सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल उत्सव का विधिवत समापन हुआ। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की उपस्थिति ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
सोलन/बद्दी
खेल उत्सव का भव्य समापन
सेंट बीर्स इंटरनेशनल स्कूल, बद्दी में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल उत्सव का समापन समारोह उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। समारोह में राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं महिला वर्ल्ड कप विजेता टीम के अंतरराष्ट्रीय कोच संजीव ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि महिला कबड्डी वर्ल्ड कप विजेता 2025 एवं एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट डिफेंडर साक्षी शर्मा विशिष्ट अतिथि रहीं।
विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
मुख्य अतिथि संजीव ठाकुर और साक्षी शर्मा ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता रहे विद्यार्थियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर हिमाचल कबड्डी एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव कुलदीप राणा, जिम्नास्टिक एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव दीपक रौनक तथा संयुक्त सचिव भानु शर्मा भी उपस्थित रहे।
विविध खेलों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
खेल उत्सव के दूसरे दिन दूसरी से नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने 100 व 200 मीटर दौड़, रिले रेस, चेयर रेस, लेमन रेस, हुला हूप स्किपिंग, पुशअप एंड कलेक्ट बॉल्स सहित कई खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाई। इसके साथ योगा, जुम्बा डांस, स्केटिंग, मार्शल आर्ट और खेल नृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
ताइक्वांडो प्रदर्शन रहा आकर्षण का केंद्र
ताइक्वांडो की विशेष प्रस्तुति में विद्यार्थियों और कोच सुरेश कुमार ने आग के गोले के बीच से कूदने और जलती टाइलें तोड़ने का साहसिक प्रदर्शन कर पूरे खेल मैदान को रोमांचित कर दिया।
अनुशासन और संघर्ष पर दिया संदेश
मुख्य अतिथि संजीव ठाकुर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन और संघर्ष ही सफलता के मूल मंत्र हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने और नकारात्मक सोच से दूर रहने की प्रेरणा दी। साक्षी शर्मा ने अपने संबोधन में गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु ही खिलाड़ी को सही दिशा देकर सफलता तक पहुंचाता है।
स्कूल प्रबंधन ने जताया गर्व
स्कूल के चेयरमैन कुलबीर राणा, मैनेजिंग डायरेक्टर करणवीर राणा एवं प्रिंसिपल दिव्या राणा ने कहा कि खेलों में भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है और स्कूल भविष्य में भी विद्यार्थियों को ऐसे मंच प्रदान करता रहेगा।

