Category: UNA

  • ऊना भाजयुमो मंडल अध्यक्ष साहिल बाली ने नई कार्यकारिणी घोषित की, युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर

    ऊना भाजयुमो मंडल अध्यक्ष साहिल बाली ने नई कार्यकारिणी घोषित की, युवाओं को संगठन से जोड़ने पर जोर

    ऊना/वीरेंद्र बन्याल

    भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल ऊना में संगठन विस्तार के तहत नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। अध्यक्ष साहिल बाली ने बताया कि नियुक्तियां ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती से चर्चा के बाद अंतिम रूप से तय की गई हैं। नई टीम में उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव, मीडिया व आईटी विंग सहित विभिन्न जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। नई कार्यकारिणी युवाओं को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए मंडल में संगठन को और मजबूत बनाने के लक्ष्य पर काम करेगी।

    उपाध्यक्ष पदों की जिम्मेदारियाँ
    वार्ड 9 से विवेक मेहता, बहडाला से विनोद शर्मा, मलाहत से भूपिंद्र सिंह राणा, रक्कड़ कालोनी से मयंक शर्मा, लोअर देहलां से राधा रमन और लोअर अरनियाला से नीतिश कुमार को उपाध्यक्ष बनाया गया है।

    महामंत्री व सचिव पदों की नियुक्तियाँ
    तरुण जैलदार (मलाहत) और अभय चौधरी (आबादा बाराना) को महामंत्री, जबकि मुकेश कुमार (लालसिंगी), गुरवचन गरेवाल (अपर देहलां), दीपक सैनी (लोअर अरनियाला), अजय चौधरी (रामपुर), शिव राणा (जलग्रां), राघव धीमान (अपर अरनियाला) और चमन लाल (बसोली) को सचिव की जिम्मेदारी मिली है।

    वित्त, मीडिया और सोशल मीडिया विंग का गठन
    पंकज शर्मा (बारसड़ा) को कोषाध्यक्ष और वीरेंद्र कुमार नोनी (भडोलियां खुर्द) को सह कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
    विकास पुरी (वार्ड 6) को प्रवक्ता और मोहित दूबे (मलाहत) को सह प्रवक्ता बनाया गया है।
    सोशल मीडिया संयोजक आदित्य जसवाल तथा सह संयोजक मनीष शर्मा होंगे।
    विवेक शर्मा (वार्ड 2) मीडिया संयोजक और सुधीर कुमार (वार्ड 10) सह मीडिया संयोजक होंगे।

    आईटी टीम एवं कार्यालय प्रबंधन
    आईटी संयोजक प्रताप राणा (बहडाला) तथा आईटी सह संयोजक अभिषेक धीमान और रिजुल वशिष्ट होंगे।
    अंशु पाबला (लोअर अरनियाला) कार्यालय सचिव और प्रखर धीमान (बसोली) कार्यालय सह सचिव होंगे।

    कार्यकारिणी सदस्यों की सूची
    गुरमीत सैनी, विशाल कुमार, अशोक कुमार, राहुल, हरजिंद्र सिंह, दीपांशु ठाकुर, मनीष कुमार, सिद्धार्थ राणा, इंदर ढेसी, महिंद्र मनकोटिया, यश कौशल, सशांक सिंह, गगन, विनोद ठाकुर, अभिषेक बसरन, कर्ण लखनपाल, सौरभ वशिष्ट, विशाल, नरेंद्र माहल, जसविंद्र सिंह, अनमोल चौधरी, बॉबी राजपूत, सुलभ रायजादा, नितिन चौधरी, सौरभ चौधरी, जतिन चौधरी, हरजोत, पवन कुमार और जसप्रीत सिंह शामिल किए गए हैं।

    संगठन को मजबूत बनाने पर फोकस
    साहिल बाली ने कहा कि कार्यकारिणी विस्तार का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और युवाओं को सक्रिय रूप से जोड़ना है। नई टीम पूरी निष्ठा और समर्पण से संगठन के लक्ष्यों पर कार्य करेगी।

  • ऊना नगर निगम पार्किंग में 20 मिनट वाहन खड़ा करने पर अब सिर्फ 10 रुपये देने होंगे

