Loading...

हिमाचल को मिली राष्ट्रीय वरिष्ठ पुरुष हैंडबॉल चैंपियनशिप की मेजबानी

By हिमाचलनाउ डेस्क Published: 1 Mar 2025, 9:16 AM | Updated: 1 Mar 2025, 9:16 AM 1 min read

हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ को 54वीं राष्ट्रीय वरिष्ठ पुरुष हैंडबॉल चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपी गई है। यह प्रतियोगिता हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वाधान में आयोजित होगी।

हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की रांची में हुई वार्षिक आम बैठक में हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के प्रदेशाध्यक्ष भरत साहनी और उपाध्यक्ष देशराज ठाकुर ने इस आयोजन के लिए जोरदार दावा पेश किया। इसके बाद 2025-26 सत्र में होने वाली इस प्रतियोगिता की मेजबानी हिमाचल को दे दी गई।

यह चैंपियनशिप कुल्लू या सोलन जिले में आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों की 32 टीमें हिस्सा लेंगी।

हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के महासचिव नंदकिशोर शर्मा ने बताया कि इस आयोजन से राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से हिमाचल में खेल पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।