Loading...

बरमाणा थाना पुलिस ने सलापड़ पुल के पास युवक से चिट्टा बरामद कर किया गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 26 Apr 2025 • 1 Min Read

बिलासपुर

पुलिस गश्त के दौरान आरोपी की संदिग्ध हरकत देख हुई कार्रवाई

बरमाणा थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सलापड़ पुल के समीप मंडी जिले के एक युवक को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा रात्रि गश्त और यातायात जांच के दौरान की गई। पुलिस ने गत रात्रि करीब सवा 9 बजे सलापड़ पुल पर नाका लगाया था।

संदिग्ध हरकत के बाद तलाशी में मिला चिट्टा

गश्त के दौरान एक युवक बरमाणा की ओर से पैदल आता दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर घबरा गया और एक खड़ी कार की आड़ में छिपने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे रोका और जब तलाशी ली गई तो युवक ने अपनी पैंट की जेब से एक वस्तु फेंकने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता से उस वस्तु को कब्जे में लेकर जांच की तो उसमें 1.28 ग्राम चिट्टा पाया गया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी युवक शुभम (20) पुत्र रोपा ठाठर, डाकघर भांबला, तहसील सरकाघाट, जिला मंडी को तुरंत हिरासत में ले लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।