नाहन विधानसभा क्षेत्र के कांसर गांव में उपाध्यक्ष विनय कुमार ने 34 लाख रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय उच्च विद्यालय भवन के दो कमरों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
नाहन
शिक्षा को सशक्त बनाने पर सरकार का जोर
उपाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश विधानसभा विनय कुमार ने कहा कि शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की कुंजी है और प्रदेश सरकार लगातार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए ग्रामीण स्कूलों को बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है।
रेणुका-ददाहू-बिरला सड़क के लिए दो करोड़ स्वीकृत
उन्होंने बताया कि रेणुका-ददाहू-बिरला सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसका शिलान्यास मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन माध्यम से किया है।
विभागों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान विनय कुमार ने जनसमस्याओं को सुनते हुए जल शक्ति विभाग को पेयजल व्यवस्था में सुधार करने और बिजली विभाग को कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को बिरला-धौलाकुआं सड़क परियोजना को तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा कार्यक्रम
कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। पंचायत प्रधान रामलाल और जिला परिषद सदस्य ओमप्रकाश ने भी अपने विचार रखे और क्षेत्रीय समस्याओं को उपाध्यक्ष के समक्ष रखा। विनय कुमार ने आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
गणमान्य व्यक्तियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर हिमुडा निदेशक प्रदीप सूर्या, पंचायत उपप्रधान बीर सिंह, पूर्व प्रधान रक्षा देवी, धारटीधार जोन अध्यक्ष मोहन सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

