Category: UNA

  • तेंदुए की दस्तक / लोगों की सुरक्षा के लिए उपायुक्त ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी

    तेंदुए की दस्तक / लोगों की सुरक्षा के लिए उपायुक्त ने जारी की सुरक्षा एडवाइजरी

    लोअर अरनियाला और आस-पास के क्षेत्र के सार्वजनिक स्थानों पर तेंदुए को देखे जाने की सूचना मिली है। प्राप्त  सूचना के आधार पर वन विभाग द्वारा इसकी पुष्टि भी की गयी है। इस संबंध में जिला आपदा प्रबंधन एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष और उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने लोगों की सुरक्षा के मद्देनज़र एडवाइजरी जारी की है।

    उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि गाँव के आस-पास के इलाकों में जाते समय अकेले न जाएं। रात के समय घर से बाहर न निकलें, विशेष रूप से अंधेरे में अकेले बाहर जाने से बचें। जरूरत पड़ने पर टोर्च, लाठी लेकर ही घर से बाहर निकलें। घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करें। बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखें, बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर न जाने दें।

    पालतू जानवरों को सुरक्षित रखें, पालतू जानवरों को खुले में न रखें। उन्हें रात के समय घर के भीतर रखें व मवेशियों को बाड़े में रखें। यदि आप तेंदुए की उपस्थिति का अनुभव करते हैं, तो शोर मचाएं। तेंदुए आमतौर पर शोर से डरकर भाग जाते हैं। आस-पास के जंगल या झाड़ियों में न जाएं।


    इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि तेंदुए अक्सर झाड़ियों और घने जंगलों में छिपे रहते हैं। इन स्थानों पर जाने से बचें। यदि तेंदुए दिखाई पडे़ तो स्थानीय वन विभाग या प्रशासन के आपातकालीन नम्बरों  01975- 225045, 225046, 225049 पर सूचना दें। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जब भी बाहर निकले तो सतर्क रहें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

  • गोविंद सागर झील में नाव चालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

    गोविंद सागर झील में नाव चालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

    खंड विकास कार्यालय बंगाणा के सहयोग से एनडीआरएफ की टीम ने शनिवार को गोविन्द सागर झील के विभिन्न घाटों के नाव चालकों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में लगभग 50 से 60 नाव चालकों और झील के आसपास के गावों में रहने वाले ग्रामीणों ने भाग लिया।


    उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने जानकारी दी कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल आपदाओं, दुर्घटनाओं की रोकथाम और न्यूनीकरण के लिए नाव चालकों को जागरूक और प्रशिक्षित करना है ताकि जलमार्गों पर सुरक्षा मानकों को मजबूत और आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को विकसित किया जा सके। प्रशिक्षण में क्षेत्रीय नाव चालकों और ग्रामीणों को जल सुरक्षा के नवीनतम तकनीकों, प्राथमिक चिकित्सा, बचाव उपकरणों के उपयोग और आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं आपातकालीन स्थितियों में नाव संचालन से संबंधित आधुनिक तकनीकों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

    इस दौरान एनडीआरएफ के विशेषज्ञों ने नाव चालकों को प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़ और तूफान के दौरान अपनी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कौशल सिखाने के साथ-सााि बचाव उपकरण जैसे लाइफ जैकेट, रेस्क्यू बोट्स और संचार उपकरणों का सही तरीके से उपयोग करना सिखाया गया। उन्होंने आपात स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित निकालने और प्राथमिक चिकित्सा प्रदान करने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। प्रशिक्षण में स्थानीय जलमार्गों की विशिष्ट चुनौतियों और उनके प्रभावी समाधान पर चर्चा की गई।


    एनडीआरएफ के अधिकारी असिस्टेंट कमांडेंट सुनील कुमार ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य नाव चालकों को आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना है ताकि वे किसी भी जल दुर्घटना की स्थिति में प्रभावी तरीके से प्रतिक्रिया कर सकें और जनहानि को न्यूनतम कर सकें। उन्होंने कहा कि नाव चालकों की भूमिका आपदाओं के दौरान बहुत महत्वपूर्ण होती है। इस प्रशिक्षण से उन्हें आपात स्थितियों में त्वरित और प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने की क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी।
    प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों ने इसकी सराहना की और इसे जलमार्गों की सुरक्षा के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।

  • राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज बॉक्सिंग प्रतियोगिता में ऊना के तीन खिलाड़ियों ने जीते पदक

    राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज बॉक्सिंग प्रतियोगिता में ऊना के तीन खिलाड़ियों ने जीते पदक

    सभी खिलाड़ियों का अंतर्राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया चयन

