ऊना जिला प्रशासन ने स्कूली विद्यार्थियों के स्कूटी या बाइक से स्कूल आने के मामलों पर सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त जतिन लाल ने शिक्षा विभाग और पुलिस को निर्देश दिए हैं कि इस प्रवृत्ति पर तुरंत रोक लगाई जाए और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
नाबालिग विद्यार्थियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों में स्पष्ट निर्देश जारी करें — यदि किसी स्कूल परिसर में छात्रों की स्कूटी या बाइक खड़ी मिली, तो संबंधित प्रधानाचार्य की जवाबदेही तय की जाएगी।
स्कूलों के आसपास बढ़ाई जाएगी निगरानी
जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी ने एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को स्कूलों के आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। नाबालिग बच्चों को स्कूटी या बाइक चलाते देखा जाने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही अभिभावकों को भी जागरूकता के लिए शामिल करने पर बल दिया गया।
हर स्कूल में चलेगा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान
डीसी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के बीच सड़क सुरक्षा पर मासिक गतिविधियां आयोजित की जाएं। हर माह की रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी।
ब्लैक स्पॉट सुधार और फिटनेस जांच पर जोर
डीसी ने आरटीओ को स्कूली बसों की फिटनेस प्रमाणन प्रक्रिया में सख्ती बरतने और जिले के ब्लैक स्पॉट्स जैसे गगरेट, अंब और दौलतपुर चौक में सुधार कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। सड़कों के किनारे स्थित स्कूलों के पास बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाने पर भी जोर दिया गया।
सड़क हादसों में मदद करने वालों को मिलेगा सम्मान
उपायुक्त ने बताया कि सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले नागरिकों को जिला प्रशासन की ओर से ₹25,000 की नकद प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जो केंद्र सरकार की गुड सेमैरिटन योजना के अतिरिक्त होगी। यह पहल समाज में संवेदनशीलता और मदद की भावना को प्रोत्साहित करेगी।
ओवरस्पीड और लापरवाह ड्राइविंग पर जीरो टॉलरेंस नीति
डीसी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि ओवरस्पीड, ओवरटेकिंग और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों को सुरक्षित, अतिक्रमण-मुक्त और यातायात जोखिम रहित बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर काम करें।

