किसानों पर भारी पड़ रही मौसम की बेरुखी, गेहूं सहित अन्य फसले तबाह..

The-indifference-of-the-wea.jpg

HNN/ ऊना

जिला में बारिश ना होने के कारण किसानों की फसलों पर विपरीत असर पड़ने लगा है। पिछले काफी लंबे समय से बारिश ना होने के कारण किसानों की चिंता लगातार बढ़ती ही जा रही है। बारिश न होने के साथ-साथ जिला में पड़ रहे कोहरे ने भी किसानों को चिंता में डाला हुआ है। एक तरफ कोहरे के कारण जिला शीतलहर की चपेट में आ चुका है तो वहीं दूसरी तरफ फसलें भी इससे तबाह हो रही है।

उपमंडल बंगाणा के कई क्षेत्रों में किसानों द्वारा खेतों में गेहूं सहित सरसों व कमांद की फसल लगाई गई है। परन्तु बढ़ती ठंड और कोहरे के कारण खेतों में गेहूं की फसल का रंग पीला पड़ रहा है। इतना ही नहीं सरसों व कमांद की फसल भी मौसम की बेरुखी की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। किसानों ने बताया कि इन दिनों घना कोहरा पड़ रहा है और महीनों से बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी है।

ऐसे में गेहूं और अन्य फसलें तबाह हो रही है। उन्होंने बताया कि अगर समय रहते बारिश नहीं हुई तो उनकी फसलें पूरी तरह से नष्ट हो जाएगी जिससे उन्हें भारी नुक्सान उठाना पड़ेगा।