Loading...

आपदा से बचाव और राहत कार्यों में सरकार गंभीर नहीं: जयराम ठाकुर

Shailesh Saini • 11 Sep 2025 • 1 Min Read

1500 करोड़ की दी आर्थिक मदद प्रधानमंत्री का आभार तक भी व्यक्त नहीं किया

हिमाचल नाऊ न्यूज़ चंबा:

हिमाचल प्रदेश में आई भीषण आपदा के बाद प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चंबा में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राज्य सरकार पर तीखे हमले किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो आपदा से बचाव के लिए गंभीर थी और न ही राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से लागू कर पाई है।जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार मानसून से पहले तैयारियों की कोई उच्च स्तरीय बैठक नहीं हुई, जो सरकार की असंवेदनशीलता को दिखाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा के बाद भी सरकार ने राहत कार्य में तेजी लाने के बजाय झूठ बोलने और दोष देने में समय बिताया। उन्होंने मणिमहेश यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकार फंसे हुए श्रद्धालुओं की संख्या को लेकर भी झूठ बोलती रही।

साथ ही उन्होंने निजी हेलीकॉप्टर कंपनियों द्वारा श्रद्धालुओं से भारी भरकम पैसे वसूलने का भी आरोप लगाया।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल की आपदा के लिए 1500 करोड़ रुपये की सहायता दी, लेकिन राज्य सरकार ने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त नहीं किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि समाज सेवा में सदैव तत्पर रहने वाली पार्टी है। उन्होंने बताया कि हिमाचल के लिए त्रिपुरा सहित अन्य राज्यों से भी राहत सामग्री भेजी जा रही है, जिसे कार्यकर्ता खुद प्रभावितों तक पहुंचा रहे हैं। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल उनके साथ कई अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता भी मौजूद रहे।