Category: पच्छाद

  • एक लाख युवाओं को देंगे रोजगार- विक्रमादित्य सिंह

    एक लाख युवाओं को देंगे रोजगार- विक्रमादित्य सिंह

    विक्रमादित्य बोले- 40 करोड़ से पक्की होगी मरयोग-धरयाल सड़क

    HNN/ पच्छाद

    हिमाचल के लोक निर्माण व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सिरमौर जिला के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की उप तहसील नारग में दो दिवसीय जिला स्तरीय नगरकोटी मेले का समापन किया। इससे पूर्व उन्होंने माता नगरकोटी मंदिर में शीश नवाया तथा परम्परानुसार पूजा अर्चना की। वह मंदिर से मेला स्थल तक शोभा यात्रा में भी शामिल हुए। विक्रमादित्य सिंह का नगरकोटी पहुंचने पर क्षेत्र की जनता ने शानदार स्वागत किया।

    इस अवसर पर संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने हरित राज्य बजट प्रस्तुत किया है जिसमें समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। यह बजट प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाने वाला तथा समाज के सभी वर्गों की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो प्रदेश की जनता से वायदे किये हैं, सभी पूरे किये जाएंगे। ओपीएस बहाल करके प्रदेश के 1.36 लाख कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ पहुंचा है।

    उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में 20 हजार करोड़ का निवेश इसी साल होगा जिससे प्रत्यक्ष व अपरोक्ष तौर पर प्रदेश के 90 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को मजबूत बनाना हमारी प्राथमिकता है और सरकारी क्षेत्र में पांच सालों में एक लाख युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगे और इस साल 30 हजार युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगे। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार हिमाचल प्रदेश को देश का पहला हरित राज्य बनाने के संकल्प को पूरा करेगी और पहले ही बजट में निजी बस आप्रेटरों को ई. वाहनों की खरीद पर 50 प्रतिशत के उपदान की घोषणा की गई है।

    इससे अनेक पढ़े लिखे बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार के साधन भी उपलब्ध होंगे। सभी सरकारी वाहनों को चरणवद्ध ढंग से इलेक्ट्रिक वाहनों में परिवर्तित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने महिलाओं को 1500 रुपए हर महीने प्रदान करने का वायदा किया है और इसे चरणवद्ध ढंग से पूरा करेंगे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति के दर्पण हैं और इनके आयोजन से जहां हम अपनी सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण कर पाते हैं, वहीं आपस में मेल जोल व भाई चारा भी बढ़ता है।

    उन्होंने युवा पीढ़ी का आह्वान किया कि मेले व त्यौहारों में बढ़ चढ़ कर भाग लें और अपनी परम्पराओं को जानें तथा इनका अनुसरण करें ताकि एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण की परिकल्पना साकार हो सके। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि राज्य की सड़कों की हालत में सुधार करेंगे। उन्होंने कहा कि सोलन-सनोरा-नेरी-छैली सड़क के निर्माण के लिये एक सौ करोड़ रूपये मंजूर हुए हैं। बागवानों के लिये यह सड़क मील का पत्थर साबित होगी।

    उन्होंने कहा कि ओछघाट से नारग सड़क की हालत दयनीय है। इसको पक्का करने के लिये वर्तमान सरकार ने 4 करोड़ रुपए स्वीकृत किये हें। इसी प्रकार मरयोग से धरयाल सडक पक्की करने के लिये 40 करोड़ तथा नैणा टिक्कर से दयोथल सड़क को पक्का करने के लिये 13 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। उन्होंने नगरकोटी क्रिकेट मैदान को विकसित करने के लिये संबंधित विभाग को इसका प्राक्कलन तेयार करने को कहा।

    उन्होंने मेले के दौरान आयोजित खेल कूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किये। विक्रमादित्य सिंह ने मेले के आकर्षण कुश्ती का भी आनंद उठाया। सचिव प्रदेश कांग्रेस समिति दयाल प्यारी तथा खंड कांग्रेस समिति के अध्यक्ष जय प्रकाश चैहान ने स्वागत किया तथा क्षेत्र की समस्याओं से मंत्री को अवगत करवाया।

  • राजगढ़ क्षेत्र में खाई में गिरा व्यक्ति हुई मौत

    राजगढ़ क्षेत्र में खाई में गिरा व्यक्ति हुई मौत

    खेतों में गया था काम करने अचानक हुआ हादसा

    HNN News राजगढ़

    पच्छाद विधानसभा उपमंडल राजगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बोहल- टालिया में 54 वर्षीय व्यक्ति हादसे का शिकार हो गया है।

    राजगढ़ पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी जगमोहन सिंह पुत्र रणदीप सिंह बुधवार को अपने खेतों में काम करने गया था।

