Loading...

विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम ने आर्थिक संकट और निजीकरण पर जताई चिंता , 17 दिसंबर को राज्य स्तरीय समारोह में भाग लेने की अपील

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 13 Dec 2024 • 1 Min Read

विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम की बैठक में आर्थिक स्थिति पर चिंता व्यक्त

विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम की एक महत्वपूर्ण बैठक ददाहु में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में फोरम के प्रदेश उपमहासचिव जगमेल सिंह ठाकुर, टी.आर. शर्मा, हुकम सिंह राणा, करतार चंद, बलदेव सिंह और इम्प्लाईज़ यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवान दास सहित कई पेंशनर्स ने भाग लिया। बैठक में विद्युत बोर्ड लिमिटेड की खराब आर्थिक स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की गई और इसके लिए प्रबंधन, विशेष रूप से वित्तीय प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया गया।

फोरम ने पेंशनर्स की लंबित बकाया राशि जैसे संशोधित वेतनमान, ग्रेच्युटी और अन्य वित्तीय लाभों का समय पर भुगतान न होने पर नाराजगी जताई। कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने बताया कि 1 जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और लीव-इन-कैशमेंट का भुगतान अभी तक अधूरा है। पेंशनर्स ने प्रदेश सरकार और विद्युत बोर्ड से लंबित वित्तीय लाभों का शीघ्र भुगतान करने और 75 वर्ष से अधिक आयु वाले पेंशनर्स को बकाया राशि तुरंत देने की मांग की है।

बैठक में निजीकरण का भी विरोध किया गया। वक्ताओं ने चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हड़ताल कर रहे कर्मचारियों के समर्थन में अपनी बात रखी। उन्होंने निजीकरण को जनविरोधी बताते हुए कहा कि यह सरकारी संपत्तियों को कुछ कॉरपोरेट घरानों को सस्ते में बेचने की साजिश है। चंडीगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा गया कि 25 हजार करोड़ की संपत्तियां मात्र 871 करोड़ में नीलाम कर दी गईं। वक्ताओं ने निजीकरण के खिलाफ देशभर के कर्मचारियों, पेंशनर्स और आम जनता को एकजुट होने का आह्वान किया।

फोरम ने 17 दिसंबर 2024 को राष्ट्रीय पेंशनर दिवस के उपलक्ष्य में हमीरपुर के वसंत रिजॉर्ट में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सभी पेंशनर्स से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। इस आयोजन में भविष्य की रणनीति तय की जाएगी ताकि पेंशनर्स और कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा की जा सके।