संघर्ष समिति ने जताया आभार, निर्माण शुरू होने पर गुणवत्ता जांच का ऐलान
राजगढ़
सनौरा–नेरीपुल–छैला सड़क के विस्तारीकरण के लिए करीब 200 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने पर संघर्ष समिति ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है। कांगू जुबड़ी में पूर्व जिला परिषद सदस्य विनय भगनाल और महेंद्र हाब्बी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पझौता व रासूमांदर क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और प्रदेश सरकार के प्रति आभार प्रकट किया गया। मंजूरी की खुशी में संघर्ष समिति सदस्य अरुण ठाकुर द्वारा भूतेश्वर महादेव कांवती के नाम पर भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
विनय भगनाल और महेंद्र हाब्बी ने कहा कि यह सड़क अपर शिमला के सेब उत्पादकों के लिए जीवनरेखा है। इसी मार्ग से सेब देश की विभिन्न मंडियों तक पहुंचता है। उन्होंने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण सेब सीजन में दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क को नौ टन भार क्षमता के अनुसार तैयार किया गया, जबकि इस मार्ग पर 30 से 40 टन क्षमता के ट्राले चलते हैं, जिससे सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त होती रही।उन्होंने वर्ष 2020 में तत्कालीन सरकार के कार्यकाल में कुम्हारहट्टी–ओच्छघाट–सनौरा–नेरीपुल–छैला सड़क के सुधार के लिए स्वीकृत 46 करोड़ रुपये का भी उल्लेख किया।
निजी कंपनी द्वारा 2021-22 में की गई टायरिंग तीन माह में उखड़ गई थी। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद कंपनी को दोबारा कार्य करना पड़ा।संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि नए प्रोजेक्ट के तहत जब निर्माण कार्य शुरू होगा तो समिति स्वयं गुणवत्ता की निगरानी करेगी, ताकि स्वीकृत राशि का दुरुपयोग न हो।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से परियोजना को शीघ्र अंतिम स्वीकृति दिलाकर कार्य प्रारंभ करने का आग्रह भी किया गया। साथ ही इस सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिलाने की मांग दोहराई गई।
बैठक में रूपेंद्र चौहान, जितेंद्र कुमार, निशु पुंडीर, रिंकू ठाकुर, अरुण ठाकुर, दिनेश ठाकुर, रोहित बंटी, नीटू हाब्बी, गोविंद ठाकुर, राजेश ठाकुर, ओमप्रकाश राणा, देवेंद्र ठाकुर, रिंकू जसटा, अशोक ठाकुर सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





