नाहन-कौंला वाला भूंड रोड पर दरका पहाड़, यातायात ठप और 4000 लोग प्रभावित
जिला सिरमौर में लगातार बारिश ने एक बार फिर तबाही मचाई। 23 अगस्त की सुबह गुलरिया में एक विशाल पहाड़ का हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा, जिससे नाहन-कौंला वाला भूंड रोड पूरी तरह से बंद हो गया। इस वजह से कौंला वाला भूंड और क्यारी पंचायत का कालाअंब की तरफ से संपर्क कट गया है और करीब 4000 लोगों पर इसका असर पड़ा है।
नाहन
48 घंटे में बहाली की संभावना
भूस्खलन की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने अनुमान लगाया है कि सड़क को पूरी तरह खोलने में लगभग 48 घंटे का समय लग सकता है। यह वही जगह है, जहां 2022 में भी भूस्खलन हुआ था और सड़क कई दिनों तक बंद रही थी।
मौके पर प्रशासनिक अमला
स्थिति का जायजा लेने के लिए एसडीएम नाहन विवेक संख्यान और अधिशासी अभियंता आलोक जवनेजा मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क को जल्द से जल्द खोलने के निर्देश दिए।
लगातार मलबे से मुश्किलें
अधिशासी अभियंता आलोक जवनेजा ने कहा कि सड़क खोलने के लिए मशीनरी भेजी गई है, लेकिन ऊपर से लगातार मलबा गिरने के कारण यातायात बहाल करने में परेशानी हो रही है। एसडीएम विवेक संख्यान ने बताया कि राहत दल भी तैनात किया गया है और हालात पर नज़र रखी जा रही है।