अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के लिए कलाकारों के चयन के 25 अक्तूबर को होंगे ऑडिशन
अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला-2025 की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने के लिए कलाकारों का चयन 25 अक्तूबर को ऑडिशन के माध्यम से किया जाएगा। इस चयन प्रक्रिया में सिरमौर सहित अन्य जिलों से श्रेणी “सी” और “डी” के कलाकार भाग ले सकेंगे।
नाहन।
25 अक्तूबर को होगा कलाकारों का पंजीकरण और चयन
कलाकारों के लिए ऑडिशन प्रातः 10:30 बजे एसएफडीए सभागार, नाहन में आयोजित किए जाएंगे। चयनित कलाकारों को 31 अक्तूबर से 5 नवम्बर तक आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में अपनी प्रस्तुतियां देने का अवसर मिलेगा। यह प्रक्रिया कलाकार चयन समिति की निगरानी में की जाएगी। इच्छुक प्रतिभागियों को निर्धारित समय पर स्थल पर पहुंचना होगा, जहां पंजीकरण मौके पर ही किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध
जो कलाकार व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सकते, वे अपना आवेदन 24 अक्तूबर 2025 तक जिला भाषा अधिकारी सिरमौर की ईमेल dlosirmaur@gmail.com पर भेज सकते हैं या कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। चयनित कलाकारों को उनकी प्रस्तुति की तिथि के अनुसार एक दिन पूर्व दूरभाष पर सूचना दी जाएगी।
यात्रा और ठहराव की व्यवस्था कलाकार स्वयं करेंगे
ऑडिशन में भाग लेने वाले कलाकारों को आने-जाने और ठहरने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। वहीं, श्रेणी “ए” और “बी” के स्थापित कलाकारों का चयन उनके पूर्व गायन रिकार्ड, अनुभव और आवेदनों के आधार पर सांस्कृतिक समिति द्वारा किया जाएगा।
संपर्क हेतु जानकारी
कलाकार अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01702-223115 पर संपर्क कर सकते हैं।