ऊना में बिना फिटनेस सर्टीफिकेट चल रही निजी बस को पुलिस ने किया जब्त
HNN/ऊना
ऊना जिले में निजी बसों में यात्रा करना जान जोखिम में डालने जैसा साबित हो सकता है। गगरेट पुलिस ने शुक्रवार को एक निजी बस को बिना फिटनेस सर्टीफिकेट्स के निर्धारित रूट पर दौड़ते पकड़ा और बस को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई यातायात नियमों की अवहेलना कर रही बसों की रैंडम जांच के दौरान हुई।
इस मामले ने परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। सवाल यह है कि अगर पुलिस विभाग बिना फिटनेस के दौड़ रही बसों को पकड़ सकता है तो फिर परिवहन विभाग की नजर अब तक ऐसी यात्री बसों पर क्यों नहीं पड़ी। परिवहन विभाग ने कभी ऐसी निजी यात्री बसों की जांच के लिए कोई विशेष मुहिम नहीं चलाई। इससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है।
एएसपी संजीव भाटिया ने बताया कि गगरेट पुलिस ने एक निजी बस जब्त की है, जिसके पास फिटनेस सर्टीफिकेट्स नहीं था। यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। अब सवाल यह है कि क्या परिवहन विभाग अन्य निजी यात्री बसों की जांच करेगा और उनके फिटनेस सर्टीफिकेट्स की जांच करेगा।