    वीरेंद्र वनियाल की रिपोर्ट

    हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में आयोजित हिमाचल राज्य स्तरीय इंटर कॉलेज बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सक्षम बॉक्सिंग क्लब जिला ऊना के तीन खिलाड़ियों ने पदक जीतकर अपने जिले का नाम रोशन किया है।

    इस प्रतियोगिता में पूरे हिमाचल प्रदेश से लगभग 100 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। सक्षम बॉक्सिंग क्लब जिला ऊना से तीन खिलाड़ियों साहिल (70 किलोग्राम), आर्यन (80 किलोग्राम) और कार्तिक (92+ किलोग्राम) ने हिस्सा लिया और अपने अपने वर्ग में पदक जीते।

    कार्तिक और आर्यन राजकीय महाविद्यालय ऊना के छात्र हैं, जबकि साहिल अंब महाविद्यालय का छात्र है। सक्षम बॉक्सिंग क्लब जिला ऊना के खिलाड़ियों के साथ कोच सोनिया रॉय, कोच अवतार और कोच राजेश शर्मा ने बतौर कोच जिला ऊना का प्रतिनिधित्व किया और गोल्ड मेडल जिला ऊना और सक्षम बॉक्सिंग क्लब के नाम किया।

    वर्ष 2024 में लगभग 17 खिलाड़ियों ने स्टेट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता है और सभी खिलाड़ियों का चयन अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

  • रा व मा विद्यालय कशमीर में  समाज सुधार,अपराध नियंत्रण और हेल्थ कैंप का हुआ आयोजन

    रा व मा विद्यालय कशमीर में समाज सुधार,अपराध नियंत्रण और हेल्थ कैंप का हुआ आयोजन

    उप मंडल नादौन के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कशमीर में “अपराध नियंत्रण एव समाज सुधार संगठन “तथा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने शिरकत की।इसमें मुख्यातिथि सिंह ने अपराध होने के बारे, उस पर नियंत्रण करने तथा समाज को सुधारने के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वह अपने बच्चों को केवल सरकारी विद्यालयों में ही शिक्षा प्रदान करवाएं।

    उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का अनुरोध किया और नशे के दूरगामी परिणाम के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि नशे की अंतिम अवस्था मृत्यु ही है।उन्होंने कहा कि जिला हमीरपुर में “बार अगेंस्ट ड्रग्स का गठन 15 अक्टूबर को नशे के खिलाफ किया गया। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि नशा वर्तमान में सबके लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

    सामुदायिक सहयोग पुलिस को हमेशा से मिलता आ रहा है। और आगामी समय में थाना सदर क्षेत्र में आने वाले सभी ग्राम पंचायत में चुने गए पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों के संचालकों, प्रधानाचार्यों और कुछ बुद्धिजीवी लोगों को साथ जोड़कर समाज को नशे के घातक नतीजों के बारे में जागरूक किया जा रहा है, और इसका लाभ आगामी समय में और भी बेहतर होगा।

    इस कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अंत में प्रवक्ता अरुणा ने आए हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

  • राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में करियर, काउंसलिंग और आईक्यूएसी सेल द्वारा विशेष वार्ता शिविर का आयोजन

    राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में करियर, काउंसलिंग और आईक्यूएसी सेल द्वारा विशेष वार्ता शिविर का आयोजन

    राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार के सभागार में वीरवार को करियर, काउंसलिंग और आईक्यूएसी सेल द्वारा एक विशेष वार्ता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का विषय “कैरियर निर्माण और सॉफ्ट स्किल्स” था।

    मुख्य वक्ता के रूप में चितकारा विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के संजीव दोसान्ज, अशवनी और शुभम ने विद्यार्थियों को कैरियर निर्माण और सॉफ्ट स्किल्स के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। संजीव दोसान्ज ने विद्यार्थियों को बताया कि सपने एक दिन में पूरे नहीं होते, इसके लिए निरंतर प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह जानना जरूरी है कि जीवन में हमें क्या करना है और कैसे करना है। उन्होंने छात्रों को सॉफ्ट स्किल्स जैसे संचार कौशल, टीमवर्क और समय प्रबंधन के बारे में भी जानकारी दी।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने इस प्रयास को विद्यार्थियों के लिए भविष्य के मार्गदर्शन के रूप में सराहा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को सशक्त बनाने में मदद मिली है।

    कार्यक्रम का समापन करते हुए डॉ. रामकुमार नेगी ने छात्रों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करने की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि बिना लक्ष्य के किसी भी कार्य में सफलता नहीं मिल सकती।

    इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के विभिन्न क्लबों और इकाइयों के सदस्य जैसे ऊर्जा क्लब, एनएसएस इकाई, रेड रिबन, रेड क्रॉस और स्पोर्ट्स क्लब ने विशेष रूप से भाग लिया। इसके अलावा, महाविद्यालय के प्राध्यापक वर्ग और कार्यालय कर्मचारी भी उपस्थित थे।

