Loading...

दुकान में चरस-भुक्की बेच रहा आरोपी गिरफ्तार

Shailesh Saini 21 Dec 2025 Edited 21 Dec 1 min read

एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने की पुष्टि, आरोपी को अदालत ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा

राजगढ़/नाहन:

जिला सिरमौर पुलिस ने नशा माफिया के विरुद्ध अपनी जीरो टॉलरेंस की नीति को जारी रखते हुए राजगढ़ क्षेत्र में नशीले पदार्थों के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चरस और भुक्की बरामद करने में सफलता हासिल की है।

​मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि शनिवार को पुलिस थाना राजगढ़ की टीम गश्त पर तैनात थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूत्रों से पुख्ता जानकारी मिली कि राणाघाट निवासी विकास राणा, पुत्र नरेश कुमार, अपनी दुकान में मादक पदार्थ बेचने का अवैध धंधा करता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान पर छापा मारा।

​तलाशी के दौरान पुलिस ने विकास राणा के कब्जे से 546 ग्राम भुक्की और 472 ग्राम चरस बरामद की। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। रविवार को आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश हुए हैं।

नशा तस्करों को एसपी की चेतावनी

एसपी निश्चिंत सिंह नेगी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशा माफिया के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस तस्करों के नेटवर्क को खंगाल रही है और इस मामले में आगामी तफ्तीश जारी है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशे का अवैध धंधा होता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि युवा पीढ़ी को इस दलदल से बचाया जा सके।