Category: DELHI

  • दिल्ली पुलिस शारीरिक परीक्षा के लिए हिमाचली अभ्यर्थियों को दिल्ली में मुफ्त ठहरने व भोजन की सुविधा

    दिल्ली पुलिस शारीरिक परीक्षा के लिए हिमाचली अभ्यर्थियों को दिल्ली में मुफ्त ठहरने व भोजन की सुविधा


    दिल्ली पुलिस की लिखित परीक्षा पास करने वाले हिमाचली युवक-युवतियों को शारीरिक परीक्षा के दौरान सहायता दी जाएगी। अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन के साथ ठहरने और भोजन की निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।


    दिल्ली

    हिमाचल मित्र मंडल ने की विशेष व्यवस्था

    दिल्ली पुलिस की लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले हिमाचली युवक एवं युवतियों को शारीरिक परीक्षा में भाग लेने के दौरान हिमाचल मित्र मंडल द्वारा सहयोग प्रदान किया जाएगा। इस दौरान अभ्यर्थियों के लिए दिल्ली स्थित हिमाचल सदन, धर्मशाला कर्मपुरा में ठहरने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की जाएगी।

    शारीरिक परीक्षा के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध

    हिमाचल मित्र मंडल के संस्थापक किशोरी लाल शर्मा ने बताया कि स्टाफ सिलेक्शन कमीशन द्वारा 18 दिसंबर से दिल्ली पुलिस की विभिन्न पदों की लिखित परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक परीक्षा दिल्ली पुलिस के प्रशिक्षण केंद्रों झरोदाकलां, बजीरावाद और द्वारका में आयोजित की जाती है।

    अनुभव के आधार पर पहल

    उन्होंने बताया कि पिछले अनुभवों में यह देखा गया है कि उचित मार्गदर्शन और जानकारी के अभाव में कई हिमाचली अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में सफल नहीं हो पाते, जिससे दिल्ली पुलिस में हिमाचल का प्रतिनिधित्व कम हुआ है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है।

    रिटायर्ड अधिकारियों से मिलेगा सहयोग

    उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त हिमाचली मूल के अधिकारी अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा की प्रक्रिया, मानकों और आवश्यक सावधानियों की जानकारी देंगे। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने की भी उचित व्यवस्था की जाएगी।

    संपर्क विवरण जारी

    लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी मार्गदर्शन एवं सुविधा के लिए मोबाइल नंबर 9811119275, 9868893669, 9818560515 और 9811279423 पर संपर्क कर सकते हैं।

  • जगाधरी–पौंटा साहिब रेल लाइन पर झटका, कम ट्रैफिक बना अड़चन ; पीएम स्वनिधि से स्ट्रीट वेंडर्स को बड़ा लाभ

    जगाधरी–पौंटा साहिब रेल लाइन पर झटका, कम ट्रैफिक बना अड़चन ; पीएम स्वनिधि से स्ट्रीट वेंडर्स को बड़ा लाभ

    जगाधरी और पौंटा साहिब के बीच प्रस्तावित नई रेल लाइन को लेकर संसद में स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। वहीं, पीएम स्वनिधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडर्स को डिजिटल भुगतान पर करोड़ों रुपये का लाभ मिलने की जानकारी भी दी गई।

    दिल्ली

    कम ट्रैफिक के कारण नई रेल लाइन को मंजूरी नहीं

    केन्द्रीय रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में सांसद इंदु बाला गोस्वामी के प्रश्न के उत्तर में बताया कि जगाधरी और पौंटा साहिब के बीच प्रस्तावित नई रेल लाइन के लिए सर्वे पूरा किया जा चुका है, लेकिन कम ट्रैफिक के आकलन के कारण इस परियोजना को आगे नहीं बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि लगभग 62 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन के निर्माण को फिलहाल मंजूरी नहीं दी गई है।

    रेल परियोजनाएं ट्रैफिक और उपयोगिता के आधार पर होती हैं तय

    रेलवे मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी नई रेल परियोजना को ट्रैफिक की संभावनाओं, मार्ग की लाभप्रदता, कंजेस्टेड लाइनों पर दबाव और रेलवे की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर ही स्वीकृति दी जाती है। इन मानकों पर विचार करने के बाद ही जगाधरी–पौंटा साहिब रेल लाइन को आगे नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

    पीएम स्वनिधि योजना से स्ट्रीट वेंडर्स को करोड़ों का कैशबैक

    इसी क्रम में केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने राज्यसभा में जानकारी दी कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत जून 2020 से अब तक स्ट्रीट वेंडर्स को डिजिटल माध्यम से ऋण चुकाने पर कुल 242 करोड़ रुपये का कैशबैक प्रदान किया गया है।