    सीडी नुमा खेत पर काम करने के दौरान अचानक जगमोहन का पांव फिसल गया और वह गहरी खाई में लुढ़क गया। बहुत देर तक जब जगमोहन घर नहीं लौटा तो उसकी पत्नी उसे देखने खेतों की और गई।

    खेत के समीप पहुंचकर जब उसने हलोनी पुल के समीप अपने पति को गंभीर स्थिति में देखा तो उसके होश उड़ गए। स्थानीय लोगों की मदद से जगमोहन को राजगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

    मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी अस्पताल में चिकित्सकों के द्वारा जगमोहन को मृतक करार दिया गया। जगमोहन की मौत की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दी गई।

    पुलिस के द्वारा तमाम औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बाद शव का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। खबर की पुष्टि डीएसपी राजगढ़ अरुण मोदी के द्वारा की गई है।

  • बदमाशों ने चलती ट्रेन से सिरमौर के 25 वर्षीय युवक को फेंका बाहर, अस्पताल में भर्ती

    बदमाशों ने चलती ट्रेन से सिरमौर के 25 वर्षीय युवक को फेंका बाहर, अस्पताल में भर्ती

    HNN/ पच्छाद

    जालंधर-जम्मू रेल मार्ग पर तीन बदमाश ट्रेन में यात्रियों के सामान से छेड़छाड़ कर रहे थे। जब ट्रेन में सवार एक फौजी ने उनका विरोध किया तो उन तीनो बदमाशों ने उसे चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया। घटना के बाद घायल को गंभीर हालत में टांडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्स्कों ने उसे होशियारपुर के सिविल अस्पताल में रेफर किया है। बता दें फौजी 25 वर्षीय सचिन शर्मा पुत्र देव स्वरूप निवासी नब्बल गांव उपमंडल पच्छाद जिला सिरमौर का रहने वाला है।

    जानकारी के मुताबिक, सचिन डयूटी वापस जाने के लिए सोमवार को अपने घर से निकला था। इस दौरान ट्रेन में सफर के दौरान टांडा के नजदीक कुछ बदमाश ट्रेन में चढ़ गए। इस दौरान सचिन से भी लूटपाट की गई। जिसके बाद उन बदमाशों ने सचिन को चलती ट्रेन से बाहर फैंक दिया गया। हालाँकि गनीमत यह रही कि सचिन को हादसे में गंभीर चोट नहीं आई। तकरीबन एक घंटे बाद पंजाब के होशियारपुर जिले में दारापुर फाटक के करीब ट्रेन की पटरी के किनारे सचिन को होश आ गया।

    बेहोशी की हालत में वो पटरी के किनारे बेसुध पड़ा रहा। घायल को वहां मौजूद लोगों द्वारा तुरंत नजदीक के अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद फौजी को होशियारपुर के सरकारी अस्पताल में रैफर किया गया। सचिन ने बताया कि उसकी सरकारी वर्दी व अन्य सामान लुटेरे ले गए हैं। बता दें कि सचिन जम्मू-कश्मीर में तैनात है। करीब एक महीने की छुट्टी के बाद अंबाला से जम्मू की ट्रेन ली थी। जीआरपी मामले की जांच कर रही है।

  • पुलिस ने चरस सहित धरे दो युवक, पूछताछ जारी….

    पुलिस ने चरस सहित धरे दो युवक, पूछताछ जारी….

    HNN/ पच्छाद

    जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान में सफलता प्राप्त की है। मामला जिला सिरमौर के उपमंडल पच्छाद का है, यहां पुलिस ने चरस सहित दो युवकों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान, प्रत्युष शर्मा 22 निवासी गांव बासु पच्छाद जिला सिरमौर व आशुतोष 22 निवासी गांव धरीयार पच्छाद जिला सिरमौर के रूप में हुई हैं।

    जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम उपमंडल पच्छाद में मताहन लिंक रोड पर नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार (HP 16 AA 0668) को जांच के लिए रुकवाया। जब पुलिस ने कार सहित दोनों युवकों की तलाशी ली तो उनसे 421 ग्राम चरस बरामद हुई।

    पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि पच्छाद थाना के प्रभारी ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

  • जयहर स्कूल मे बच्चों को दी पोक्सो एक्ट व बच्चों से संबंधित कानून की जानकारी

    जयहर स्कूल मे बच्चों को दी पोक्सो एक्ट व बच्चों से संबंधित कानून की जानकारी

    HNN/ पच्छाद

    राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जयहर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बच्चों को पोक्सो एक्ट व बच्चों से सम्बन्धित व कानूनों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इस शिविर के प्रारंभ में पच्छाद बाल विकास परियोजना अधिकारी दीपक चौहान ने विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

    इसके बाद लीगल कम प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद शमीम ने जिला बाल सरंक्षण इकाई सिरमौर का परिचय दिया मोहम्मद शमीम  ने बच्चों को गर्भधारण पूर्व और प्रसवपूर्व निदान-तकनीक, पोक्सो अधिनियम, किशोर न्याय संशोधित 2021 अधिनियम, बाल श्रम निषेध अधिनियम व बाल विवाह निषेध अधिनियम सहित साइबर अपराध के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम, फॉस्टर केयर, स्पॉन्सरशिप व दत्तक ग्रहण की जानकारी भी दी।

    डॉक्टर आयुर्वेदा मीनू व पर्यवेक्षक सरोज बाला ने बच्चों को स्वास्थ्य सम्बन्धित महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस दौरान चाइल्ड हेल्प लाइन व 1098 के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजेश रघुवंशी ने बाल विकास परियोजना अधिकारी पच्छाद व जिला बाल सरंक्षण विभाग द्वारा बच्चों को दी गई जानकारी को अपने तक न रख कर समाज में जन जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।

    इस शिविर में बाल विकास परियोजना अधिकारी दीपक चौहान, पर्यवेक्षक सरोज बाला, जिला बाल सरंक्षण कार्यालय से लीगल कम प्रोबेशन ऑफिसर मोहम्मद शमीम, ब्लॉक को- ओर्डिनेटर पवन, स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर मीनू, आँगन बाड़ी कार्यकर्ता, प्रधानाचार्य राजेश रघुवंशी, अन्य अध्यापक सहित लगभग 200 बच्चों ने भाग लिया।

  • पच्छाद में हादसे का शिकार हुई कार, चालक की मौके पर मौत

    पच्छाद में हादसे का शिकार हुई कार, चालक की मौके पर मौत

    HNN/ पच्छाद

    जिला सिरमौर के उपमंडल पच्छाद में एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान नंदलाल निवासी जिला सोलन के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है साथ ही आईपीसी के धारा 279, 337, 304 A के तहत में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, नंदलाल ड्यूटी के बाद अपनी कार (HP 14B- 4140) में सवार होकर घर की ओर जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वह देवथल छाय की हलटी कालाघट रोड़ के समीप पहुंचा तो अचानक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

    जब स्थानीय लोगों ने गाड़ी को दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में देखा तो उन्होंने चालक को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाना चाहा परंतु तब तक नंदलाल दम तोड़ चुका था। घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

    सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बता दें मृतक लोक निर्माण विभाग सराहा डिवीजन में कार्यरत था। पुलिस ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही अमल में लाई है।

  • भूरेश्वर मंदिर के प्रांगण में 51 फुट ऊंची लगेगी शिव की प्रतिमा- उपायुक्त आर.के गौतम

    भूरेश्वर मंदिर के प्रांगण में 51 फुट ऊंची लगेगी शिव की प्रतिमा- उपायुक्त आर.के गौतम

    महाशिवरात्रि पर्व पर पच्छाद निवासियों को डीसी ने दी बड़ी सौगात

    HNN/ पच्छाद

    जिला सिरमौर के उपमंडल पच्छाद के आराध्यदेव भुरेश्वर महादेव मन्दिर स्थली पर भगवान शिवजी की 51 फुट ऊँची प्रतिमा बनने जा रही है। जिससे यह स्थली अब और रमणीक हो जाएगी। महाशिवरात्रि पर्व पर पच्छाद निवासियों को बड़ी सौगात मिली है। आराध्यदेव भूरेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शिव प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसकी ऊंचाई 51 फिट होगी।

    उपायुक्त सिरमौर राम कुमार गौतम ने इसकी आधारशिला रखी। इससे शिवालिक पर्वतमाला के कवाग्धार की मनोरम पहाड़ी पर स्तिथ इस ऐतिहासिक स्थल का ओर भी अधिक महत्व बढ़ जाएगा। महाशिवरात्रि के अवसर पर सिरमौर के उपायुक्त राम कुमार गौतम पच्छाद के आराध्यदेव भुरेश्वर महादेव मन्दिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

    इस मौके पर एसडीएम पच्छाद डॉ. संजीव धीमान, मन्दिर कमेटी प्रधान मदन मोहन अत्रि, पंचायत प्रधान राजेश्वरी शर्मा,महंत परमेश्वर दास जी समेत कई व्यक्ति मौजूद रहे।

  • पच्छाद के किसान की 5 वर्षीय बेटी आहना एक साल से है कैंसर पीड़ित

    पच्छाद के किसान की 5 वर्षीय बेटी आहना एक साल से है कैंसर पीड़ित

    अब तक इलाज पर खर्च हो चुकी 6 लाख रुपए से अधिक की राशि- लोगों के सहयोग की है जरूरत

