आज से शुरू होगा विधानसभा का मॉनसून सत्र, पहले दिन खाली पद, विदेश दौरे और विकास कार्यों पर गूंजेंगे सवाल
विपक्ष की तैयारी भी मजबूत, विजिलेंस पूछताछ पर सरकार को घेरने की रणनीति; विधानसभा सचिवालय को अब तक मिले 1036 सवाल
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र शुक्रवार से शुरू होने जा रहा है। सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सियासी पारा चढ़ने के आसार हैं। करीब दो सप्ताह तक चलने वाला यह सत्र 3 सितंबर तक चलेगा। सत्र के पहले ही दिन विपक्ष ने सरकार को घेरने की मजबूत रणनीति तैयार की है।
भाजपा विधायकों से विजिलेंस की पूछताछ का मामला सदन में सबसे प्रमुख मुद्दों में शामिल रहने की संभावना है। इस मुद्दे पर विपक्ष के तेवर तल्ख हैं और सदन में हंगामे के आसार भी बन रहे हैं।मॉनसून सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय को अब तक 1036 सवाल प्राप्त हो चुके हैं। इनमें प्रदेश के विभिन्न विभागों में खाली पड़े पद, स्टाफ नर्सों की भर्ती, स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की कमी, सड़क निर्माण और टारिंग, भवन निर्माण तथा अन्य विकास कार्यों से जुड़े सवाल शामिल हैं।
खाली पदों और भर्ती पर सरकार से मांगा जाएगा जवाब
पहले दिन सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों का मुद्दा प्रमुखता से उठ सकता है। विपक्ष सरकार से जानना चाहेगा कि विभिन्न विभागों में कितने पद रिक्त हैं, उन्हें भरने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं और भर्ती प्रक्रिया में कितना समय लग रहा है। स्टाफ नर्सों की भर्ती और स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की कमी को लेकर भी सरकार से स्पष्ट जवाब मांगा जा सकता है।
विदेश दौरों पर भी उठेंगे सवाल
मंत्री, विधायकों और अधिकारियों के विदेश प्रवास से संबंधित सवाल भी सदन में लगाए गए हैं। इन दौरों पर हुए खर्च, उद्देश्य और उनसे प्रदेश को हुए लाभ को लेकर सरकार से जवाब मांगा जा सकता है। विपक्ष विदेश दौरों के मुद्दे को सरकार की जवाबदेही से जोड़कर सदन में उठा सकता है।
विकास कार्यों को लेकर भी सरकार पर दबाव
विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की समस्याओं को भी सवालों के माध्यम से सदन में पहुंचाया है। सड़कों की टारिंग, भवन निर्माण और विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाब देना होगा।विपक्ष की ओर से भर्ती, खाली पद, विकास कार्य, विदेश दौरे और विजिलेंस पूछताछ जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी है।
वहीं सत्तापक्ष ने भी विपक्ष के सवालों और आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने के लिए विभागवार तैयारियां पूरी कर ली हैं। ऐसे में मॉनसून सत्र के दौरान सवाल-जवाब के साथ सियासी टकराव के भी पूरे आसार हैं।
