अय्यर के बयान पर कांग्रेस में तकरार, धीरेंद्र प्रताप का तीखा हमला
राहुल गांधी पर टिप्पणी से पहले 100 बार सोचने की नसीहत
हिमाचल नाऊ न्यूज देहरादून
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणि शंकर अय्यर के हालिया बयान को गैर-जिम्मेदाराना करार देते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
अय्यर ने स्वयं को नेहरूवादी और गांधीवादी बताते हुए राहुलवादी न होने की बात कही थी।धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि अय्यर को अपनी आयु और अनुभव को देखते हुए अनुशासन की सीमाओं का पालन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आज कांग्रेस को मजबूत करने के लिए निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में वरिष्ठ नेताओं का दायित्व बनता है कि वे परिवार के बुजुर्ग सदस्य की तरह उनका सहयोग करें, न कि सार्वजनिक आलोचना करें।
उन्होंने अय्यर द्वारा पवन खेड़ा पर की गई टिप्पणी को भी अनुचित बताया। प्रताप ने कहा कि पवन खेड़ा लंबे समय से पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं और प्रवक्ता के रूप में अपनी जिम्मेदारी प्रभावी ढंग से निभा रहे हैं।
धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि कांग्रेस ने मणि शंकर अय्यर को बहुत सम्मान दिया है। वे विदेश नीति के जानकार और अनुभवी नेता हैं, लेकिन उनकी कमियों को भी पार्टी ने हमेशा नजरअंदाज किया।
उन्होंने कहा कि अय्यर पार्टी के आदरणीय नेता हैं, परंतु इस प्रकार की बयानबाजी से बचना चाहिए। यदि वे संयम नहीं रख सकते तो उन्हें सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने पर विचार करना चाहिए।