Loading...

पेट्रोल पंप पर हमला : दराट और तलवार से वार कर लगभग 60,000 रुपये लूटे

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 23 Feb 2025 • 1 Min Read

Himachalnow / ऊना

ऊना के टाहलीवाल में सनसनीखेज लूट, दो कर्मचारी घायल, पुलिस जांच जारी

ऊना जिले के टाहलीवाल क्षेत्र में स्थित जियो पेट्रोल पंप पर शनिवार तड़के लूटपाट और हमले की सनसनीखेज वारदात हुई। दो बाइक सवार लुटेरों ने तेजधार हथियारों से कर्मचारियों पर हमला कर लगभग 60,000 रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस हमले में दो कर्मचारी घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के करीब 3:10 बजे दो युवक बाइक पर सवार होकर जियो पेट्रोल पंप, नंगल कलां, टाहलीवाल पहुंचे। इनमें से एक युवक पेट्रोल भरवाने के बहाने कर्मचारियों के कमरे तक पहुंचा। जैसे ही कर्मचारी बाहर निकले, दोनों लुटेरों ने दराट और तलवार निकालकर हमला कर दिया

शिकायतकर्ता विपिन (20), निवासी भवानीपुर, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथी लवली कुमार और मोहित कुमार के साथ ड्यूटी पर था। जब वह पेट्रोल भरने के लिए बाहर निकला, तो एक लुटेरे ने अचानक दराट निकाल लिया और उनके कमरे की ओर भागा। विपिन ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह भीतर घुस गया और वहां मौजूद लवली और मोहित पर हमला कर दिया

इस बीच दूसरा लुटेरा, जो तलवार लेकर खड़ा था, कमरे की ओर बढ़ने लगा। विपिन ने खतरा भांपते हुए दरवाजा बंद कर लिया, लेकिन हमलावरों ने शीशा तोड़कर कुंडी खोल दी और अंदर घुसकर तीनों को बुरी तरह पीटा।

कैश और मोबाइल लूटकर भागे लुटेरे

हमलावरों ने कर्मचारियों को बुरी तरह घायल करने के बाद पेट्रोल पंप का सारा कैश लूट लिया। उन्होंने कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी छीन लिए और भागने से पहले उन्हें पंप के बाहर फेंक दिया। इस दौरान वे करीब 60,000 रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए

घटना के तुरंत बाद पीड़ित कर्मचारियों ने पेट्रोल पंप मालिक और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और लुटेरों की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस का बयान

पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में कुछ अहम सबूत हाथ लगे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार टाहलीवाल पुलिस चौकी के संपर्क में है और लुटेरों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है

बढ़ती घटनाओं से दहशत

ऊना जिले में पेट्रोल पंपों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बढ़ती आपराधिक घटनाएं लोगों में डर का माहौल बना रही हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।