Category: Crime

जुर्म

  • राजगढ़ में तीन आरोपी चिट्टा सहित गिरफ्तार, 1.66 ग्राम हेरोइन बरामद

    राजगढ़ में तीन आरोपी चिट्टा सहित गिरफ्तार, 1.66 ग्राम हेरोइन बरामद

    हिमाचल नाऊ न्यूज राजगढ़

    पुलिस थाना राजगढ़, जिला सिरमौर की टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन व्यक्तियों को हेरोइन/चिट्टा सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 1.66 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कशिश भरोटा निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी संजौली, शिमला, रूब्बल जदेईक निवासी गांव पंडरोग तथा निक्षित चौहान निवासी गांव पुडग, तहसील कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है।
    पुलिस चौकी पझौता, थाना राजगढ़ की टीम ने 8 फरवरी को गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर शरगांव के पास एक वाहन संख्या HP-99-8880 को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में सवार तीनों व्यक्तियों के कब्जे से 1.66 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया।

    इस मामले में पुलिस थाना राजगढ़ में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 व 29 के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

    मामले की पुष्टि करते हुए जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

  • बिलासपुर के कोसरियां गांव में प्रवासी महिला की हत्या का मामला, टैंक से बरामद हुआ शव

    बिलासपुर के कोसरियां गांव में प्रवासी महिला की हत्या का मामला, टैंक से बरामद हुआ शव

    सदर क्षेत्र के कोसरियां गांव में एक प्रवासी महिला का शव घर के साथ बने टैंक से बरामद होने से गंभीर माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है।

    बिलासपुर/कोसरियां

    टैंक से मिला महिला का शव
    गांव कोसरियां में किराए के मकान में रह रही एक महिला का शव घर के पास बने टैंक के अंदर से बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने जांच शुरू की।

    हत्या की आशंका, परिजन फरार
    प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई गई है। घटना के बाद महिला के पति और उसके दो रिश्तेदार फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

    फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
    सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।

    परिजनों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
    मृतका के परिजनों ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

  • पुरुवाला में जुआ खेलते आरोपी काबू, गश्त के दौरान दड़ा-सट्टा लगाते रंगे हाथ पकड़ा गया युवक

    पुरुवाला में जुआ खेलते आरोपी काबू, गश्त के दौरान दड़ा-सट्टा लगाते रंगे हाथ पकड़ा गया युवक

    पुरुवाला में गश्त के दौरान पुलिस ने एक युवक को जुआ खेलते रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के कब्जे से नकदी भी बरामद हुई और मामला दर्ज किया गया।

    नाहन

    गश्त के दौरान पकड़ा गया आरोपी

    पुलिस थाना पुरुवाला की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर जुआ खेलते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी रामचन्द्र निवासी गांव श्यामपुर गोरखूवाला, डाकघर गोरखूवाला, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर को दड़ा-सट्टा लगाते हुए काबू किया।

    नकदी बरामद, केस दर्ज

    पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 980 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस थाना पुरुवाला में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13A-3-67 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

    मामले की जांच जारी

    पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और जुए से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

  • नाहन दंगा प्रकरण में एक और आरोपी गिरफ्तार, पहले पकड़े गए पांच आरोपी पहले से रिमांड पर

    नाहन दंगा प्रकरण में एक और आरोपी गिरफ्तार, पहले पकड़े गए पांच आरोपी पहले से रिमांड पर

    सिरमौर जिले के नाहन में दर्ज दंगा मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पहले गिरफ्तार किए गए पांच आरोपी पहले से पुलिस हिरासत में हैं और जांच जारी है।

    सिरमौर/नाहन

    दंगा मामले में गिरफ्तारी का दायरा बढ़ा

    पुलिस थाना सदर नाहन में दर्ज दंगा प्रकरण में पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। मामले की गहन जांच के दौरान पुलिस ने अब एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया है।

    अन्य राज्य से आरोपी को किया गिरफ्तार

    पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी हरियाणा के यमुनानगर जिले से संबंधित है। उसे माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया गया है, ताकि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।

    आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाली

    जांच के दौरान सभी आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की भी पड़ताल की गई। पुलिस के अनुसार कुछ आरोपी पहले भी दंगा और मारपीट जैसे मामलों में संलिप्त रहे हैं, जिनके संबंध में अन्य राज्यों के थानों में मामले दर्ज हैं।

    कड़ी कानूनी कार्रवाई का संदेश

    पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी कार्रवाई से आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों में कानून का संदेश जाएगा।

  • पांवटा साहिब में सरकारी पार्क तोड़फोड़ और चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

    पांवटा साहिब में सरकारी पार्क तोड़फोड़ और चोरी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

    पांवटा साहिब में नगर परिषद के पार्क को नुकसान पहुंचाने और सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में इस्तेमाल मशीनरी भी बरामद कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

    सिरमौर/पांवटा साहिब

    सरकारी पार्क को नुकसान पहुंचाने का मामला

    नगर परिषद क्षेत्र में स्थित एक पार्क की चारदीवारी, रास्ता और टिन शेड को नुकसान पहुंचाने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की। शिकायत के आधार पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी का मामला दर्ज किया गया था।

    अन्वेषण में सामने आई साजिश

    जांच के दौरान यह पाया गया कि भूमि से जुड़े विवाद के बाद आरोपियों ने बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के पार्क क्षेत्र में तोड़फोड़ की योजना बनाई। घटना को अंजाम देने के लिए मशीनरी का उपयोग किया गया और पार्क में लगा सामान भी हटा लिया गया।

    सीसीटीवी फुटेज से मिली पुष्टि

    पुलिस ने मामले की जांच में तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा लिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से घटनाक्रम की पुष्टि हुई, जिससे आरोपियों की संलिप्तता स्पष्ट हुई।

    मशीनरी बरामद, आरोपी हिरासत में

    पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तोड़फोड़ में प्रयुक्त जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर बरामद किए गए हैं, जबकि चोरी गए सामान की बरामदगी की प्रक्रिया जारी है।

  • पांवटा साहिब वन मंडल ने दुर्लभ प्रजाति के कक्कड़ के शिकार में संलिप्त शिकारी दबोचा

    पांवटा साहिब वन मंडल ने दुर्लभ प्रजाति के कक्कड़ के शिकार में संलिप्त शिकारी दबोचा

    घर से मांस और लाइसेंसी बंदूक बरामद, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

    पांवटा साहिब

    शिकार सहित आरोपी को रंगे हाथ पकड़ा
    पांवटा साहिब वन मंडल की टीम ने दुर्लभ प्रजाति के जंगली जानवर के शिकार में संलिप्त एक शिकारी को शिकार सहित रंगे हाथ पकड़ने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान किशनकोट निवासी दर्शनलाल के रूप में हुई है, जिस पर बार्किंग डियर यानी कक्कड़ के शिकार का आरोप है।

    गुप्त सूचना पर घर में दबिश
    वन विभाग को मिली पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी, जहां से बार्किंग डियर के मांस के अवशेष, शिकार में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक और अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपी कथित तौर पर शिकार किए गए हिरण को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था।

    जंगल में छिपाया गया था शिकार
    जानकारी के अनुसार आरोपी लंबे समय से जंगली जानवरों के शिकार में संलिप्त था और वन विभाग को उसकी गतिविधियों की सूचना पहले से मिल रही थी। आरोपी ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर हिरण को मार डाला और शिकार को जंगल में सूखे पत्तों में छुपा दिया था। बाद में वह शिकार को अपने घर ले आया, जहां उसकी काट-छांट कर बिक्री की तैयारी की जा रही थी।

    वन टीम ने की संयुक्त कार्रवाई
    सहायक अरण्यपाल आदित्य शर्मा और वन परिक्षेत्र अधिकारी सुरेंद्र सिंह की अगुवाई में वन विभाग की टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। मौके से मृत बार्किंग डियर के अवशेष, लाइसेंसी बंदूक और अन्य सामग्री जब्त की गई।

    वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
    वन विभाग ने आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया है और मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि बार्किंग डियर अनुसूची-1 की संरक्षित प्रजाति है, जिसका शिकार गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

  • पालमपुर में 1 किलो 510 ग्राम चरस बरामद, कांगड़ा पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा

    पालमपुर में 1 किलो 510 ग्राम चरस बरामद, कांगड़ा पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा

    नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत जिला कांगड़ा पुलिस ने पालमपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चरस की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