    ऊना नगर निगम पार्किंग में 20 मिनट वाहन खड़ा करने पर अब सिर्फ 10 रुपये देने होंगे

    यह व्यवस्था तुरंत प्रभाव से सभी नगर निगम पार्किंग स्थलों में लागू कर दी गई है।

    ऊना/वीरेंद्र बन्याल

    20 मिनट पार्किंग — सिर्फ 10 रुपयेनगर निगम आयुक्त एवं एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि शहर की सभी निगम पार्किंगों में 20 मिनट तक वाहन खड़ा करने पर केवल 10 रुपये का शुल्क तय किया गया है।

    यह नियम ओल्ड बस स्टैंड पार्किंग पर भी समान रूप से प्रभावी होगा।छोटे समय के पार्किंग उपयोगकर्ताओं को बड़ी राहतयह नया प्रावधान उन लोगों के लिए बेहद उपयोगी रहेगा जो कुछ ही मिनटों के काम के लिए शहर में आते हैं।

    शुल्क कम होने से जल्द पार्किंग उपलब्ध होगी और अनावश्यक सड़क किनारे रुकावट भी कम होगी।यातायात और पार्किंग अनुशासन मजबूत होगाआयुक्त ने कहा कि यह निर्णय ट्रैफिक सिस्टम को व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

    हाल ही में जिला प्रशासन द्वारा अवैध पार्किंग पर सख्ती से जुड़े कई निर्देश जारी किए गए थे, जिनके साथ यह नई पार्किंग नीति शहर में यातायात सुधार को और प्रभावी बनाएगी।

  • उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने राज्य स्तरीय अंडर-14 बालिका खेल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ, 10 जिलों की 440 बालिकाएं ले रहीं भाग

    उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने राज्य स्तरीय अंडर-14 बालिका खेल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ, 10 जिलों की 440 बालिकाएं ले रहीं भाग

    ऊना में राज्य स्तरीय अंडर-14 बालिका वर्ग खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त जतिन लाल ने सलोह स्थित वन विहारी नंद ब्रह्मचारी राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में 10 जिलों से आई 440 बालिकाएं हिस्सा ले रही हैं।

    ऊना/वीरेंद्र बन्याल

    तीन दिवसीय प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
    कार्यक्रम की शुरुआत मार्च पास्ट परेड से हुई, जिसमें उपायुक्त जतिन लाल ने प्रतिभागी टीमों की सलामी ली। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। उपायुक्त ने आयोजन के लिए स्कूल प्रबंधन की सराहना की और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

    खेलों से अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ता है
    अपने संबोधन में उपायुक्त जतिन लाल ने विद्यार्थियों से कहा कि वे पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रूप से भाग लें। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास होता है और यह अनुशासन, टीम भावना तथा आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि असफलता को हार नहीं, बल्कि सीखने का अवसर समझना चाहिए।

    नशे के खिलाफ युवाओं को किया जागरूक
    डीसी ऊना ने युवाओं से नशे की बुराई से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को मिलकर इस कुरीति को खत्म करने की दिशा में काम करना चाहिए ताकि युवा पीढ़ी सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ सके।

    प्रतियोगिता में होंगी तीन खेल विधाएं
    इस प्रतियोगिता के दौरान हॉकी, बास्केटबॉल और हैंडबॉल की प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त मेजबानी में प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।

  • सिरमौर के हरिपुरधार निवासी एचएएस अधिकारी पर गंभीर आरोप

    सिरमौर के हरिपुरधार निवासी एचएएस अधिकारी पर गंभीर आरोप

    ऊना में तैनात एसडीएम पर दुष्कर्म का केस दर्ज, शर्मसार हुआ गिरी पार

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ ऊना –

    जिला ऊना में तैनात एक एचएएस अधिकारी पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती की शिकायत पर पुलिस ने ऊना के एसडीएम विश्व मोहन देव चौहान के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है।

    युवती का आरोप है कि अधिकारी ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया और उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे लगातार प्रताड़ित किया।

    शिकायत के अनुसार, सिरमौर के हरिपुरधार निवासी एचएएस अधिकारी ने खुद ताइक्वांडो की खिलाड़ी इस युवती को खेल को बढ़ावा देने के बहाने बुलाया था। युवती ने पुलिस को बताया कि जब वह अधिकारी के दफ़्तर गई, तो वह उसे अपने कोर्ट चैंबर में ले गया, जहाँ उसने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और शादी का वादा कर 10 अगस्त, 2025 को उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

    युवती का आरोप है कि इसके बाद अधिकारी ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया। यही नहीं, उसने उसकी निजी वीडियो भी बना ली, जिसका इस्तेमाल वह उसे ब्लैकमेल करने के लिए करता रहा।

    पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग कर उसे 28 अगस्त, 8 सितंबर, 15 सितंबर और 17 सितंबर को भी जबरन बुलाया और संबंध बनाने के लिए मजबूर किया।

    पीड़िता ने यह भी बताया कि अब आरोपी अधिकारी शादी से मुकर रहा है और कह रहा है कि उसकी सगाई किसी डॉक्टर से हो चुकी है। बता दे कि विश्वदेव मोहन चौहान सिरमौर के गिरी पार हरिपुरधार के गरडिया (कोरग) निवासी है। इस शर्मसार घटना के बाद गिरी पार हाटी क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। वहीं पूरे जिला को इस घटना के बाद शर्मसार होना पड़ा है।

    इस धोखे के बाद युवती लगातार मानसिक प्रताड़ना का शिकार हो रही थी, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

  • भारी भूस्खलन से चंडीगढ़-मनाली हाईवे पांच घंटे बंद, शव वाहन फंसा ; ऊना में मूसलाधार बारिश से जलभराव, आज सभी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद

    भारी भूस्खलन से चंडीगढ़-मनाली हाईवे पांच घंटे बंद, शव वाहन फंसा ; ऊना में मूसलाधार बारिश से जलभराव, आज सभी शिक्षण संस्थान रहेंगे बंद

    मंडी/ऊना

    शनिवार सुबह मंडी-कुल्लू मार्ग के बीच पंडोह डैम से आगे कैंची मोड़ पर हुए भारी भूस्खलन से चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल हुआ, लेकिन इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, ऊना जिले में देर रात हुई मूसलाधार बारिश से शहर में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिसके चलते आज सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।

    भूस्खलन से राजमार्ग क्षतिग्रस्त, शव वाहन फंसा
    शनिवार सुबह करीब 4 बजे भूस्खलन से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने से हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और सतह पर दरारें दिखाई देने लगीं। इस दौरान कुल्लू से नूरपुर जा रहा एक शव वाहन कैंची मोड़ के पास फंस गया। चालक रूप लाल ने बताया कि वह सुबह 4 बजे से रास्ता खुलने का इंतजार कर रहे थे। एनएचएआई की मशीनरी सुबह 9 बजे मौके पर पहुंची और मार्ग को आंशिक रूप से बहाल किया गया।

    स्थानीय लोगों का रोष, गांव का संपर्क टूटा
    स्थानीय लोगों का कहना है कि पांच घंटे तक राहत कार्य शुरू नहीं हुआ और कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। केवल पुलिसकर्मी ही मौजूद थे। शिवाबदार गांव को जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग पहले ही टूट चुका है और दोबारा भूस्खलन से गांव का संपर्क लगातार दूसरे दिन भी पूरी तरह कटा रहा। कटोला-बजौरा जैसे वैकल्पिक मार्गों से छोटे वाहन निकाले जा रहे हैं, लेकिन भूस्खलन का खतरा वहां भी बना हुआ है।

    ऊना में मूसलाधार बारिश का कहर
    शुक्रवार देर रात हुई बारिश से ऊना जिले में हालात बिगड़ गए। शहर में कई जगहों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया। पतंजलि स्टोर के पीछे घरों में 10 फीट पानी जमा हो गया, जिससे लोग जान बचाने के लिए छतों पर चढ़ने को मजबूर हुए। डीएफओ रेजिडेंस और चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर भी जलभराव से यातायात बाधित हुआ।

    आज बंद रहेंगे सभी शिक्षण संस्थान
    लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला दंडाधिकारी जतिन लाल ने 2 अगस्त को ऊना जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए। उन्होंने लोगों से अपील की कि खड्डों व नदियों के किनारे जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में टोल-फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करें।

  • 9 जुलाई को ऊना में बंद रहेंगे सभी आंगनवाड़ी केंद्र

    9 जुलाई को ऊना में बंद रहेंगे सभी आंगनवाड़ी केंद्र

    केंद्र सरकार के खिलाफ गरजेंगी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, नीलम जसवाल ने केंद्र सरकार को बताया मजदूर विरोधी

    हिमाचल नाऊ न्यूज़ ऊना,

    श्रम संहिताओं के विरोध और न्यूनतम वेतन ₹21,000 की मांग को लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं 9 जुलाई को लामबंद होंगी। आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन की जिला कमेटी ने एक संयुक्त बयान में यह जानकारी दी।

    यूनियन ने कहा कि आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स 9 जुलाई को संयुक्त ट्रेड यूनियन के राष्ट्रीय आह्वान पर पूरे जिला ऊना मुख्यालय पर केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी और कर्मचारी विरोधी नीतियों का सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे।

    राज्य अध्यक्ष नीलम जस्वाल, जिला अध्यक्ष नरेश शर्मा, अनुराधा, आशा देवी, निर्मल सैनी और सरोज कुमारी ने बताया कि मौजूदा केंद्र सरकार आंगनवाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स पर काम का बोझ तो आए दिन बढ़ाती जा रही है, परंतु उनकी वेतन वृद्धि और उनकी सुरक्षा की चिंता सरकार को बिल्कुल भी नहीं है।

    यूनियन नेताओं ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी का केंद्र और राज्य का मानदेय एक साथ नहीं आता है। 11 सालों में आंगनवाड़ी के वेतन में एक रुपये की भी वृद्धि नहीं हुई है।

    उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने लिए, विधायकों और मंत्रियों के लिए आए दिन नई घोषणाएं करती है, परंतु मजदूर वर्ग की लगातार अनदेखी की जाती है।यूनियन के नेतृत्व ने कहा कि प्रदेश की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तब तक चुप नहीं बैठने वाली जब तक सरकार उन्हें हरियाणा की तर्ज पर वेतन नहीं देती।

    उन्होंने कहा कि सरकार काम के हर नए फरमान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं पर थोप देती है, परंतु जब आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स अपने हक की बात सरकार के समक्ष उठाती हैं तब उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंगती।

    नई शिक्षा नीति के चलते ECCE केंद्रों के संचालन के लिए आंगनवाड़ी कर्मियों से खिलवाड़ किया जा रहा है और प्री-नर्सरी के चलते आंगनवाड़ी कर्मियों के रोजगार पर बन आई है।

    आंगनवाड़ी नेतृत्व ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पहले भी लड़कर अपने हक लिए हैं और भविष्य में भी इस लड़ाई को जारी रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मजदूर वर्ग का हक छीनने वाली सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

    आंगनवाड़ी एवं हेल्पर्स यूनियन ने बताया कि पोषण ट्रैकर के नाम पर कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। यूनियन नेताओं ने कहा कि हर महीने लाभार्थियों से OTP लेने के बाद THR देना पड़ता है, जिसके लिए लाभार्थी सुरक्षा कारणों से आनाकानी करते हैं।

    इसके साथ ही पौषाहार की आपूर्ति की गुणवत्ता भी सही नहीं है, जिस वजह से लोग आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। बार-बार विभाग को इस बाबत सूचित किया जा चुका है, परंतु विभाग पर आंगनवाड़ी वर्कर्स के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

    यूनियन नेतृत्व ने कहा कि तीन-तीन माह बाद केंद्र से मिलने वाला मानदेय आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को नहीं मिलता है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। आंगनवाड़ी नेतृत्व ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ किए जा रहे इस व्यवहार के चलते यूनियन 9 जुलाई को सीटू के बैनर तले इस हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेंगी और सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों का विरोध करेंगी।

    इस हड़ताल के समर्थन में जिला में हजारों की संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे और पूरे जिले में सभी आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

  • झलेड़ा-घालूवाल पुल को 37 करोड़ में चार लेन में बदला जाएगा : मुकेश अग्निहोत्री

    झलेड़ा-घालूवाल पुल को 37 करोड़ में चार लेन में बदला जाएगा : मुकेश अग्निहोत्री

    ऊना/वीरेंद्र बन्याल

    उपमुख्यमंत्री और हरोली विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुकेश अग्निहोत्री के नेतृत्व में हरोली क्षेत्र में विकास की एक और बड़ी परियोजना की शुरुआत की गई है। अब झलेड़ा-घालूवाल पुल को 37 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन में बदला जाएगा। इस परियोजना को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से मंजूरी मिल चुकी है।

    नई परियोजना की स्वीकृति और मंजूरी

    मुकेश अग्निहोत्री ने ऊना में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में बताया कि इस परियोजना की स्वीकृति के लिए पिछले एक साल से मंत्रालय और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ चर्चा चल रही थी। 31 मार्च को इस पुल के लिए 36 करोड़ 93 लाख रुपये की मंजूरी मिली। उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और एनएचएआई के चेयरमैन का आभार व्यक्त किया।

    1962 के पुल की जगह नया चार लेन पुल बनेगा

    मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 1962 में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रताप चंद कैंरों द्वारा बनवाया गया झलेड़ा-घालूवाल पुल अब छोटे आकार के कारण यातायात में रुकावट उत्पन्न कर रहा था। इसके पायों पर अत्यधिक दबाव बनने के कारण कई बार यह पुल मरम्मत के लिए बंद रहा। अब इस पुल को चार लेन में बदलने से क्षेत्रवासियों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।

    हरोली में सड़कों और पुलों का विकास

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली क्षेत्र में पुलों और सड़कों के निर्माण से सभी स्थानों को मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। पंडोगा-त्यूड़ी पुल इस वर्ष 52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को सहूलियत होगी। इसके अलावा, हरोली-रामपुर पुल पहले ही बन चुका है, जो एक प्रमुख आकर्षण बन चुका है।

    विकास में विरोध करने वालों के लिए डॉक्टरी सलाह की आवश्यकता

    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली के विकास से जिन लोगों को पीड़ा हो रही है, उन्हें अपनी स्थिति पर ध्यान देना चाहिए और समय रहते डॉक्टरी सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि विकास की गति और तेज़ होगी, और यह कुछ लोगों के लिए और परेशानी का कारण बनेगा।

    केंद्र से धन लाने के लिए समर्पण और इच्छाशक्ति जरूरी

    मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र से धन लाने के लिए इच्छाशक्ति, ठोस रिश्ते और समर्पण की आवश्यकता होती है। हरोली क्षेत्र के लिए लगातार बड़ी परियोजनाओं की मंजूरी मिल रही है। हाल ही में 75 करोड़ रुपये की बीत क्षेत्र सिंचाई परियोजना-2 को मंजूरी मिली है।

    इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा और सुभद्रा चौधरी भी मौजूद रहे।

  • उना / इंदिरा गांधी प्यारी बहना योजना में देरी, उना की हजारों महिलाएं अब भी इंतजार में

    उना / इंदिरा गांधी प्यारी बहना योजना में देरी, उना की हजारों महिलाएं अब भी इंतजार में

    ऊना: हिमाचल प्रदेश सरकार की इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना में देरी से हजारों महिलाओं को अब भी लाभ का इंतजार है। जिला ऊना में इस योजना के तहत 8679 महिलाओं ने आवेदन किया था, जिनमें से 7280 महिलाओं को जून 2024 में मासिक सहायता राशि मिलने की घोषणा की गई थी। हालांकि, अब तक उनके बैंक खातों में एक भी रुपया नहीं पहुंचा है।

    ग्राम सभा की स्वीकृति में फंसा मामला

    जिला कल्याण अधिकारी अनीता शर्मा ने जानकारी दी कि जिन महिलाओं के खातों में पैसे भेजे जाने थे, उनके आवेदन ग्राम सभाओं से अनुमोदित नहीं हुए थे। इस कारण से आवेदनों को पुनः ग्राम सभाओं के पास भेजा गया है ताकि वहां से स्वीकृति मिलने के बाद ही राशि जारी की जा सके। अभी तक केवल 300 आवेदन ही ग्राम सभाओं से स्वीकृत होकर वापस आए हैं।

    7339 आवेदन अब भी लंबित

    विभाग के अनुसार, 7339 महिलाओं के आवेदन अब भी लंबित हैं और ग्रामसभा से स्वीकृति का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि जैसे ही बाकी आवेदनों को ग्रामसभा से स्वीकृति मिलेगी, उन्हें निदेशालय को भेजा जाएगा और आगे की प्रक्रिया पूरी कर लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर की जाएगी।