    HNN/ पच्छाद

    जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की बजगा पंचायत के भूरबड निवासी किसान करुण ठाकुर डाकघर गागल शिकोर की 5 वर्षीय बेटी आहना पिछले 1 वर्ष से कैंसर की बीमारी से जूझ रही है। किसान करुण ठाकुर अपनी 5 वर्ष की बेटी आहना ठाकुर पर 1 वर्ष में 6 लाख रूपए से अधिक राशि खर्च कर चुके हैं। अब वह अपनी बेटी का इलाज कराने में असमर्थ हो रहे हैं।

    क्योंकि किसान के पास जो कुछ था, वह सारी राशि उन्होंने बेटी के इलाज में लगा दी। 1 वर्ष से आहना का इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार आहना को न्यूरो ब्लास्टोमा नामक कैंसर है। जिसका अगले 3 वर्षों तक और इलाज चलना है। करुण ठाकुर ने देश व प्रदेश के लोगों से अपनी 5 वर्षीय बेटी के इलाज के लिए जो भी संभव हो सके, वह सहायता करने का आग्रह किया हैं।

    आहना ठाकुर का बैंक खाता हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक सराहां सिरमौर शाखा में है। जिसका अकाउंट नंबर 56610118367 आईएफएससी कोड (HPSC0000566) हैं। जो भी लोग कैंसर के इलाज से पीड़ित आहना की सहायता करना चाहते हैं। वह उसके बैंक खाते में अपने सामर्थ्य अनुसार सहायता राशि जमा करवा सकते हैं। करुण ठाकुर का मोबाइल नंबर 8219748996 हैं। एक किसान की बेटी को बचाने के लिए सभी लोगों से सहयोग की अपेक्षा रहेगी।

  • प्रदेश हाईकमान ने किया पच्छाद कांग्रेस मण्डल का विस्तार, अधिसूचना ज़ारी…

    प्रदेश हाईकमान ने किया पच्छाद कांग्रेस मण्डल का विस्तार, अधिसूचना ज़ारी…

    HNN/ शिमला

    प्रदेश हाईकमान द्वारा पच्छाद कांग्रेस मण्डल का विस्तार कर दिया गया है। प्रदेश महासचिव रजनीश किमटा ने इस संबंध में अधिसूचना ज़ारी कर दी है। कांग्रेस मण्डल पच्छाद के नव नियुक्त प्रवक्ता व महासचिव हेमन्त अत्री ने इन नियुक्तियों के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह सहित समूचे प्रदेश नेतृत्व, ज़िला कांग्रेस, पच्छाद प्रभारी अजय कंवर, प्रदेश सचिव व पच्छाद कांग्रेस प्रत्याशी दयाल प्यारी, ज़िला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष आनंद परमार व समस्त कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

    उन्होंने बताया कि सभी से विचार विमर्श के पश्चात प्रदेश नेतृत्व व दयाल प्यारी की अगुवाई में वरिष्ठ व युवा कार्यकर्ताओं को नियुक्ति प्रदान कर पच्छाद कांग्रेस की एक संतुलित टीम का गठन किया गया है जो आने वाले समय में कांग्रेस की विचारधारा व नीतियों को हर घर तक पहुँचाएगी व पार्टी की मज़बूती व बेहतरी के लिए वचनबद्ध रहेगी। जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि अभी केवल मण्डल स्तर की कार्यकारिणी का गठन हुआ है जिसका आगामी विस्तार जोन और बूथ स्तर की कमेटियों के रूप में किया जाएगा।

    इसके अतिरिक्त प्रत्येक स्तर पर महिला विंग, ओबीसी, अनु.जा, युवा प्रकोष्ठ, मीडिया आदि प्रकोष्ठ भी गठित किए जाएंगे जिनमें प्रत्येक पँचायत व बूथ से पदाधिकारी नियुक्त किए जाएँगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमन्त्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मार्गदर्शन में पच्छाद कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी व कार्यकर्ता हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा में भाग लेंगे। ज़िला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार ने बताया कि यह यात्रा गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2023 को हिमाचल निर्माता डॉ यशवंत सिंह परमार की जन्मस्थली चन्हालग से शुरू होगी।

  • 36 वर्षीय व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल कर की आत्महत्या

    36 वर्षीय व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल कर की आत्महत्या

    HNN/ पच्छाद

    जिला सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र की वासनी पंचायत के भोड़ी गांव में एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने व्यक्ति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। इसके साथ ही पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं जिसके आधार पर आगामी कार्यवाही अमल में लाई गयी है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनवीर सिंह उम्र 36 वर्ष भोडी निवासी ने जहर निगल लिया जिसके बाद उसकी तबियत बिगड़ी और उसे तुरंत सोलन के अस्पताल पहुंचाया गया। यहां जब धनवीर की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो उसे उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।

    उपचार के दौरान धनवीर सिंह 1 जनवरी को शिमला से बिना बताए भागकर घर आ गया जिसके बाद उसने बीती रात घर पर ही दम तोड़ दिया। वहीं इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

    मामले की पुष्टि एएसआई मोतीलाल ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।