हिमाचल प्रदेश में आज रात से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
17–18 फरवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी के आसार
हिमाचल नाऊ न्यूज़शिमला
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार रात से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव 17 फरवरी तक बने रहने की संभावना है।
इस दौरान उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं, जिससे प्रदेश में ठंड दोबारा बढ़ सकती है। मौसम में इस बदलाव का असर मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी महसूस किया जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन पहाड़ों में वर्षा और हिमपात के कारण ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है।
मैदानी क्षेत्रों में मौसम सामान्यतः शुष्क बना रहेगा, हालांकि सुबह और रात के समय कोहरे की स्थिति देखने को मिल सकती है। विशेषकर मंडी और बिलासपुर के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहा और कहीं से भी वर्षा दर्ज नहीं की गई।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड का असर फिर बढ़ेगा, इसलिए लोगों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।