पीएम की सुरक्षा पर अंतरराष्ट्रीय साजिश के विरोध में कश्यप ने शुरू किया हस्ताक्षर अभियान

HNN/ नाहन

पीएम की सुरक्षा में हुई चूक को अंतरराष्ट्रीय साजिश करार देते हुए पंजाब सरकार के विरोध में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। मंगलवार को प्रेस वार्ता आयोजित करते हुए कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को सद्बुद्धि मिले और उनकी आत्मा को जगाया जाए ताकि उन्हें पता चले कि देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा कितनी महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश भर में पीएम के खिलाफ पंजाब सरकार द्वारा रची गई अंतरराष्ट्रीय साजिश के विरोध में हस्ताक्षर अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान पूरे प्रदेश में सभी मंडलों में शुरू किया गया है।

उन्होंने वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि भाजपा के द्वारा राज्यपाल के माध्यम से पंजाब में राष्ट्रपति शासन लगाने के लिए राष्ट्रपति को ज्ञापन भी प्रेषित किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पहले तो जानबूझकर लोगों को पीएम की जनसभा में आने से रोका। साथ ही उन गाड़ियों को भी रोका गया जिनमें लोग पीएम की जनसभा में आ रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूट की जानकारी का लीक होना पंजाब सरकार के द्वारा यह सोची समझी रणनीति के तहत ही किया गया है।

उन्होंने पंजाब की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि रूट की जानकारी लिक होने पर कुछ ही मिनटों में प्रदर्शनकारी रास्तों पर खड़े हो गए थे। यही नहीं मौके से मिले वीडियो में यह भी साफ सुना जा सकता है जिसमें प्रदर्शनकारियों को पीएम के जनसभा में जाने पर रोकने के लिए उनका धन्यवाद किया जा रहा था। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरा प्रकरण उस स्थान पर गठित हुआ जो कि पाकिस्तान के बहुत नजदीक है। जाहिर है सब कुछ एक सोची-समझी रणनीति के तहत हुआ है।

उन्होंने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय रहते बड़ी साजिश का भंडाफोड़ हो गया। अन्यथा पंजाब सरकार अपनी साजिश में कामयाब हो जाती। सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि आज पूरा देश और प्रदेश पंजाब सरकार के इस कृत्य पर रोष प्रकट कर रहा है। कश्यप ने कहा कि पीएम नरेंद्र भाई मोदी ना केवल प्रदेश के प्रधानमंत्री हैं बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त दिग्गज नेता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पीएम की सुरक्षा में हुई चूक को लेकर वे हस्ताक्षर अभियान के तहत बढ़-चढ़कर अपना विरोध दर्ज करें।

पांच राज्य में होने जा रहे चुनाव पर प्रदेश भाजपा की तैयारियों पर पूछे गए सवाल के जवाब में कश्यप ने कहा कि प्रदेश भाजपा इसके लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में केवल पंजाब और उत्तराखंड की जिम्मेवारी उन्हें मिली है। जिसके लिए पार्टी के पदाधिकारी और नेता दोनों राज्यों में भेज दिए गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने ना केवल भाजपा शासित राज्यों में बल्कि सभी राज्यों में एक समान दृष्टिकोण से विकास किया है। विकास के दम पर ही पांचों राज्यों में भाजपा निश्चित रूप से जीत हासिल करेगी।


Posted

in

,

by

Tags: