Loading...
Uncategorized

हनुमान जयंती पर ढाबों मोहल्ला भक्तिमय, प्राचीन हनुमान मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 12 Apr 2025 • 1 Min Read


नाहन/ढाबों मोहल्ला

हनुमान जयंती के अवसर पर आज ढाबों मोहल्ला भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। सुबह सवेरे मोहल्ले में भव्य प्रभातफेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्तिमय गीतों और हनुमान चालीसा के पाठ से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।


प्रभातफेरी के समापन के बाद, श्रद्धालुओं का सैलाब प्राचीन हनुमान मंदिर, काली स्थान की ओर उमड़ पड़ा। मंदिर परिसर में हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक आयोजन किए गए। पिछले तीन दिनों से चल रही राम कथा का आज समापन हुआ, जिसमें पंडित संदीप तिवारी और पंडित विजय रमोल ने भगवान राम की महिमा का गुणगान किया। पुजारी कमलेंद्र और भगत दुर्गा प्रसाद ने भी सुंदरकांड के संगीतमय पाठ से भक्तों को भावविभोर कर दिया।


पंडित संदीप तिवारी ने बताया कि हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सुबह यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसके पश्चात हनुमान जी का भव्य कीर्तन दरबार सजाया गया। इस दौरान भगवान राम के सुंदर भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया।
हनुमान जयंती के इस पवित्र अवसर पर न केवल ढाबों मोहल्ला, बल्कि पूरे जिले के प्रमुख हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई। श्री रेणुका जी के ददाहू स्थित खदाल के 11 मुखी हनुमान मंदिर में भी राम भक्तों ने सुंदरकांड का पाठ किया।


इस अवसर पर काली स्थान तालाब स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की तादाद में श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया। अमित अग्रवाल ने बताया कि भंडारे में भक्तों ने बड़े ही श्रद्धा भाव से हिस्सा लिया।
हनुमान जयंती का यह भव्य आयोजन क्षेत्र में धार्मिक सद्भाव और आस्था का प्रतीक बना। भक्तों ने भगवान हनुमान के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की और उनके आशीर्वाद की कामना की। प्राचीन हनुमान मंदिर में उमड़े श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति देखते ही बन रही थी।