  • महाविद्यालय चौकीमन्यार में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर चित्रण प्रतियोगिता का आयोजन

    महाविद्यालय चौकीमन्यार में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर चित्रण प्रतियोगिता का आयोजन

    राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में रोड सेफ्टी क्लब द्वारा “सड़क सुरक्षा और यातायात के नियम” विषय पर एक चार्ट मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में छात्रों ने सड़क सुरक्षा के महत्व को चित्रित करते हुए अपने विचारों को आकर्षक और रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया।

    प्रतियोगिता में काजल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राहुल ने द्वितीय स्थान और नम्रता ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा, नेहा को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने विजेता प्रतियोगियों को शुभकामनाएं देते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। प्राचार्य ने आज के समय में यातायात के बदलते स्वरूप और मानवीय संबंधों पर भी चर्चा की, साथ ही चालक की जिम्मेदारी को सड़क सुरक्षा में अहम बताया।

    इस अवसर पर महाविद्यालय के इको क्लब, ऊर्जा क्लब, एनएसएस इकाई, रेड रिबन क्लब, आपदा प्रबंधन और रेड क्रॉस क्लब के सदस्य भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। इसके अतिरिक्त, प्रो. कविता कौशल, डॉ. रामकुमार नेगी, प्रो. नवीन शर्मा और समस्त कार्यालय कर्मचारी भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे।

  • मौसम आधारित फसलों का बीमा अवश्य करवाएं किसान – डॉ० कुलभूषण धीमान

    मौसम आधारित फसलों का बीमा अवश्य करवाएं किसान – डॉ० कुलभूषण धीमान

    जिला में आठवां फसल बीमा सप्ताह 7 दिसंबर तक मनाया जा रहा है। इस सप्ताह के दौरान किसानों को फसल बीमा योजना के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। यह जानकारी कृषि उपनिदेशक डॉ कुलभूषण धीमान ने गत दिवस 8वें फसल बीमा सप्ताह के शुभारंभ अवसर के दौरान दी। डॉ कुलभूषण धीमान ने किसानों से अपील की है कि वे 15 दिसंबर तक गेहूं की फसल और 31 दिसम्बर तक आलू की फसल का बीमा करवाएं ताकि मौसम की विपरीत परिस्थितियों से होने वाले नुकसान से बचा जा सके।


    बीमा की प्रक्रिया और लाभ


    डॉक्टर कुलभूषण धीमान ने बताया कि एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी द्वारा मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत ऊना और हरोली ब्लॉक के आलू उत्पादकों की फसल का बीमा किया जाएगा। किसान अपनी फसल का बीमा 31 दिसम्बर तक करवा सकते हैं। इस योजना में किसान को प्रति कनाल 25 रूपये प्रीमियम और 5 हजार रूपये की बीमित राशि मिलेगी। उन्होंने बताया कि जो अऋणी किसान अपनी फसल का बीमा करवाना चाहते हैं वे अपने नजदीकी लोक मित्र केंद्र में आवश्यक दस्तावेजों जैसे कि आधार कार्ड, बैंक पासबुक, जमीनी फर्द एवं फसल बुआई प्रमाण पत्र और जो किसान ठेके पर जमीन लेकर खेती करते हैं उन्हें हलफनामा बनवाकर फसल का बीमा करवा सकते हैं। ऋणी किसानों की फसल का बीमा स्वचालित रूप से बैंक शाखाओं द्वारा कर दिया जाता है।

    उन्होंने यह भी बताया कि पिछले वर्षों में किसानों को बीमा योजना से काफी लाभ हुआ है। जैसे, 2022 में 34 लाख 30 हजार रुपये के प्रीमियम पर 1 करोड़ 60 लाख रुपये का क्लेम दिया गया था, जबकि 2023 में 84 लाख 95 हजार रुपये के प्रीमियम पर 3 करोड़ 85 लाख रुपये का क्लेम वितरित किया गया। अधिक जानकारी के लिए एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के जिला समन्वयक कैप्टन मोहन कुमार (मोबाइल 73886-68654) और क्षेमा जनरल इंश्योरेंस कंपनी के जिला समन्वयक हर्ष मेहता (मोबाइल 70181-12282) से संपर्क किया जा सकता है।

  • ‘ईट राइट मेला’: स्वास्थ्य, पोषण और विकास के नए आयाम

    ‘ईट राइट मेला’: स्वास्थ्य, पोषण और विकास के नए आयाम

    रविवार को ऊना में आयोजित ‘ईट राइट मेला’ में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की और पारंपरिक पौष्टिक व्यंजनों के महत्व को उजागर किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य को बढ़ावा देगी बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में सहायक होगी। उन्होंने जिला प्रशासन से ऊना के हर विधानसभा क्षेत्र में ऐसे आयोजन कराने का सुझाव दिया।