    1.27 करोड़ आवेदन, लाखों को मिला ऋण लाभ

    उन्होंने बताया कि योजना के तहत अब तक 1.27 करोड़ से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स से ऋण के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 68.89 लाख स्ट्रीट वेंडर्स को ऋण स्वीकृत किए गए हैं, जिनके तहत कुल 99.07 लाख रुपये की राशि वितरित की गई है।

    समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज में सब्सिडी

    मंत्री ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत समय सीमा के भीतर ऋण चुकाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को ब्याज पर सात प्रतिशत की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। यह ब्याज सब्सिडी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जमा की जाती है।

    डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रोत्साहन

    उन्होंने यह भी बताया कि डिजिटल लेन-देन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से योजना के तहत डिजिटल माध्यम से ऋण अदायगी करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को प्रति वर्ष अधिकतम 1200 रुपये का प्रोत्साहन दिया जाता है। इससे स्ट्रीट वेंडर्स को डिजिटल भुगतान अपनाने, अपनी क्रेडिट हिस्ट्री मजबूत करने और भविष्य में बड़े ऋण प्राप्त करने में सहायता मिल रही है, जिससे वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिल रहा है।

  • दिल्ली में केसी वेणुगोपाल व वरिष्ठ नेताओं से मिले विनय कुमार, संगठन को मजबूत करने पर हुई गहन चर्चा

    दिल्ली में केसी वेणुगोपाल व वरिष्ठ नेताओं से मिले विनय कुमार, संगठन को मजबूत करने पर हुई गहन चर्चा

    कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने दिल्ली में केसी वेणुगोपाल, राजीव शुक्ला और अन्य वरिष्ठ नेतृत्व से भेंट कर संगठनात्मक रणनीति पर बातचीत की। आगामी निकाय व पंचायत चुनावों को देखते हुए संगठन को सक्रिय करने पर भी विस्तृत विमर्श हुआ।

    नई दिल्ली

    कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात — दिशा, रणनीति और संगठन विस्तार पर चर्चा
    प्रदेश कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार ने गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल, राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, अजय माकन और नासिर हुसैन सहित वरिष्ठ नेताओं से शिष्टाचार भेंट की। बैठकों में संगठन की मजबूती, समन्वय और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

    हाईकमान ने दिए संगठन मजबूत करने के सुझाव, विनय कुमार ने जताया भरोसा
    वरिष्ठ नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए महत्त्वपूर्ण सुझाव साझा किए। विनय कुमार ने भरोसा दिलाया कि वे पूर्ण समर्पण और निष्ठा से इस दायित्व को निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पीसीसी से लेकर ब्लॉक स्तर तक कार्यकारिणी सक्रिय की जाएंगी ताकि संगठनात्मक मूवमेंट तेज़ हो सके।

    निकाय और पंचायत चुनावों के मद्देनज़र सक्रियता बढ़ेगी
    विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश शीघ्र ही नगर निकाय और पंचायत चुनावों की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में कार्यकर्ताओं को संगठित और सक्रिय करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने संकेत दिया कि वे राज्यभर के सभी विधानसभा क्षेत्रों व ब्लॉकों का दौरा करेंगे, जहां वे कार्यकर्ताओं और जनता से सीधे संवाद स्थापित करेंगे।

    30 नवंबर को शिमला में ग्रहण करेंगे पदभार
    विनय कुमार 30 नवंबर को शिमला स्थित राजीव भवन में औपचारिक रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व को विश्वास दिलाया कि वे हिमाचल कांग्रेस को मजबूत दिशा और नई गति देने के लिए सतत प्रयासरत रहेंगे।

  • आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख, देशभर के स्कूलों-अस्पतालों में बाड़ लगाने के निर्देश

    आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख, देशभर के स्कूलों-अस्पतालों में बाड़ लगाने के निर्देश

    सुप्रीम कोर्ट : उच्चतम न्यायालय ने आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों को देखते हुए देशभर के शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, खेल परिसरों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों में आवारा कुत्तों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए बाड़ लगाने का आदेश दिया है। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, संदीप मेहता और एनवी अंजारिया की पीठ ने स्वतः संज्ञान लेते हुए यह आदेश पारित किया।

