कि जब वह सुबह रोज की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए आया, तो उसने देखा कि मंदिर के ताले टूटे हुए है। इसके बाद जब वह मंदिर के अंदर गया तो वहां से चांदी के छत्र और सोने की टिकली भी गायब थी।

    बता दे कि चोरी हुए सोने-चांदी के जेवरात की कीमत करीब 4 से 5 लाख थी। जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मंदिर के पुजारी के बयान दर्ज किए।

    उधर, मामले की पुष्टि करते हुए एएसआई संगड़ाह कंवर सिंह ने कहा कि पुजारी के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

  • घर के बाहर खेल रहे दो बच्चो पर कुत्ते ने किया हमला, क्षेत्र में मचा हड़कंप

    घर के बाहर खेल रहे दो बच्चो पर कुत्ते ने किया हमला, क्षेत्र में मचा हड़कंप

    HNN/ हरिपुरधार

    जिला में कुत्तों की तादाद इतनी बढ़ गई है कि लोगों का सड़कों, गांव और बाजार में निकलना मुश्किल हो गया है। गली-मोहल्लों में आदमखोर कुत्तों के आतंक से दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग बच्चों को घर के बाहर खेलने जाने तक से डर रहे हैं। बता दे कि सिरमौर के नौहराधार गांव में एक आदमखोर कुत्ते ने घर के बाहर खेल रहे दो बच्चों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह से जख्मी कर दिया है। दोनों बच्चों के परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया है।

    जानकारी के अनुसार, साढ़े 4 वर्ष का अथर्व अपने घर के बाहर खेल रहा था, इस दौरान कही से एक कुत्ता आया और बच्चे पर हमला कर दिया। हमले में बच्चे के अंगुली और सिर में चोटें आई है। इसी बीच कुत्ते ने दूसरी जगह जाकर एक सात साल की बच्ची रागिनी पर भी जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची की आँख को बुरी तरह से नोचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तो को पकड़ने की गुहार लगाई है।

  • हरिपुरधार-कुपवी मार्ग दूसरे दिन भी बंद, जगह-जगह फ़से यात्री

    हरिपुरधार-कुपवी मार्ग दूसरे दिन भी बंद, जगह-जगह फ़से यात्री

    HNN/ हरिपुरधार

    जिला सिरमौर के हरिपुरधार क्षेत्र में भारी बर्फबारी के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारी हिमपात होने के कारण वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी हुई है। बता दे हरिपुरधार-नाहन मार्ग पिछले 35 घंटों से बंद पड़ा हुआ है। जिसके कारण यात्रियों को आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को 10 से 15 किलोमीटर पैदल चलकर हरिपुरधार आना पड़ रहा है।

    लोक निर्माण विभाग ने सड़क को बहाल करने के लिए तीन जेसीबी मशीनों की सहायता ली। परंतु रात को सड़क पर पाला जमने के कारण वाहनों की आवाजाही फिर से बंद पड़ गई। बर्फ ज्यादा होने के कारण इन सड़कों को बहाल करना मुश्किल हो रहा है। कुपवी क्षेत्र की 15 से ज्यादा पंचायतों को शिमला से जोड़ने वाले हरिपुरधार-कुपवी मार्ग पर आवाजाही करने में परेशानी आई।

    उधर, एक्सईएन संगड़ाह आरके शर्मा ने कहा कि हरिपुरधार-नाहन मार्ग बीते कल शाम को 3 जेसीबी की सहायता से बहाल कर दिया गया था परंतु रात को सड़क पर पाला जमने के कारण फिर से आवाजाही ठप पड़ गई।

  • हरिपुरधार में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, बर्फ के बीच जमकर की मस्ती

    हरिपुरधार में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, बर्फ के बीच जमकर की मस्ती

    HNN/ हरिपुरधार

    हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फ से ढ़के हुए है जिसे निहारने के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ गया है। जिला सिरमौर के ऊंचाई वाले क्षेत्र हरिपुरधार में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न राज्यों से सैलानी बर्फ का लुफ्त उठाने के लिए पहुंच रहे हैं। हरिपुरधार पर्यटन स्थल समुद्र तल से करीब 7500 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। हालांकि भारी हिमपात के कारण नाहन-हरिपुरधार मार्ग बंद हो गए थे।

