बोले – खेल युवाओं को मैदान की ओर करेंगे आकर्षित तो नशे से करेंगे दूर
HNN/ बिलासपुर
युवाओं को को प्रदेश में नशे से दूर रखने और खेल मैदानों की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से ग्रामीण खेल ओलंपियाड का आयोजन पूरे प्रदेश में किया जाएगा। यहां पर रविवार को युवा सेवा एवं खेल मामले तथा लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने हिमाचल प्रदेश एथलेटिक्स संघ द्वारा बिलासपुर के लूहणु खेल स्टेडियम में 31वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर यह बात कही।

उन्होंने कहा कि इस ओलंपियाड में प्रदेश के विभिन्न विकास खंडों मैं ग्रामीण स्तर पर सितंबर अक्टूबर माह में आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 40,000 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार कृत संकल्प है खेल विभाग प्रदेश में अलग-अलग खेल संघों के साथ सकारात्मक संवाद कायम कर खेलों के विकास के लिए प्रतिक्रियाएं प्राप्त कर पूर्ण करने के लिए प्रयासरत है।

खेलो इंडिया के तहत सरकार से प्राप्त निधि का उपयोग खेल मैदान और खिलाड़ियों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए किया जा रहा है ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर तक भाग लेने में सक्षम हो सकें। उन्होंने कहा कि बिलासपुर प्रदेश में खेलों का मुख्यालय है यहां सभी प्रकार के खेलों के लिए आवश्यक वातावरण उपलब्ध है इसे और विकसित किया जाएगा ताकि विभिन्न खेल व साहसिक खेलों में खिलाड़ी अपने आप को और अधिक विकसित कर सकें।
उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों से अपने अपने क्षेत्र में जाकर नशावृति को खत्म करने के लिए युवाओं में संदेश संप्रेषित करने का आग्रह किया। हिमाचल प्रदेश एथलेटिक्स संघ के सचिव सीपी मेहता ने मंत्री से लुहणु स्थित सिंथेटिक ट्रेक को खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए निशुल्क उपलब्धता का आग्रह किया जिस पर मंत्री ने चर्चा कर सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, तिलक राज शर्मा, बाबूराम, गौतम, प्रदेश कांग्रेस महासचिव विवेक कुमार, अंजना धीमान, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के अतिरिक्त निदेशक युवा सेवा एवं खेल विभाग राजीव कुमार, उपमंडल अधिकारी बिलासपुर सदर अभिषेक गर्ग तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।

