हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन
प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा है कि जब प्रदेशभर में 779 पदोन्नत प्रधानाचार्य नियुक्ति की प्रतीक्षा में बैठे हैं, तब सेवा विस्तार देने का औचित्य क्या है।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र पुंडीर ने कहा कि यह व्यवस्था पदोन्नति प्रक्रिया के साथ सीधा अन्याय है।
जिला सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलोह में प्रधानाचार्य को सेवा विस्तार दिए जाने का मामला सामने आने के बाद संघ ने कड़ी आपत्ति दर्ज की है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
संघ का कहना है कि राज्य व राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त प्रधानाचार्यों को ही सेवा विस्तार देने का प्रावधान है, जबकि अपुष्ट जानकारी के अनुसार संबंधित प्रधानाचार्य को ऐसा कोई पुरस्कार प्राप्त नहीं हुआ है।
संघ ने आरोप लगाया कि प्रभाव के आधार पर सेवा विस्तार अवधि को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यालय में प्रशासनिक माहौल सामान्य नहीं बताया जा रहा तथा कुछ मामलों में विभागीय जांच भी लंबित है।
ऐसे हालात में लोकहित का हवाला देकर सेवा विस्तार देना उचित नहीं ठहराया जा सकता।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के निर्णय कनिष्ठ प्रवक्ताओं एवं मुख्याध्यापकों की पदोन्नति पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं और विभागीय ढांचे को कमजोर करते हैं।
इस अवसर पर राज्य विशिष्ट सदस्य नरेंद्र नेगी, जिला अध्यक्ष डॉ. आई.डी. राही, राज्य संरक्षक रमेश नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय शर्मा, महिला विंग सिरमौर अध्यक्ष संध्या चौहान, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, महासचिव दिनेश शर्मा तथा कोषाध्यक्ष लाल सिंह ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी सेवा विस्तार नीति पर पुनर्विचार की मांग की।
संघ ने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सेवा विस्तार नीति की समीक्षा करने तथा पदोन्नत प्रधानाचार्यों को शीघ्र नियुक्ति देने की मांग की है।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group