रानीताल, ढाबों मोहल्ला और पैड़ीवाला शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़, महाशिवरात्रि पर भक्तिमय हुआ सिरमौर जिला सिरमौर में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। विभिन्न शिवालयों में दिनभर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा।
सिरमौर
श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई महाशिवरात्रि
जिला सिरमौर में महाशिवरात्रि का पर्व रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शिव-पार्वती विवाह उत्सव के अवसर पर जिला भर के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी और दिनभर जलाभिषेक व पूजा-अर्चना का क्रम चलता रहा।
पैड़ीवाला नीलकंठ महादेव मंदिर में भव्य दृश्य
प्राचीन सतयुग कालीन पैड़ीवाला नीलकंठ महादेव मंदिर में भव्य दृश्य देखने को मिला। लगभग एक किलोमीटर लंबी कतार में खड़े श्रद्धालुओं ने अपनी बारी का इंतजार करते हुए जलाभिषेक किया।
रानीताल और नकटे के मंदिर में भक्तिमय माहौल
रानीताल शिव मंदिर में सुबह से ही भक्तों का जनसैलाब उमड़ा। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, शिव भक्ति गीत और धार्मिक आयोजनों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। कुम्हार गली स्थित नकटे के स्वयं सिद्ध शिव गौरा मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए भांग घोटा, भांग की पकौड़ी तथा व्रतधारियों के लिए काजू-बादाम की खीर की विशेष व्यवस्था की गई। मंदिर के मुख्य पुजारी सुनील दत्त ने श्रद्धालुओं को शिव-पार्वती विवाह कथा भी सुनाई।
ढाबों मोहल्ला सिद्ध शिव मंदिर में विवाह गीत
ढाबों मोहल्ला स्थित सिद्ध शिव मंदिर में महिलाओं ने शिव-पार्वती विवाह गीत गाए, जबकि युवतियों ने विवाह गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। यहां बाहरी राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मनोकामना पूर्ण होने पर विशेष पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरित किया।

अन्य शिवालयों में भी उमड़ी भीड़
फाउंड्री तालाब स्थित शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी महिलाओं द्वारा शिव विवाह गीत गाए गए और श्रद्धालुओं ने पूरे दिन पूजा-अर्चना में भाग लिया। जिले के प्रसिद्ध चूड़ेश्वर महादेव मंदिर, भुर्शिंग महादेव मंदिर, पातालेश्वर शिव मंदिर तथा झंडा जी शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा।
जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर राजीव बिंदल तथा नाहन से कांग्रेस विधायक अजय सोलंकी ने विभिन्न शिवालयों में शीश नवाकर पूजा-अर्चना की और शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. बिंदल ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिमाचल देवभूमि है और कण-कण में भगवान शिव का वास है। उन्होंने कामना की कि भगवान शिव सभी देशवासियों को शक्ति और सद्बुद्धि प्रदान करें।

विधायक का सौंदर्यकरण का आश्वासन
वहीं विधायक अजय सोलंकी ने श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व आस्था, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने पैड़ीवाला मंदिर में श्रद्धालुओं से संवाद करते हुए मंदिर तथा आसपास क्षेत्र के सौंदर्यकरण कार्य कराए जाने का भरोसा भी दिलाया, ताकि आने वाले समय में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

शहर में आस्था और उत्सव का संगम
महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर पूरे शहर में आस्था, भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला।










