उप चुनाव में मिली प्रचंड जीत पर पच्छाद कांग्रेस ने निकाली विजय रैली

HNN/ राजगढ़

उप चुनाव में कांग्रेस की प्रचंड जीत पर पच्छाद कांग्रेस द्वारा राजगढ़ में विजय रैली निकाली गई तथा मिठाईयां बांट कर खुशी का इजहार किया गया। जिला कांग्रेस समिति के महासचिव राजेन्द्र ठाकुर ने कहा कि उप चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के चलते मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप को नैतिकता के आधार पर अपने पद से त्यागपत्र देना चाहिए। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारें होने के बावजूद भी उप चुनाव में भाजपा एक सीट भी नहीं ले सकी जोकि भाजपा के लिए शर्म की बात है।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों के चलते जनता ने भाजपा को आईना दिखा दिया हैं। बेलगाम मंहगाई के कारण आज गरीब आदमी का जीना दूभर हो गया है और मुख्यमंत्री बोल रहे कि मंहगाई कांग्रेस की देन हैं। राजेन्द्र ठाकुर ने कहा कि केंद्र में नरेन्द्र मोदी की बीते सात वर्षों से सरकार है और प्रदेश में भी भाजपा सरकार को चार वर्ष पूरे होने लगे हैं फिर भी कांग्रेस को कोस रहे हैं। प्रदेश में विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली डबल ईंजन की भाजपा सरकारें हर मोर्च पर विफल रही हैं।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता दिनेश आर्य ने कहा कि मोदी का जादू अब खत्म हो गया है। वर्ष 2019 में जहां मंडी संसदीय सीट से भाजपा को सवा चार लाख की लीड मिली थी वहीं दो साल बाद पलटकर शून्य पर आ गई है। कहा कि सबसे अहम बात यह हैं कि सीएम द्वारा उप चुनाव में स्वंय कमान संभाल रखी थी और मंडी संसदीय क्षेत्र के अलावा तीन अन्य विधानसभा क्षेत्रों में सीएम ने स्वयं 68 से अधिक जनसभाएं की। दिनेश आर्य ने कहा कि हिमाचल के अब तक के इतिहास में उप चुनाव के दौरान केवल जयराम ठाकुर सरकार को पहली बार इतनी करारी हार का सामना करना पड़ा हैं।

कहा कि जिस मुख्यमंत्री को अपने राज्य में मंहगाई व बेरोजगारी का आभास नहीं हैं ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा यदि प्रदेश में विकास किया होता तो उप चुनाव में इतनी फजीहत न होती। जनता ने उप चुनाव में भाजपा सरकार को बता दिया है कि वह कितने पानी में हैं। कहा कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और वर्ष 2022 में प्रदेश में कांग्रेस भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। इस मौके पर पच्छाद कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी आशा प्रकाश, विवेक शर्मा, सुनील शर्मा, सुधीर ठाकुर, रामकृष्ण्ण सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Posted

in

,

by

Tags: