Loading...

बजट सत्र ही होगा विधानसभा का आगामी सत्र, 16 फरवरी से शुरुआत

Shailesh Saini 10 Feb 2026 Edited 10 Feb 1 min read

राज्यपाल के अभिभाषण से शुरू होगी कार्यवाही, पहले चरण में तीन दिन का सत्र तय

हिमाचल नाऊ न्यूज़ – शिमला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का आगामी सत्र बजट सत्र ही होगा। 16 फरवरी से शुरू होने वाले इस सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में विधानसभा परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने स्पष्ट किया कि यह सत्र नए कैलेंडर वर्ष और नए वित्तीय वर्ष का पहला सत्र है, इसलिए इसकी शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण से की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 16 फरवरी को दोपहर 2 बजे राज्यपाल का अभिभाषण होगा।विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि राज्यपाल के अभिभाषण के बाद, नियमों के अनुसार यदि पिछले सत्र के दौरान किसी माननीय सदस्य का निधन हुआ है, तो उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

इसके उपरांत विधायी कार्यवाही आरंभ होगी। बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव और बजट प्रस्तुति सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्य संपन्न होंगे।कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि फिलहाल उपलब्ध जानकारी के अनुसार सत्र के पहले चरण में 16, 17 और 18 फरवरी को विधानसभा की तीन बैठकें प्रस्तावित हैं।

बजट पेश करने की तिथि को लेकर सरकार की ओर से औपचारिक सूचना मिलते ही मीडिया को अवगत कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि विधानसभा का पोर्टल सभी माननीय विधायकों के लिए खोल दिया गया है।

विधायक लिखित और मौखिक प्रश्नों सहित सभी प्रकार के नोटिस भेज सकते हैं। नोटिस प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और तय समय सीमा पूरी होने के बाद सत्र से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। विधानसभा की ओर से 15 फरवरी को मीडिया इंटरैक्शन भी आयोजित किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हर सत्र से पहले कानून व्यवस्था के मद्देनज़र पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की जाती है।

बजट सत्र के दौरान सुरक्षा, नियमों के पालन, मीडिया प्रतिनिधियों और आगंतुकों की पास व्यवस्था सहित सभी आवश्यक प्रबंधों को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।