    कांगड़ा/पालमपुर

    गुप्त सूचना पर दी दबिश
    पुलिस की विशेष टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी डाढ–पालमपुर रोड पर घुमारका के पास एक संदिग्ध गाड़ी खड़ी होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली।

    तलाशी में मिली चरस की खेप
    वाहन की जांच के दौरान पुलिस को 1 किलो 510 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद गाड़ी में सवार तीनों व्यक्तियों को मौके पर ही हिरासत में लिया गया।

    कुल्लू जिले के बताए गए आरोपी
    पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी कुल्लू जिले के निवासी हैं। उनके खिलाफ पुलिस थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    वाहन भी कब्जे में लिया
    तस्करी में इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बरामदगी के बाद आरोपियों से पूछताछ कर उनके संपर्कों की जांच की जा रही है।

    नशे के खिलाफ अभियान जारी
    पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें।

  • ददाहू भूमि विवाद में कोर्ट का बड़ा फैसला, वादी के कब्जे को मिली कानूनी सुरक्षा

    ददाहू भूमि विवाद में कोर्ट का बड़ा फैसला, वादी के कब्जे को मिली कानूनी सुरक्षा

    नाहन कोर्ट ने प्रतिवादी को हस्तक्षेप से रोका, स्थायी निषेधाज्ञा मंजूर

    हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

    ददाहू क्षेत्र में लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद में नाहन की सीनियर सिविल जज उपासना शर्मा की अदालत ने स्पष्ट और अहम फैसला सुनाते हुए वादी के कब्जे को कानूनी संरक्षण प्रदान किया है।

    अदालत ने प्रतिवादी को विवादित भूमि में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप करने से रोकते हुए स्थायी निषेधाज्ञा जारी की है।अदालत के समक्ष वादी रमेश कुमार ने याचिका दायर कर बताया था कि वह मौजा चुली ददाहू, तहसील ददाहू स्थित खाता-खतौनी नंबर 387/537, खसरा नंबर 480/395/16 व 974/869, कुल रकबा 00-02-04 बीघा भूमि का मालिक व कब्जाधारी है।

    म्यूटेशन दर्ज होने के बाद पुराने जर्जर मकान को गिराकर नए निर्माण की तैयारी की जा रही थी।वादी के अनुसार, भूमि से सटी जमीन के मालिक प्रतिवादी योगिंदर दत्त ने 12 अक्टूबर 2021 और 20 अक्टूबर 2021 को बिना किसी अधिकार के भूमि में हस्तक्षेप करने का प्रयास किया और रिटेनिंग वॉल बनाने की मंशा जताई,

    जिससे वादी को बेदखली का खतरा उत्पन्न हो गया।अदालत ने रिकॉर्ड पर मौजूद जमाबंदी का अवलोकन करते हुए कहा कि वादी का नाम विधिवत दर्ज है और स्वामित्व व कब्जा प्रमाणित होता है।

    प्रतिवादी द्वारा वादी के अधिकारों को चुनौती देने के बावजूद कोई ठोस दस्तावेज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया।कोर्ट ने माना कि वादी ने भूमि में हस्तक्षेप और हस्तक्षेप की मंशा को सफलतापूर्वक सिद्ध किया है, जिसके चलते वह स्थायी निषेधाज्ञा पाने का अधिकारी है।

    हालांकि अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि भूमि पर किसी निर्माण या अतिक्रमण का प्रत्यक्ष प्रमाण रिकॉर्ड पर नहीं है, इसलिए अनिवार्य निषेधाज्ञा का दावा स्वीकार नहीं किया गया।

    अदालत ने अपने आदेश में प्रतिवादी को निर्देश दिए कि वह भविष्य में विवादित भूमि में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप न करे। मामले में किसी भी पक्ष पर लागत नहीं डाली गई। फैसला 16 जनवरी 2026 को खुले न्यायालय में सुनाया गया।

  • चेक बाउंस मामले में आरोपी की अपील खारिज, सजा बरकरार

    चेक बाउंस मामले में आरोपी की अपील खारिज, सजा बरकरार

    सत्र न्यायालय नाहन ने निचली अदालत के फैसले को सही ठहराया

    हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

    चेक बाउंस के एक मामले में नाहन के सत्र न्यायालय ने आरोपी द्वारा दायर अपील को खारिज कर दिया है। अदालत ने निचली अदालत द्वारा सुनाई गई दोषसिद्धि और सजा को पूरी तरह सही ठहराया।

    यह मामला राजगढ़ स्थित साईं को-ऑपरेटिव नॉन एग्रीकल्चर थ्रिफ्ट एंड क्रेडिट सोसायटी से जुड़ा है। अदालत के अनुसार आरोपी ने सोसायटी से ऋण लिया था, जिसकी अदायगी न होने पर खाता एनपीए घोषित किया गया।

    रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी ने जुलाई 2022 में ₹75,650 का चेक सोसायटी के पक्ष में जारी किया। चेक बैंक में प्रस्तुत करने पर “Account Closed” टिप्पणी के साथ अनादरित हो गया।

    इसके बाद सोसायटी द्वारा विधिसम्मत कानूनी नोटिस भेजा गया, लेकिन आरोपी ने तय अवधि में भुगतान नहीं किया। इस पर राजगढ़ की न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अदालत ने आरोपी को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत दोषी ठहराया था।

    अदालत ने छह माह के साधारण कारावास और ₹75 हजार मुआवजे की सजा सुनाई थी।निचली अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए आरोपी ने सत्र न्यायालय में अपील दायर की।

    आरोपी की ओर से दलील दी गई कि चेक सुरक्षा के तौर पर दिया गया था और देनदारी सिद्ध नहीं की गई।हालांकि सत्र न्यायालय ने दलीलों को स्वीकार नहीं किया।

    अदालत ने कहा कि आरोपी ने न तो चेक पर हस्ताक्षर से इनकार किया और न ही कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत कर वैधानिक धारणा को खंडित किया।अदालत ने स्पष्ट किया कि “Account Closed” की स्थिति में चेक बाउंस भी धारा 138 के अंतर्गत आता है।

    केवल मौखिक बयान या सफाई से आरोपी को राहत नहीं दी जा सकती।अदालत ने पाया कि निचली अदालत का फैसला कानून और साक्ष्यों के अनुरूप है। ऐसे में आरोपी की अपील खारिज करते हुए सजा को बरकरार रखा गया।

  • नाहन में शादी समारोह के दौरान दंगा, हरियाणा से आए युवक गिरफ्तार

    नाहन में शादी समारोह के दौरान दंगा, हरियाणा से आए युवक गिरफ्तार

    मारकंडा पुल के पास हथियारों से हमला, पाँच आरोपी पुलिस रिमांड पर

    हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन

    नाहन में एक शादी समारोह के दौरान दंगा, मारपीट और दहशत फैलाने के मामले में सिरमौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    आरोपी हरियाणा से स्विफ्ट कार में सवार होकर नाहन आए थे और घटना के बाद फरार हो गए थे।पुलिस के अनुसार हरियाणा से सात युवक नाहन के एक स्थानीय निवासी रोहित की शादी में शामिल होने आए थे।

    शादी समारोह के दौरान मारकंडा पुल के समीप किसी बात को लेकर इन युवकों की स्थानीय लोगों से बहस हो गई। बहस के बाद युवकों ने अपने साथ लाए हॉकियों, डंडों और पिस्टल से मारपीट शुरू कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।

    घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना सदर नाहन में अभियोग संख्या 12/26 दिनांक 26 जनवरी 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 115(2), 332(सी), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

    पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल निवासी गांव जैदर, तहसील छछरौली, जिला यमुनानगर (हरियाणा),

    आशिक निवासी गांव जैदर, तहसील छछरौली, जिला यमुनानगर, मुकेश ठाकुर निवासी गांव रखनी, शम्भुवाला, तहसील नाहन, साबीर निवासी गांव जैदर, जिला यमुनानगर तथा रवि निवासी गांव जैदर, जिला यमुनानगर शामिल हैं।

    एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि सभी आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत रिमांड पर हैं। अभियोग में वांछित स्विफ्ट कार नंबर HR02AR-7859 को बरामद कर लिया गया है।

    उन्होंने बताया कि वारदात में प्रयोग किए गए हॉकियों, डंडों और पिस्टल की रिकवरी की जा रही है।पुलिस का कहना है कि इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

    उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।सिरमौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में दंगे-फसाद फैलाने और कानून व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर कोई ढील नहीं दी जाएगी।