    महिलाएं कर रहीं सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग

    आवेदन करने वाली कई महिलाओं ने सरकार से इस योजना के तहत जल्द सहायता राशि जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार ने हर महिला को ₹1500 प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन अब तक उसे पूरा नहीं किया गया है। महिलाओं का आरोप है कि सरकार ने योजना तो शुरू कर दी लेकिन इसके लाभार्थियों तक पैसा नहीं पहुंचा, जिससे उन्हें निराशा का सामना करना पड़ रहा है।

  • ऊना में ‘स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर’ अभियान के तहत वेस्ट-टू-कंपोस्ट प्रणाली को बढ़ावा

    ऊना में ‘स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर’ अभियान के तहत वेस्ट-टू-कंपोस्ट प्रणाली को बढ़ावा

    कृषि उपज मंडी समिति के साथ बैठक, कचरा निस्तारण और खाद बनाने पर जोर

    ऊना नगर निगम ने वेस्ट-टू-कंपोस्ट प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को कृषि उपज मंडी समिति ऊना के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में गीले कचरे से खाद बनाने और सूखे एवं हानिकारक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के महत्व पर चर्चा की गई।

    नगर निगम ऊना के आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2016 के तहत जो संस्थान या व्यवसाय रोजाना 50 किलोग्राम या इससे अधिक कचरा उत्पन्न करते हैं, उन्हें अपने स्तर पर सूखा और गीला कचरा अलग-अलग कर उसका निस्तारण करना अनिवार्य होगा।

    वेस्ट-टू-कंपोस्ट प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान

    महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि नगर निगम ऊना बल्क वेस्ट जनरेटरों के साथ बैठकें करेगा, जिनमें –

    • सब्जी मंडियां
    • होटल
    • ढाबे
    • रेस्ट हाउसेज
    • अस्पताल

    शामिल होंगे। इन बैठकों के माध्यम से गीले, सूखे और हानिकारक कचरे को सही ढंग से अलग करने और वैज्ञानिक निस्तारण के तरीकों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वेस्ट-टू-कंपोस्ट प्रणाली से न केवल कचरे का सही उपयोग होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को भी बढ़ावा मिलेगा।

    स्वच्छता को लेकर संयुक्त प्रयास आवश्यक

    इस बैठक में कृषि उपज मंडी समिति के सचिव ठाकुर भूपिंदर सिंह, नगर निगम के सफाई पर्यवेक्षक विजय कुमार, अर्बन प्लानर अंजू सोनी, सुशील गुप्ता, अभिषेक पठानिया, बबली और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

    स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम ऊना स्थानीय व्यवसायों और आम नागरिकों को भी जागरूक करने की योजना बना रहा है, जिससे सभी मिलकर स्वच्छ और समृद्ध शहर बनाने की दिशा में योगदान दे सकें।

  • EKYC / उपभोक्ता 31 दिसम्बर तक विद्युत मीटर को आधार कार्ड से लिंक करना करें सुनिश्चित – सुनील कुमार

    EKYC / उपभोक्ता 31 दिसम्बर तक विद्युत मीटर को आधार कार्ड से लिंक करना करें सुनिश्चित – सुनील कुमार

    विद्युत उपमंडल बसाल के तहत आने वाली सभी घरेलू उपभोक्ता 31 दिसम्बर तक अपने विद्युत मीटर खाता संख्या को आधार कार्ड से लिंक (केवाइसी) करवाना सुनिश्चित बनाएं।

    यह जानकारी विद्युत उपमंडल बसाल के सहायक अभियंता इंजीनियर सुनील कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि केवाइसी करवाने के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड और बिजली का नया और पुराना बिल जैसे दस्तावेज लाना अनिवार्य होगा। केवाईसी के दौरान उपभोक्ता आधार कार्ड से लिंक मोबाइल साथ रखें।  

    उन्होंने कहा यदि कोई उपभोक्ता केवाईसी करवाने में सहयोग नहीं करता है या केवाईसी नहीं करवाना चाहता तो भविष्य में वह उपभोक्ता बिजली के बिलों में मिलने वाली सुविधाओं से वंचित रह सकता है।

    इसके अतिरिक्त सुनील कुमार ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने माह नवंबर, दिसंबर या उससे पहले के महीनों के बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है वह निर्धारित समय पर भुगतान करना सुनिश्चित बनाएं अन्यथा बिजली का कनेक्शन बिना किसी अग्रिम नोटिस के काट दिया जाएगा।