    जिसके बाद प्रशासन द्वारा सड़के बहाल की गई। ऐसे में विभिन्न राज्यों से सैलानी हरिपुरधार पहुंच गए हैं। रविवार को पर्यटकों ने मौज-मस्ती के साथ-साथ करीब से बर्फ के दीदार किए। कई सैलानी हरिपुरधार बाजार से 3 किलोमीटर दूर थियानबाग हेलिपैड पर पहुंचकर बर्फ का आंनद लेते दिखाई दिए। यही नहीं सैलानी बर्फ के बीच अठखेलियां करने के बाद मां भंगाइनी मंदिर के दर्शन करने के लिए भी पहुंचे।

  • हरिपुरधार महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का आरंभ

    हरिपुरधार महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय शिविर का आरंभ

    HNN / हरिपुरधार

    राजकीय महाविद्यालय हरिपुरधार की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का आरंभ किया गया। इस उपलक्ष्य पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सभी स्वयंसेवकों द्वारा महाविद्यालय परिसर में एक स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया।

    इस आयोजन के मुख्य अतिथि राजकीय महाविद्यालय हरिपुरधार कार्यकारी प्राचार्य डॉ. रजिंदर तोमर सहित सहायक प्राध्यापक कर्म दत्त शर्मा, राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई प्रबंधक करण मोहिल , वरिष्ठ कार्यालय अधीक्षक अशरफ़ अली, कार्यालय अधीक्षक संजीव भट्ट, वरिष्ठ प्रयोगशाला सहायक नरेश लांबा तथा राकेश उपस्थित रहे।

  • हरिपुरधार में एनसीसी इकाई द्वारा उत्कृष्ट कैडेट्स की “रैंक सेरेमनी”का आयोजन

    हरिपुरधार में एनसीसी इकाई द्वारा उत्कृष्ट कैडेट्स की “रैंक सेरेमनी”का आयोजन

    HNN / हरिपुरधार

    राजकीय महाविद्यालय हरिपुरधार में आज कॉलेज की एनसीसी इकाई के द्वारा उत्कृष्ट कैडेट्स की “रैंक सेरेमनी” का आयोजन किया गया। इस आयोजन के अंतर्गत उत्कृष्ट कैडेट्स को रैंक अनुसार बैज लगा कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन के मुख्य अतिथि राजकीय महाविद्यालय हरिपुरधार कार्यकारी प्राचार्य डॉ. रजिंदर तोमर रहे।

    उन्होंने उत्कृष्ट कैडेट्स को जहां बधाई दी, तो वही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर एनसीसी इकाई सीटीओ कर्म दत्त शर्मा, सहायक प्राध्यापक करण मोहिल , वरिष्ठ कार्यालय अधीक्षक अशरफ़ अली तथा कार्यालय अधीक्षक संजीव भट्ट उपस्थित रहे।

  • इस बार दिसंबर माह में भी चूड़धार यात्रा कर सकेंगे श्रद्धालु, प्रशासन ने बढ़ाई यात्रा अवधि

    इस बार दिसंबर माह में भी चूड़धार यात्रा कर सकेंगे श्रद्धालु, प्रशासन ने बढ़ाई यात्रा अवधि

    HNN / हरिपुरधार 

    चूड़धार यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओ को दिसंबर माह में भी चूड़धार यात्रा का अवसर मिलेगा। जी हां, इस बार चूड़धार यात्रा 15 दिसंबर तक जारी रहेगी। हालांकि आमतौर पर चूड़धार यात्रा पर शिमला प्रशासन की ओर से 30 नवंबर को रोक लग जाती है। लेकिन इस बार मौसम साफ रहने के चलते और कम बर्फबारी के चलते प्रशासन ने यात्रा की अवधि 15 दिसंबर तक बढ़ा दी है।

    बता दें कि चूड़धार में अब तक तीन बार हिमपात हो चुका है। जहां 25 सेंटीमीटर से अधिक बर्फबारी हो चुकी है। 9 नवंबर को पहला हिमपात हुआ था, जबकि 11 को दूसरा और 14 नवंबर को तीसरी बार हिमपात हुआ था। 15 नवंबर के बाद चूड़धार में मौसम पूरी तरह से साफ है। हालांकि, सिरमौर प्रशासन ने यात्रा पर रोक लगाई है, फिर भी श्रद्धालुओं का चूड़धार पहुंचना लगातार जारी है।

    एसडीएम चौपाल चेत सिंह ने बताया कि इस बार चूड़धार में अब तक कम बर्फबारी हुई है। पिछले कई दिन से मौसम साफ है। प्याशली के लिए भारी संख्या में चूड़धार पहुंच रहे श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए यात्रा को 15 दिसंबर तक जारी रखने का फैसला लिया गया है।