    यह मेला जिला प्रशासन ऊना और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के सहयोग से आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य लोगों को सही आहार और बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। उपमुख्यमंत्री ने सभी स्टॉल का निरीक्षण किया और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखते हुए स्थानीय उत्पादों की सराहना की। मेले में 30 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थ, जैविक उत्पाद, और पारंपरिक व्यंजन प्रदर्शित किए गए।

    ऊना जिले में विकास के लिए नई योजनाओं की घोषणा

    मेले के दौरान उपमुख्यमंत्री ने ऊना जिले में चल रहे विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिले में 2000 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाएं चल रही हैं, जिनसे हर खेत तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने ऊना-हरोली पुल को एक व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करने और पुल के दोनों ओर फूड मार्केट स्थापित करने का सुझाव दिया। इसके अलावा, आलू आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए योजनाओं की घोषणा की गई।

    उन्होंने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के भव्य भवन के निर्माण के लिए 300 करोड़ रुपये की योजना तैयार है। साथ ही, मंदिर परिसरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    ऊना को नशामुक्त और अवैध खनन मुक्त जिला बनाने पर जोर

    श्री अग्निहोत्री ने ऊना को नशामुक्त और अवैध खनन मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने प्रशासन से मादक पदार्थों और अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों में निरंतर प्रयासरत है और युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

    मेले में विधायक सुदर्शन सिंह बबलू और जिला उपायुक्त जतिन लाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। मेले की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इस आयोजन ने स्वास्थ्य, जागरूकता और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई शुरुआत की।

  • उपमुख्यमंत्री ने हरोली के लिए तय किया विकास का रोडमैप

    उपमुख्यमंत्री ने हरोली के लिए तय किया विकास का रोडमैप

    हरोली को विकास में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने का लक्ष्य

    हरोली विधानसभा क्षेत्र में समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से रविवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने एक महत्वपूर्ण बैठक की। यह बैठक हरोली के एसडीएम कार्यालय सभागार में आयोजित हुई, जिसमें उन्होंने अधिकारियों और पंचायत सचिवों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली को विकास के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना हमारा लक्ष्य है।

    विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर
    बैठक में उपमुख्यमंत्री ने पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों का फीडबैक लिया और अधिकारियों से कार्यों की समय सीमा निर्धारित करने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिया कि स्वीकृत बजट को किसी भी हालत में रोका न जाए। इसके साथ ही पंचायत सचिवों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हुए कार्यों की सूची तैयार करें, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

    ‘बेस्ट पंचायत सचिव’ सम्मान की घोषणा
    मुकेश अग्निहोत्री ने घोषणा की कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत सचिवों को ‘बेस्ट पंचायत सचिव’ सम्मान से नवाजा जाएगा। इस पहल का उद्देश्य पंचायत स्तर पर बेहतर कार्य को प्रोत्साहित करना और कर्मचारियों को उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करना है।

    जरूरतमंदों को राहत चेक वितरित
    बैठक के दौरान मुख्यमंत्री राहत कोष से हरोली विधानसभा क्षेत्र के जरूरतमंदों को 5.20 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। यह राशि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए प्रदान की गई।

    बैठक में कांग्रेस नेता रणजीत राणा, उपायुक्त जतिन लाल, एसपी राकेश सिंह, एसडीएम विशाल शर्मा, बीडीओ वीरेंद्र कुमार कौशल, पंचायत सचिव और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। उपमुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को हरोली के विकास में अधिक सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

  • तलमेहडा में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित, 150 मरीजों की हुई जांच

    तलमेहडा में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित, 150 मरीजों की हुई जांच

    तलमेहडा में निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित, 150 मरीजों की हुई जांच

    उप तहसील जोल और ग्राम पंचायत खरयालता के अंतर्गत तलमेहडा में रविवार को सिटी आइज़ अस्पताल बंगाणा द्वारा निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ ग्राम पंचायत खरयालता के उप-प्रधान अशोक शर्मा ने किया। शिविर में 150 मरीजों ने अपनी आंखों की जांच करवाई, जिसमें सफेद और काले मोतिया की पहचान और उपचार के लिए उचित सलाह दी गई। मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

    शिविर का संचालन सिटी आइज़ अस्पताल बंगाणा के डॉ. मुकेश मधुरिया और उनकी टीम ने किया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत सहायक साबित हुआ। खासतौर पर वृद्ध मरीजों को इससे काफी राहत मिली।

    शिविर के आयोजन में उप-प्रधान अशोक शर्मा और अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। अशोक शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की सेवाएं समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए बेहद लाभकारी होती हैं और भविष्य में भी ऐसी पहल को जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।