हिमाचल प्रदेश सरकार ने जमीन की रजिस्ट्री और इंतकाल प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और पेपरलेस बना दिया है। अब लोगों को रजिस्ट्री या इंतकाल के लिए राजस्व कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि यह सुविधा घर बैठे माई डीड पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध होगी।
शिमला
डिजिटल हस्ताक्षर और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनिश्चित होगा कार्य
सरकार ने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रक्रिया में डिजिटल हस्ताक्षर और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी कार्य पूरे किए जाएंगे। इससे पारदर्शिता के साथ समय और संसाधनों की भी बचत होगी। राजस्व अधिकारियों को इस नई प्रणाली के संचालन के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
500 से अधिक ऑनलाइन रजिस्ट्रियां हो चुकीं पूरी
प्रदेश में अब तक 500 से अधिक रजिस्ट्री ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जा चुकी हैं। प्रारंभिक चरण में कुछ जिलों में नेटवर्क समस्याओं के चलते बाधाएं आई थीं, जिन्हें सरकार ने अब पूरी तरह दूर कर दिया है।
इंतकाल सुविधा के लिए नए नियम तैयार
सरकार इंतकाल की प्रक्रिया को भी ऑनलाइन करने जा रही है, जिसके लिए आवश्यक नियम तैयार किए जा रहे हैं। इससे नागरिकों को भूमि संबंधी कार्यों के लिए किसी सरकारी कार्यालय में जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
राजस्व कर्मचारियों का कार्यभार घटेगा
ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से पटवारी और कानूनगो के कार्य में तेजी और सरलता आएगी। सरकार का कहना है कि यदि कभी इंटरनेट सेवाएं बाधित होती हैं, तो ऐसे मामलों में सेटेलाइट तकनीक की मदद ली जाएगी। इस दिशा में भी कार्य आरंभ हो चुका है।