    दिल्ली-एनसीआर से बढ़ाया गया आदेश पूरे देश में लागू
    पीठ ने मामले के दायरे को दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से आगे बढ़ाकर पूरे भारत में लागू किया। न्यायालय ने सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, पशुपालन विभागों और स्थानीय निकायों को आदेशों के अनुपालन की जिम्मेदारी सौंपी है।

    सार्वजनिक स्थलों पर आवारा कुत्तों को खिलाने पर रोक
    न्यायालय ने सार्वजनिक स्थानों पर आवारा कुत्तों को भोजन कराने पर भी रोक लगाई है और इनके लिए अलग से निर्धारित भोजन स्थलों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। स्थानीय निकायों को समय-समय पर निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि ऐसे परिसरों में आवारा कुत्तों का कोई ठिकाना न बने।

    कुत्ता आश्रयों में स्थानांतरित किए जाएंगे आवारा कुत्ते
    पीठ ने निर्देश दिया कि स्थानीय स्व-शासी संस्थाएं ऐसे संस्थानों और क्षेत्रों से आवारा कुत्तों को उठाकर पशु जन्म नियंत्रण नियमों के तहत टीकाकरण और नसबंदी के बाद उन्हें निर्दिष्ट कुत्ता आश्रयों में रखें। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि इन कुत्तों को उसी स्थान पर वापस नहीं छोड़ा जाएगा, जहां से उन्हें उठाया गया था।

    सड़कों से मवेशियों और अन्य जानवरों को हटाने के निर्देश
    सुप्रीम कोर्ट ने सड़कों और राजमार्गों से आवारा मवेशियों व अन्य जानवरों को भी हटाने के आदेश दिए हैं। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई कर कुत्तों को आश्रयों में भेजने के निर्देश जारी किए गए हैं।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल की बेटी रेणुका ठाकुर की मां के संघर्ष को किया सलाम, कहा सिंगल पैरेंट का योगदान अद्वितीय

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल की बेटी रेणुका ठाकुर की मां के संघर्ष को किया सलाम, कहा सिंगल पैरेंट का योगदान अद्वितीय

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्वकप जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम से मुलाकात के दौरान हिमाचल प्रदेश की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर की मां के संघर्ष की खुलकर प्रशंसा की। पीएम मोदी ने कहा कि सिंगल पैरेंट होने के बावजूद रेणुका की मां ने कठिन परिस्थितियों में बेटी को ऊंचाइयों तक पहुंचाया, यह मातृत्व और समर्पण की अनोखी मिसाल है। प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी पर रेणुका भावुक हो गईं और उपस्थित सभी खिलाड़ियों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

    शिमला

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर बुधवार को विश्वकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश की बेटी रेणुका ठाकुर की मां सुनीता ठाकुर को विशेष रूप से प्रणाम करने की बात कही। पीएम मोदी ने कहा कि एक मां जब अपने सपनों को त्यागकर अपनी बेटी की सफलता के लिए संघर्ष करती है, तो वह समाज के लिए प्रेरणा बन जाती है। उन्होंने रेणुका से कहा कि जब वह घर जाएं तो अपनी मां से उनकी ओर से प्रणाम कहना।

    हिमाचल के लिए गर्व का क्षण
    प्रधानमंत्री की यह सराहना न केवल रेणुका और उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बन गई। राज्यभर में लोगों ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी को साझा करते हुए रेणुका और उनकी मां के संघर्ष की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री और स्थानीय नेताओं ने भी इस अवसर पर रेणुका को बधाई दी और कहा कि वह हिमाचल की बेटियों के लिए एक प्रेरणा हैं।

    संघर्ष से शिखर तक की कहानी
    रेणुका ठाकुर का जीवन संघर्ष और संकल्प का प्रतीक है। दो वर्ष की आयु में पिता के निधन के बाद उनकी मां सुनीता ठाकुर ने जल शक्ति विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में काम करते हुए बेटी को आगे बढ़ाया। परिवार की सीमित परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने रेणुका की प्रतिभा को पहचानकर उसे खेल की दिशा में प्रोत्साहित किया। रेणुका के चाचा भूपिंद्र ठाकुर ने भी उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई।

    क्रिकेट में शानदार उपलब्धियां
    रेणुका ने 2019 में बीसीसीआई महिला एकदिवसीय टूर्नामेंट में 23 विकेट लेकर शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद वह भारतीय महिला टीम-ए का हिस्सा बनीं और 2021 में टीम इंडिया में चयनित हुईं। राष्ट्रमंडल खेलों में उनके शानदार प्रदर्शन ने सबका ध्यान खींचा। हाल ही में आईसीसी ने उन्हें अपनी वनडे और टी-20 टीम में शामिल किया है। रेणुका को साल 2022 की “उभरती खिलाड़ी” का खिताब भी मिला। महिला आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें 1.40 करोड़ रुपये में खरीदा।

    प्रधानमंत्री से हल्का-फुल्का संवाद
    मुलाकात के दौरान माहौल भावनात्मक होने के साथ-साथ खुशनुमा भी रहा। जब रेणुका से जुड़ा वीडियो दिखाया गया, जिसमें वह ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक माहौल के लिए मोर बना रही थीं, तो प्रधानमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा — “आपने आते हुए भी मोर देखे होंगे।” टीम की खिलाड़ियों ने भी इस पर मजाकिया टिप्पणियां कीं और सभी के बीच हंसी का माहौल बन गया।

  • मुख्यमंत्री सुक्खू ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से की मुलाकात , हिमाचल के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता पर हुई चर्चा

    मुख्यमंत्री सुक्खू ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से की मुलाकात , हिमाचल के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता पर हुई चर्चा

    मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश में हालिया आपदाओं से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी दी और प्रदेश के हित में अतिरिक्त वित्तीय सहायता प्रदान करने पर चर्चा की।

    नई दिल्ली

    आपदा से प्रभावित हिमाचल को राहत देने पर हुई विस्तृत बातचीत
    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं ने राज्य के बुनियादी ढांचे को गहरा नुकसान पहुंचाया है। पुनर्निर्माण कार्यों के लिए केंद्र से पर्याप्त सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद राज्य सरकार राहत और पुनर्वास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है।

    वित्तीय सहायता बढ़ाने का रखा अनुरोध
    मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश की विकास योजनाओं और आपदा पुनर्वास कार्यों को सुचारू बनाए रखने के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग हिमाचल को पुनर्निर्माण और आर्थिक स्थिरता की दिशा में सशक्त करेगा।

    वित्त मंत्री ने दी हरसंभव सहायता का आश्वासन
    केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में केंद्र और राज्य मिलकर कार्य करेंगे।

  • दिल्ली के ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, कई सांसदों का है आवास

    दिल्ली के ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, कई सांसदों का है आवास

    दिल्ली के डॉ. बिशंबरदास मार्ग स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट्स में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। यह इमारत संसद भवन से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है और इसमें लोकसभा व राज्यसभा के कई सांसदों के आवास हैं। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और राहत कार्य के लिए दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

    किसी के हताहत होने की खबर नहीं
    दमकल विभाग के अनुसार, आग की सूचना दोपहर 1:20 बजे प्राप्त हुई थी। टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग चौथी मंज़िल तक फैल चुकी थी, लेकिन समय रहते अधिकांश लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

    आग के कारणों की जांच जारी
    पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या पटाखों से जुड़ी लापरवाही बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आग की पूरी वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

    विधानसभा और सुरक्षा एजेंसियों में मची हलचल
    चूंकि यह इलाका संसद भवन के बेहद करीब है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियों ने भी घटना को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने इलाके को अस्थायी रूप से खाली करवाया है और सांसदों के आवासों के आसपास कड़ी निगरानी बढ़ा दी गई है।

  • अब टोल प्लाजा पर नहीं रुकेगी गाड़ी, NHAI ने शुरू किया मल्टी-लेन फ्री फ्लो सिस्टम

    अब टोल प्लाजा पर नहीं रुकेगी गाड़ी, NHAI ने शुरू किया मल्टी-लेन फ्री फ्लो सिस्टम

    नई दिल्ली

    गुजरात और हरियाणा में पायलट प्रोजेक्ट शुरू, फास्टैग से अपने आप कटेगा टोल
    देश में सड़क यात्रा को तेज और सुगम बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बड़ा कदम उठाया है। NHAI की कंपनी भारतीय राजमार्ग प्रबंधन कंपनी लिमिटेड (IHMC) ने ICICI बैंक के साथ समझौते के तहत देश का पहला मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग सिस्टम शुरू किया है। इस नई तकनीक के जरिए अब गाड़ियों को टोल बूथ पर रुकना नहीं पड़ेगा और वे बिना रुकावट तेज गति से आगे बढ़ सकेंगी।

    गुजरात और हरियाणा में हुई शुरुआत
    यह पायलट प्रोजेक्ट सबसे पहले गुजरात के चोर्यासी और हरियाणा के घरौंडा टोल प्लाजा पर लागू किया गया है। समझौते पर हस्ताक्षर NHAI अध्यक्ष संतोष कुमार यादव की मौजूदगी में किए गए।

    कैसे काम करेगा यह सिस्टम
    मल्टी-लेन फ्री फ्लो (MLFF) तकनीक RFID, ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन और GPS का उपयोग करती है। जैसे ही वाहन टोल प्लाजा से गुजरता है, हाई-टेक रीडर और कैमरे उसके फास्टैग और नंबर प्लेट को स्कैन कर लेते हैं और टोल राशि सीधे मालिक के बैंक खाते से कट जाती है।

    ट्रैफिक जाम और प्रदूषण से मिलेगी राहत
    यह व्यवस्था टोल कलेक्शन को पारदर्शी और प्रभावी बनाएगी। लंबे जाम से छुटकारा मिलने के साथ समय और ईंधन की बचत होगी। इसके अलावा, अनावश्यक खड़े रहने से होने वाले वायु प्रदूषण में भी कमी आएगी।

    देशभर में लागू करने की योजना
    NHAI की योजना इस वर्ष देशभर में 25 और टोल प्लाजा पर यह प्रणाली लागू करने की है। यह कदम भारत में आधुनिक और स्मार्ट हाईवे नेटवर्क की दिशा में एक बड़ी क्रांति मानी जा रही है।

  • हिमाचल के संवेदनशील वनों को बचाने के लिए केंद्र का अलर्ट और एक्शन प्लान तैयार

    हिमाचल के संवेदनशील वनों को बचाने के लिए केंद्र का अलर्ट और एक्शन प्लान तैयार

    संसद में काँगड़ा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के प्रश्न पर केंद्र ने बताया कि हिमाचल समेत देशभर में बड़े स्तर की जंगल की आग को रोकने के लिए चेतावनी और राहत दल तैनात किए जाते हैं। इन उपायों से हिमाचल के संवेदनशील वन क्षेत्रों को भी समय रहते सुरक्षा मिलेगी।

    शिमला

    हिमाचल के जंगलों की सुरक्षा के लिए केंद्र के कदम
    संसद में काँगड़ा लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज के सवाल के जवाब में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि मंत्रालय फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया के माध्यम से राज्य सरकारों को बड़े स्तर की आग लगने की आशंका एक हफ्ते पहले और रियल टाइम पर चेतावनी देता है। इससे हिमाचल प्रदेश के संवेदनशील वनों में समय रहते कार्रवाई संभव हो पाती है।

    राष्ट्रीय स्तर पर गठित विशेष टीमें
    मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और एनडीआरएफ के समन्वय से 150 सदस्यीय तीन विशेष दल गठित किए गए हैं, जिन्हें ज़रूरत पड़ने पर जंगलों में आग पर काबू पाने के लिए तैनात किया जाता है।

    वित्तीय मदद और तकनीकी निगरानी
    उन्होंने बताया कि केंद्र प्रायोजित “कैम्पा” फंड के तहत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आग की घटनाएं रोकने के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है। आग का पता लगाने के लिए “मॉडरेट रेज़लूशन इमेजिंग स्पेक्ट्रो-रेडियोमीटर” और “सुआमी नेशनल पोलर ऑर्बिटिंग पार्टनरशिप विज़िबल इंफ्रारेड इमेजिंग रेडियोमीटर सूट” तकनीक का इस्तेमाल होता है।

    नेशनल एक्शन प्लान के तहत कार्य
    मंत्री ने कहा कि जंगलों की आग रोकने के लिए राष्ट्रीय कार्ययोजना लागू है, जिसके अंतर्गत सभी राज्य सरकारें अपने क्षेत्रों में विशेष कदम उठा रही हैं। हिमाचल प्रदेश भी इस योजना के तहत अपने वनों को आग से बचाने के प्रयास कर रहा है।

  • मंडी में बादल फटने से तीन लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया गहरा शोक

    मंडी में बादल फटने से तीन लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया गहरा शोक

    हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में बादल फटने से तीन लोगों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। जिला प्रशासन को तत्काल राहत और बचाव कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

    मंडी

    प्रशासन ने युद्धस्तर पर चलाया राहत अभियान
    मुख्यमंत्री ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जिला के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए। मृतकों के परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी और घायलों का इलाज प्राथमिकता से किया जाएगा।

    प्रभावित परिवारों को मदद का आश्वासन
    मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी तरह से प्रभावितों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि किसी भी पीड़ित परिवार को सहायता से वंचित न रखा जाए और शीघ्र राहत राशि वितरित की जाए।

    दिवंगत आत्माओं के लिए प्रार्थना
    मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आपदा प्रबंधन को और मजबूत करेगी।