दिल्ली के ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, कई सांसदों का है आवास

दिल्ली के डॉ. बिशंबरदास मार्ग स्थित ब्रह्मपुत्र अपार्टमेंट्स में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। यह इमारत संसद भवन से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है और इसमें लोकसभा व राज्यसभा के कई सांसदों के आवास हैं। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और राहत कार्य के लिए दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।

किसी के हताहत होने की खबर नहीं
दमकल विभाग के अनुसार, आग की सूचना दोपहर 1:20 बजे प्राप्त हुई थी। टीम ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग चौथी मंज़िल तक फैल चुकी थी, लेकिन समय रहते अधिकांश लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग के कारणों की जांच जारी
पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या पटाखों से जुड़ी लापरवाही बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आग की पूरी वजह जानने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

विधानसभा और सुरक्षा एजेंसियों में मची हलचल
चूंकि यह इलाका संसद भवन के बेहद करीब है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियों ने भी घटना को गंभीरता से लिया है। पुलिस ने इलाके को अस्थायी रूप से खाली करवाया है और सांसदों के आवासों के आसपास कड़ी निगरानी बढ़ा दी गई है।