Loading...

FIR / शिमला के चौपाल में बिजली खंभे पर काम करते मजदूर को लगा करंट, ठेकेदार की लापरवाही पर FIR दर्ज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 22 Jun 2025 • 1 Min Read

FIR : चौपाल थाना क्षेत्र में बिजली लाइन बदलते समय एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। ठेकेदार ने बिना सुरक्षा उपकरण दिए मजदूरों से करवा रहा था काम, पुलिस ने धारा 125 और 125(ए) में केस दर्ज किया।

शिमला

ठेकेदार ने बिजली आपूर्ति बंद होने का झूठा भरोसा देकर मजदूरों को भेजा लाइन हटाने, एक गंभीर रूप से घायल

बिजली विभाग की लापरवाही से हुआ बड़ा हादसा
राजधानी शिमला के चौपाल थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के एक ठेकेदार की घोर लापरवाही से एक मजदूर बिजली की चपेट में आ गया। हादसा तब हुआ जब मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के बिजली की लाइन हटाने का कार्य सौंपा गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।

ठेकेदार ने सुरक्षा के नाम पर दी केवल रस्सी, उपकरण नहीं
धाची गांव के नजीर अहमद ने पुलिस को बताया कि 21 जून को ठेकेदार ने उसके छोटे भाई और अन्य मजदूरों को झिकनीपुल के पास बिजली लाइन हटाने का कार्य सौंपा। पहले झालास गांव में तार हटवाए गए, फिर सुनथ गांव के पास खड्ड के दूसरी ओर भेजा गया, जहां ठेकेदार ने दावा किया कि बिजली सप्लाई बंद है। सुरक्षा के नाम पर मजदूरों को केवल एक रस्सी दी गई, न दस्ताने थे, न हेलमेट और न ही बेल्ट।

खंभे पर चढ़ते ही लगा करंट, हालत गंभीर
दोपहर करीब 12 बजे मजदूर महबूब जैसे ही खंभे पर चढ़ा और तारों को छुआ, उसे जोरदार करंट लगा और वह नीचे गिर पड़ा। साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाया और तुरंत नेरवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।

ठेकेदार पर FIR, पुलिस ने शुरू की जांच
नजीर अहमद की शिकायत पर चौपाल थाना में ठेकेदार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही ठेकेदार से पूछताछ की जाएगी।