बालिकाओं को अधिकारों और अवसरों के प्रति जागरूक करने पर जोर
शिक्षा भारती बीएड कॉलेज समूर कलां में शुक्रवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) ऊना, नरेंद्र कुमार ने की।
बेटियों के अधिकार और अवसरों पर चर्चा
जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि हर साल 24 जनवरी को भारत में राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं, लेकिन समाज में अभी भी कुछ ऐसे परिवार हैं, जो बेटियों को जन्म नहीं देना चाहते। इस दिवस का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के प्रति जागरूक करना और उनके साथ होने वाले भेदभाव को समाप्त करना है।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत गतिविधियां
कार्यक्रम में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत नाटक, स्लोगन राइटिंग और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
गणमान्य लोगों की उपस्थिति
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी शिव सिंह वर्मा, कॉलेज के प्रधानाचार्य हंसराज और मिशन शक्ति के तहत कार्यरत जिला ऊना से ईशा चौधरी, रेखा रानी, श्रुति शर्मा, नवीन ठाकुर व रोहित कुमार सहित समस्त कॉलेज स्टाफ उपस्थित रहे।

