ऊना पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई करते हुए अवैध जुआ, शराब और धमकी से जुड़े मामलों में चार मुकदमे दर्ज किए हैं। साथ ही छह लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पर चालान किया गया है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल।
भदसाली में दबिश के दौरान बरामद हुआ जुआ सामग्री
थाना हरोली पुलिस ने भदसाली में दबिश देकर जीवन किशोर पुत्र गुरवचन सिंह निवासी चताड़ा से ₹3180 नगद और दड़ा सट्टे की पर्चियां बरामद कीं। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गाली-गलौज और धमकी देने पर दर्ज हुआ मामला
इसी थाना में एक अन्य मामले में गुलशन राय निवासी धर्मपुर की शिकायत पर शाम सुंदर और अजय कुमार के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दोनों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकियां दीं।
टाहलीवाल में ढाबे से मिली अवैध शराब
थाना टाहलीवाल पुलिस ने मुकेश कुमार पुत्र संजीव कुमार निवासी पोलिया वीत के ढाबे से 19 बोतल देशी शराब पटियाला ब्रांड बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बंगाणा में XUV से बरामद हुई 25 पेटी शराब
थाना बंगाणा पुलिस ने भिंडला में नाकाबंदी के दौरान वाहन HP19F-3393 (XUV 300) की तलाशी ली, जिसमें 25 पेटी देसी शराब बरामद हुई। इस मामले में प्रदीप कुमार पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी धुसाड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
धूम्रपान और अवैध खनन पर भी कार्रवाई
पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने पर छह लोगों के चालान काटे और ₹600 का जुर्माना वसूल किया। इसके अलावा अवैध खनन में एक वाहन को कब्जे में लेकर चालान अदालत को भेजा जा रहा है।
एसपी ऊना ने दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक ऊना ने बताया कि सभी मामलों की जांच जारी है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

