Loading...
una

ऊना नगर निगम ने मच्छरजनित रोगों के खिलाफ फॉगिंग अभियान को बनाया सघन और तेज , सभी वार्डों में चरणबद्ध कार्रवाई

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 22 Jun 2025 • 1 Min Read

बरसात से पहले ऊना नगर निगम ने डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए पूरे क्षेत्र में फॉगिंग अभियान तेज कर दिया है। नगर आयुक्त ने नागरिकों से स्वच्छता और सहयोग की अपील की है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

सभी वार्डों में नालियों, जलभराव व बस्तियों में फॉगिंग शुरू, घर-घर जाकर दी जा रही जागरूकता

बरसात से पहले स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर नगर निगम हुआ सक्रिय
नगर निगम ऊना ने डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसे मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए अपने फॉगिंग अभियान को सघन और तेज कर दिया है। मानसून से पूर्व नगर क्षेत्र को स्वच्छ और रोगमुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से यह कार्य निगम के सभी वार्डों में चरणबद्ध रूप से चलाया जा रहा है।

गर्मी और उमस में मच्छरजनित बीमारियों का ज्यादा खतरा
नगर निगम आयुक्त एवं एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि गर्म और नम मौसम में मच्छरों के पनपने की आशंका अधिक होती है, जिससे संक्रमण तेजी से फैलता है। इसलिए समय रहते फॉगिंग और जागरूकता जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पूरे नगर में व्यापक फॉगिंग करवाई जा रही है।

फॉगिंग के साथ जागरूकता अभियान भी जारी
अभियान के तहत निगम की टीमें गली-मोहल्लों, नालियों, जलभराव वाले स्थानों, स्कूल परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित फॉगिंग कर रही हैं। साथ ही नागरिकों को भी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।

नागरिकों से स्वच्छता और सतर्कता की अपील
श्री गुर्जर ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, बाल्टी, गमलों आदि का पानी नियमित रूप से बदलें, जल पात्रों को ढक कर रखें और मच्छर भगाने वाली दवाइयों का प्रयोग करें। उन्होंने अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही स्वस्थ नगर की स्थापना संभव है।