Loading...

आखिर मोदी खेल गए नाहन चौगान से डैमेज कंट्रोल का ट्रंप कार्ड

Ankita 24 May 2024 Edited 24 May 1 min read

गुरु की नगरी पावंटा साहिब से रेणुका माई को लेकर सभी तीर्थ स्थलों का संबोधन कर जीता सिरमौर के लोगों का दिल

HNN/ नाहन

प्रधानमंत्री बनने के बाद दूसरी बार सिरमौर पहुंचे पीएम मोदी ने अपना तंज जताते हुए कहा कि मेरे लिए ना नाहन नया है ना सिरमौर नया है, मगर अब माहौल नया है। प्रधानमंत्री ने पांचो विधानसभा क्षेत्रों को सिरमौर की धरती के आराध्यों से जोड़ते हुए माँ रेणुका जी, परशुराम जी, माँ बाला सुंदरी जी, चूड़ेश्वर, शिरगुल देवता, महासू देवता सहित गुरु की नगरी पावंटा साहिब के सिक्ख समुदाय पर अपना तंज जताते हुए गुरुद्वारा पावंटा साहिब को भी अपने संबोधन में शामिल किया।

पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब मोदी को कोई जानता नहीं था मगर हिमाचल प्रदेश ने मेरे प्रदेश प्रभारी रहते हुए अपना भरपूर प्यार और आशीर्वाद देने में कोई कमी नहीं रखी। उन्होंने कहा कि मोदी ना तब बदला था और ना अब बदला है। पीएम मोदी ने कहा कि हिमाचल की धरती का मुझ पर बड़ा कर्ज है उसे उतरना भी नहीं भूला हूं।

उन्होंने प्रदेश की जनता को दावे के साथ भरोसा जताते हुए कहा कि देश में एक बार फिर भाजपा सरकार बनने जा रही है, जिसमें प्रदेश की चारों सीटों पर हमें जनता का आशीर्वाद भी निश्चित रूप से मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि सभी ने कांग्रेस का वह दौर भी देखा है जिसमें केवल बर्बादी ही बर्बादी थी। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि कांग्रेस ने एक बार फिर सत्ता पाने के लिए ऐसी गारंटियां दी जो पूरी तरह से झूठ साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जिसे भारत को भारत माता और वंदे मातरम कहने में भी दिक्कत होती है। पीएम मोदी ने चिंता व्यक्त करते हुए भी कहा कि कांग्रेस पार्टी के मंसूबे तो अपने घर में विराजे श्री राम को एक बार फिर टेंट में भेजने के हैं। मगर मोदी उनके मंसूबे को सफल नहीं होने देगा।

पीएम मोदी ने कहा कि मुस्लिम वर्ग की कई जातियों को इंडिया गठबंधन वालों ने ओबीसी बना दिया था। इतना ही नहीं उन्हें ओबीसी का हक भी दिया। ऐसा करके इंडिया गठबंधन ने देश में ओबीसी वर्गों के हकों पर भी डाका डाला। उन्होंने न्याय व्यवस्था पर भरोसा जताते हुए कहा कि कोलकाता उच्च न्यायालय ने इस आरक्षण को भी खत्म कर दिया है।

वहीं गिरीपार क्षेत्र के हाटी मुद्दे को लेकर जब मोदी ने मंच से आरक्षण का जिक्र किया तो पूरे पंडाल में पीएम मोदी जिंदाबाद के नारे गूंज उठे। ऐसा कहकर उन्होंने ना केवल हाटी वर्ग को साधा बल्कि गिरी पार क्षेत्र में नाराज चल रहे एससी वर्ग को भी उनके हकों से किसी भी प्रकार की कोई छेड़छाड़ ना होने का भी भरोसा दिलाया।

बता दें मंच से संबोधन से पूर्व 9:00 की बजाय करीब 11:47 मिनट पर चौगान पहुंचने पर भी पीएम मोदी का मंच पर जोरदार स्वागत किया गया। इतना ही नहीं भीषण गर्मी के बावजूद लोगों ने 3 घंटे गर्मी में बैठकर उनका बेताबी से इंतजार किया।

पीएम मोदी का मंच पर प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी सहित भाजपा के अन्य नेताओं द्वारा शॉल और हिमाचली टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। करीब 35 मिनट के भाषण में करीब 20 मिनट पीएम मोदी ने प्रदेश के प्रति अपना प्यार झलकाया तो करीब 15 मिनिट पीएम मोदी ने कांग्रेस को जमकर घेरा।

Related Topics: