पहली बार प्रदेश में किसी सत्ता दल को उप चुनावों में इतनी बड़ी हार का मुंह देखना पड़ा- राठौर

HNN/ शिमला

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मंडी संसदीय क्षेत्र सहित तीन विधानसभा अर्की,जुब्बल कोटखाई फतेहपुर उप चुनावों में कांग्रेस की शानदार जीत पर खुशी प्रकट करते हुए कहा है कि लोगों ने भाजपा के धनबल को पूरी तरह ठुकरा दिया है। उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश में किसी सत्ता दल को उप चुनावों में इतनी बड़ी हार का मुंह देखना पड़ा है, जहां उसे एक भी सीट पर जीत हासिल नही हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में जनमत खो दिया है अब उसे सत्ता में बैठने का कोई नैतिक अधिकार नही है।

कांग्रेस ने 9 विधानसभा क्षेत्रों में शानदार जीत हासिल की है इसलिए मुख्यमंत्री को प्रदेश में अब जल्द चुनाव करवाने चाहिए। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कुलदीप सिंह राठौर ने इस जीत का श्रेय पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं व लोगों को दिया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि इन चुनावों में वीरभद्र सिंह नही थे। उनकी कमी बहुत खली। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह का आशीर्वाद उनपर था और सदैव बना रहेगा।

कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश में हुए उप चुनाव कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के कुशल नेतृत्व व राहुल गांधी के मार्गदर्शन के साथ प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी गुर कीरत सिंह व संजय दत्त के दिशा निर्देश में हुआ जिसमें कांग्रेस ने एक बड़ी जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक की नही पूरे संगठन की है और संगठन मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। राठौर ने इन चुनाव परिणामों पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की प्रतिक्रिया पर जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा बहुत थोड़े अंतर से हारी है पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने 9 विधानसभा क्षेत्रों में जहां भाजपा को पिछले चुनावों में बढ़त मिली थी,वहां उसे इन उप चुनावों में मुंह की खानी पड़ी है।

उन्होंने कहा मुख्यमंत्री अपनी हार को नही पचा पा रहें। राठौर ने कहा कि चुनाव से पूर्व भाजपा इसे अपना सेमीफाइनल बता कर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में अपनी जीत को लेकर देख रही थी।मुख्यमंत्री ने मंडी संसदीय क्षेत्र में क्षेत्रवाद का नारा देकर लोगों को उनके प्रत्याशी को जिताने की दुहाई दी थी।उन्होंने कहा कि भाजपा ने बढ़ती महंगाई बेरोजगारी, लचर कानून व्यवस्था, अर्थव्यवस्था,शून्य विकास के खिलाफ वोट किया है।


Posted

in

,

by

Tags: