Loading...

आजादी के बलिदान को याद कर विकसित भारत के निर्माण में जुटें : डॉ. राजीव बिंदल

Shailesh Saini • 47 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और वीर बलिदानियों को स्मरण करने का पर्व है। उन्होंने कहा कि उनके त्याग और संघर्ष के कारण ही आज देश स्वतंत्रता की खुली हवा में सांस ले रहा है। अब प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी भूमिका निभाए।

डॉ. राजीव बिंदल नाहन विधानसभा क्षेत्र के कौलावाला भूड़ में पंचायत द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को नमन किया।डॉ. बिंदल ने कहा कि भारत ने लंबे संघर्ष और अनगिनत बलिदानों के बाद स्वतंत्रता हासिल की है।

आजादी के इस पर्व पर हमें उन सभी वीरों के त्याग को नमन करने के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए।

40 पूर्व सैनिकों और सैनिकों के परिजनों का सम्मान

समारोह के दौरान डॉ. बिंदल ने क्षेत्र के 40 पूर्व सैनिकों एवं सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा और राष्ट्रसेवा में सैनिकों तथा पूर्व सैनिकों का योगदान अतुलनीय है। उनका त्याग, अनुशासन और समर्पण समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

विकसित भारत के संकल्प में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग और नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।समारोह में बीडीसी अध्यक्ष रमेश चौधरी, उपाध्यक्ष माया देवी, जिला परिषद सदस्य प्रोमिला शर्मा, पंचायत प्रधान कोमल राय, उपप्रधान नाज़िम खान, पूर्व प्रधान रीतू, महेंद्र ठाकुर, प्रेम, सुनीता, पूर्व उपप्रधान आदिल, पूर्व बीडीसी सदस्य परमिता सहित पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस अवसर पर माता त्रिलोकपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुशील शर्मा, जिला उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, जिला प्रवक्ता प्रीत मोहन शर्मा, युवा मोर्चा से राजीव चौधरी एवं यशपाल सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Topics: