उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने क्षतिग्रस्त चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण किया और बहाली कार्य की समीक्षा की। उन्होंने पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए।
चंबा
सड़क मार्ग आंशिक रूप से बहाल
डीसी ने बताया कि चंबा से भरमौर की ओर लगभग 20 किलोमीटर और भरमौर से चंबा की ओर 25 किलोमीटर सड़क छोटे वाहनों के लिए खोल दी गई है।
श्रद्धालुओं की आवाजाही के प्रबंध
4 सितंबर को करीब 450 श्रद्धालुओं को टैक्सियों के माध्यम से भरमौर से दुर्गेठी भेजा गया। इसके अलावा कलसुई से पठानकोट और नूरपुर तक हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों से निशुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
अब तक 15 हजार श्रद्धालु निकाले गए
उपायुक्त ने बताया कि अब तक लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। शेष करीब 800 श्रद्धालुओं को निकालने के प्रयास जारी हैं।
सुरक्षा और लंगर की व्यवस्था
पैदल मार्ग पर कठिन रास्तों पर एनडीआरएफ व अन्य सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। विभिन्न पड़ावों पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
हेलीकॉप्टर से भी प्रयास
डीसी ने बताया कि भरमौर में बचे श्रद्धालुओं को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का भी सहारा लिया जा रहा है।

