Shoolini Fair Solan / डॉ. धनीराम शांडिल ने शूलिनी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या का किया शुभारंभ, राष्ट्रीय दर्जा दिलाने की कही बात

  • Shoolini Fair Solan : स्वास्थ्य मंत्री ने सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में सांस्कृतिक संध्या की अध्यक्षता करते हुए कहा कि शूलिनी मेला हिमाचल की संस्कृति का गौरव है और इसे शीघ्र राष्ट्रीय मेले का दर्जा दिया जाएगा।

सोलन

नाटी किंग कुलदीप शर्मा रहे आकर्षण का केंद्र, हिमाचली कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समां बांधा

राज्य स्तरीय मेले को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी
स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय और सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित माँ शूलिनी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही इस राज्य स्तरीय मेले को राष्ट्रीय दर्जा देने की दिशा में कार्य करेगी।

हिमाचल की संस्कृति को मेलों से मिल रहा बढ़ावा
डॉ. शांडिल ने कहा कि मेलों और पर्वों के माध्यम से न केवल मनोरंजन होता है, बल्कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और आगे बढ़ाने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने कहा कि शूलिनी मेला सोलन ही नहीं, पूरे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान है।

सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियां
दूसरी सांस्कृतिक संध्या नाटी किंग कुलदीप शर्मा के नाम रही, जिन्होंने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा हिमाचल के लोकप्रिय कलाकार नीतिन कुमार, दीपेश राही और अन्य लोक कलाकारों ने भी मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने बढ़ाया उत्साह
इस अवसर पर नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, पार्षदगण, जोगिंद्र सहकारी बैंक अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मंडल सदस्य जतिन साहनी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिव कुमार, उपायुक्त मनमोहन शर्मा (शूलिनी मेला समिति के अध्यक्ष), पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, एएसपी राजकुमार चंदेल सहित कई विभागों के अधिकारी और भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।